The Lallantop

भारत के खि‍लाफ नहीं खेलेगा पाकिस्तान, T20 वर्ल्ड कप को नहीं करेगा बॉयकॉट

पाकिस्तान सरकार ने क्रिकेट टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की अनुमत‍ि दे दी है. लेकिन, उन्होंने भारत के ख‍िलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले में नहीं खेलने का फैसला किया है.

Advertisement
post-main-image
पाकिस्तानी सरकार ने भारत के ख‍िलाफ T20 वर्ल्ड कप के मैच को बॉयकॉट करने का ऐलान किया. (फोटो-PTI)

ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तानी सरकार ने क्रिकेट टीम को मंजूरी दे दी है. हालांकि, इस मंजूरी के साथ सरकार ने एक शर्त रख दी है. सरकारी आदेश के मुताबिक, पाकिस्तानी क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में भाग नहीं लेगी. यानी टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम खेलेगी, लेकिन भारत के ख‍िलाफ मुकाबले को वो बॉयकॉट करेगी.  

Advertisement
सोशल मीडिया पर दी जानकारी

गवर्नमेंट ऑफ पाकिस्तान ने आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट कर ये ऐलान किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा,

इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी देती है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच नहीं खेलेगी.

Advertisement

माना जा रहा है कि यह कदम ICC को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने की रणनीति उठाया गया है. हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ICC पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि ICC BCCI के प्रभाव में काम कर रही है.

इंडिया टुडे को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ICC को अब तक इस मामले में PCB की ओर से कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है. ICC की ओर से किसी भी तरह की कार्रवाई तभी करेगी, जब PCB ऑफ‍िश‍ियली ICC को सूचना देगा.

ये भी पढ़ें : पाकिस्तानी बॉलर के एक्शन पर मचा बवाल, ऑस्ट्रेलियन ऑलराउंडर ने सबके सामने उड़ाया मजाक!

Advertisement
बैठक के बाद किया ऐलान

सरकार की ओर से, ये ऐलान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मोहसिन नकवी के बीच हुई बैठक के बाद किया गया. इससे पहले भी नकवी प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चुके थे. इसके बाद, उन्होंने कहा था कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला 2 फरवरी तक आएगा.

ICC ने पिछले महीने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था. इसके बाद, पाकिस्तान ने टूर्नामेंट को बॉयकॉट करने की धमकी दी थी. लेकिन, ICC से मिली धमकी के बाद उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने का तो फैसला कर लिया पर भारत के ख‍िलाफ मैच को बॉयकॉट कर दिया है.

पाकिस्तानी सरकार के इस फैसले के बाद ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े और हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है. माना जा रहा है कि इस मामले पर अब आईसीसी को आगे का फैसला लेना होगा क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच टूर्नामेंट के शेड्यूल और ग्रुप समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है. फिलहाल इस पूरे मामले पर ICC या BCCI की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
 

वीडियो: पाकिस्तान और बांग्लादेश के कारण भारत की ओलंपिक की मेजबानी खतरे में पड़ जाएगी?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement