रोहित शर्मा ने तीसरे T20I में इंडिया की जीत का असली हीरो मोहम्मद शामी को बताया है.(फोटो: यूट्यूब स्क्रीनग्रैब/AP)
क्रिकेट फैन्स टीम इंडिया की शानदार जीत पर लहालोट हैं. न्यूज़ीलैंड को सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर मात देकर भारत ने न्यूज़ीलैंड में पहली बार T20I सीरीज़ जीती है. हिटमैन रोहित शर्मा की बैटिंग इस जीत का सबसे बड़ा आकर्षण रही. सुपर ओवर में भारत को जीतने के लिए 18 रन बनाने थे. अंतिम दो गेंदों पर 10 रन. रोहित शर्मा ने उन दो गेंदों को छक्के के लिए बाउंड्री के पार भेजा. और हिटमैन हीरो बन गए. मैन ऑफ़ द मैच का अवॉर्ड भी मिला.
रोहित शर्मा की हिटिंग के बीच जिस खिलाड़ी का कारनामा छिप गया था, वो नाम है मोहम्मद शामी का. सुपर ओवर में गेम ले जाने वाला गेंदबाज. लेकिन इस एफर्ट को रोहित शर्मा नहीं भूले. उन्होंने मोहम्मद शामी की जमकर तारीफ़ की. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा,
मुझे लगता है कि मोहम्मद शामी का अंतिम ओवर निर्णायक था. मेरे दो छक्कों ने नहीं बल्कि शामी के उस ओवर ने हमें जीत दिलाई. शामी के ओवर में हमने नौ रन का स्कोर डिफेंड कर लिया. ओस में ऐसा करना आसान नहीं होता.
विकेट आसान हो चुका था और दोनों सेट बल्लेबाज क्रीज पर थे. एक 95 के स्कोर पर बैटिंग कर रहा था, और दूसरे छोर पर उनका सबसे अनुभवी बैट्समैन खड़ा था. वो ओवर करने के लिए शामी को सलाम, जिसकी वजह से मैच सुपर ओवर में पहुंचा.
रोहित ने मैच के बाद ट्विटर पर भी लिखा,
सच में, क्या गज़ब का मैच था! मोहम्मद शामी ने हमे जीत दिलाई. विलियमसन की कोशिश शानदार थी.
रोहित ने ये भी बताया कि उन्हें सुपर ओवर की कतई उम्मीद नहीं थी. इसलिए सुपर ओवर में बैटिंग पर जाने से पहले एब्डोमैन गार्ड खोजने में पांच मिनट लग गए थे. सुपर ओवर का सारा खेल शामी की गेंदबाजी ने मुमकिन किया. लेकिन उस ओवर का किस्सा जान लेते हैं.
शामी के अंतिम ओवर में क्या हुआ?न्यूज़ीलैंड को अंतिम ओवर में जीतने के लिए नौ रन बनाने थे. कप्तान कोहली ने भरोसा जताया मोहम्मद शामी पर. ओवर की पहली ही गेंद फुलटॉस और रॉस टेलर ने उठाकर छक्का मार दिया. दूसरी गेंद पर सिंगल मिला. अब स्ट्राइक केन विलियमसन के पास थी. विलियमसन 95 के स्कोर पर खेल रहे थे. जीतने के लिए चार गेंदों पर दो रन बनाने थे. पटकी हुई गेंद को विलियमसन अपर कट करने गए. लेकिन नाकाम रहे. किनारा लेकर गेंद KL राहुल के दस्ताने में समा गई.
शामी ने न्यूज़ीलैंड को आखिरी ओवर में नौ रन बनाने के लिए तरसा दिया.नए बैट्समैन के रूप में आए टिम साइफर्ट अगली दो गेंदों को छू भी नहीं पाए. लेकिन पांचवी गेंद जब तक विकेटकीपर के पास पहुंचती, दोनों बल्लेबाज छोर बदल चुके थे. एक गेंद बची थी. न्यूज़ीलैंड को जीतने के लिए एक रन की दरकार थी. और स्ट्राइक पर थे सबसे अनुभवी कीवी बल्लेबाज रॉस टेलर. मैच किसी भी करवट जा सकता था.आखिरी गेंद फेंकने से पहले शामी और कप्तान कोहली में बात हुई. प्लान साफ था. विकेट उड़ाने का. पूरा हैमिल्टन सांस थामे खड़ा था. शामी की रफ्तार तेज हो रही थी और साथ में दर्शकों के दिल की धड़कन. गेंद फुल लेंथ पर थी. टेलर ने काफी तेज बल्ला घुमाया, गेंद ने अदरुनी किनारा लिया और विकेट को चूमती हुई निकल गई. स्टंप की लाल बत्ती जली. मैच टाई हो गया. और फिर आया सुपर ओवर, जिसमें रोहित शर्मा की उस्तादी के किस्सों से सोशल मीडिया अटा पड़ा है.
वीडियो: भारत-न्यूज़ीलैंड के दूसरे T20I में केएल राहुल ने विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में रिकॉर्ड बनाया