आखिरी ओवर में तीन विकेट गिरने के बाद भी कैसे जीता पाकिस्तान?
पाकिस्तान ने 3 मैचों की T20I सीरीज बिना हारे जीत ली.
Advertisement

विनिंग शॉट लगाने के बाद मोहम्मद नवाज और दूसरी तस्वीर में पाकिस्तान टीम ( फोटो क्रेडिट : ICC Twitter)
पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे T20I मैच में पांच विकेट की शानदार जीत हासिल की है. ढाका में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान (Pakistan) ने आखिरी गेंद पर बांग्लादेश को हराया. इसके साथ ही उसने सीरीज में बांग्लादेश का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया. पाकिस्तान की रोमांचक जीत के हीरो हैदर अली रहे. उन्होंने 38 गेंदों में 45 रन की पारी खेली. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया. जबकि मोहम्मद रिज़वान को प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला.
इससे पहले टॉस जीतकर बांग्लादेश ने बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. महज सात रन के स्कोर पर नज़मुल हसन शंतो का विकेट गिरा. उन्हें शहनवाज दहानी ने बोल्ड किया. डेब्यू कर रहे दहानी का ये पहला विकेट भी था. इसके बाद मोहम्मद नईम ने 50 गेंदों में 47 रन बनाए. जबकि शमीम हुसैन ने 22 और अफ़ीफ हुसैन ने 20 रन का योगदान दिया. बांग्लादेश ने निर्धारित 20 ओवर्स में सात विकेट खोकर 124 रन जोड़े. मोहम्मद वसीम जूनियर ने 15 रन खर्च कर दो विकेट झटके. जबकि उस्मान कादिर को भी दो विकेट मिले. हैरिस रऊफ और दहानी ने एक-एक विकेट चटकाया.
वहीं 125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट 32 रन के स्कोर पर गवांया. बाबर आजम 19 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि मोहम्मद रिज़वान ने 40 रन की पारी खेली. ढाका की धीमी पिच पर रन बनाना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं था. बांग्लादेश के गेंदबाज कसी हुई गेंदबाजी कर रहे थे. हालांकि, हैदर अली ने विपक्षी गेंदबाजों को अच्छे से टैकल किया. उन्होंने 38 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 45 रन ठोके. लेकिन मुकाबला आखिरी ओवर में जाकर फंस गया. और मैच में गजब का ड्रामा देखने को मिला.
हुआ ये कि जीत के लिए आखिरी ओवर में पाकिस्तान को आठ रन बनाने थे. गेंद महमूदुल्लाह के हाथ में थी. स्ट्राइक पर सरफराज अहमद. और पहली गेंद पर कोई रन नहीं. महमूदुल्लाह की अगली गेंद पर सरफराज ने स्लॉग स्वीप शॉट खेला. और सीधे नईम को कैच थमा बैठे. चूंकि, शॉट लगाने के बाद हैदर अली और सरफराज अहमद एक दूसरे को क्रॉस कर चुके थे. तो स्ट्राइक हैदर अली को मिला. महमूदुल्लाह ने अगली गेंद पर हैदर अली को भी आउट कर दिया. यानी तीन गेंद पर कोई रन नहीं और विकेट गिर गए दो. पाकिस्तान की हालत खराब. चौथी हैट्रिक गेंद थी. लेकिन तब क्रीज पर मौजूद इफ्तिखार अहमद ने कमाल कर दिया. उन्होंने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का टांग दिया. लेकिन खेल में अभी और ट्विस्ट आना था. क्योंकि पांचवीं गेंद पर महमूदुल्लाह ने इफ्तिखार अहमद को भी आउट कर दिया. इससे मैच का रोमांच और बढ़ गया. साथ ही पाकिस्तान पर दबाव भी. आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी. लेकिन फिर कमाल किया मोहम्मद नवाज़ ने. उन्होंने चौका लगाकर पाकिस्तान को मैच जीता दिया.
Advertisement













