The Lallantop

अभी तो बस... शाकिब पर हुआ हत्या का केस तो क्या बोला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड?

शाकिब अल हसन पर हत्या का केस हुआ है. और अब इस मामले में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को लीगल नोटिस भेजा गया है. इस नोटिस के जरिए मांग की गई है कि शाकिब को बांग्लादेश क्रिकेट टीम से बाहर कर दिया जाए.

Advertisement
post-main-image
शाकिब पर लिया जाएगा कड़ा एक्शन? (PTI)

शाकिब अल हसन मुश्किल में फंसते दिख रहे हैं. बांग्लादेश में उनके खिलाफ़ हत्या की FIR दर्ज हुई है. और अब रिपोर्ट्स हैं कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ़ होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर बिठा सकता है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ढाका में हुए प्रदर्शनों के दौरान मोहम्मद रुबेल नाम के व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी. कपड़ों की फ़ैक्ट्री में काम करने वाले रुबेल को दो गोलियां लगीं. और उनके पिता ने अब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, एमपी शाकिब अल हसन समेत कई लोगों के खिलाफ़ FIR की है.

यह भी पढ़ें: हत्यारे हैं शाकिब अल हसन? बांग्लादेशी क्रिकेटर पर दर्ज हुआ हत्या का केस!

Advertisement

जिस दिन ये घटना घटी, शाकिब ग्लोबल T20 कनाडा में खेल रहे थे. इसी साल जनवरी में हुए चुनावों में जीत दर्ज कर शाकिब एमपी बने थे. अभी वह रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ़ पहले टेस्ट में खेल रहे हैं. क्रिकबज़ के मुताबिक, बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट के एक वकील शाजिब महमूद आलम ने BCB को इस मामले में एक लीगल नोटिस भेजा है.

इस नोटिस के जरिए आलम ने मांग की है कि शाकिब को तुरंत बांग्लादेश क्रिकेट टीम से निकाला जाए. BCB के नए प्रेसिडेंट फारुक़ अहमद ने क्रिकबज़ से बताया कि शाकिब के दूसरे टेस्ट में खेलने पर फैसला पहले टेस्ट के खत्म होने के बाद लिया जाएगा. बांग्लादेश चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इस टेस्ट में 94 रन से आगे था. टीम के लिए मुशफ़िक़ुर रहीम ने 191 रन की पारी खेली.

फारुक़ ने रिपोर्टर्स से कहा,

Advertisement

'एक केस दर्ज हुआ है. हमें अभी तक कोई लीगल नोटिस नहीं मिला है. इस मामले में FIR हुआ है. इसके बाद इसमें जांच होगी और फिर केस किसी एक दिशा में जाएगा. कल के बाद, जब गेम खत्म हो जाएगा, हम बैठकर फैसला लेंगे. उस वक्त ही हम लोग लीगल नोटिस के बारे में भी कुछ कह पाएंगे, क्योंकि शायद तब तक हमें वो नोटिस मिल जाए.'

फारुक़ ने ये भी कहा कि दोनों टेस्ट के बीच के ब्रेक से BCB को शाकिब के बारे में फैसला लेने में मदद मिलेगी. वह बोले,

'लीगल नोटिस मिलने के बाद हम सोच पाएंगे कि करना क्या है. मैं चलते टेस्ट से उन्हें बाहर नहीं बिठा सकता. दूसरा टेस्ट 30 अगस्त से होना है, दोनों गेम्स के बीच में अंतर है. इस दौरान हम सोच सकते हैं कि इस मामले में क्या किया जा सकता है.'

बांग्लादेश के लिए क्रिकेट खेल चुके फारुक़ कुछ वक्त के लिए नेशनल टीम के चीफ़ सेलेक्टर भी थे. हाल ही में उन्होंने BCB चीफ़ के रूप में नज़मुल हसन की जगह ली थी. नज़मुल BCB चीफ़ के रूप में अपने चौथे कार्यकाल में थे. देश में मचे बवाल के शुरू होने के बाद ही वह लंदन शिफ़्ट हो गए थे. बांग्लादेश के लिए सात वनडे खेले फ़ारुक़ अहमद इससे पहले दो दफ़ा BCB के चीफ़ सेलेक्टर रह चुके थे. उन्होंने अपना दूसरा टर्म पूरा होने से पहले ही इस्तीफ़ा दे दिया था.

वीडियो: Shikhar Dhawan Lallantop Interview: शिखर धवन ने क्रिकेट से संन्यास लिया, अपनी पसंदीदा पारी भी बताई

Advertisement