9 अप्रैल 2023 की तारीख याद है? क्रिकेट फैन हैं तो याद होगी ही. रिंकू सिंह की वजह से. मैच के आखिर में 5 बॉल में 5 छक्के मारकर KKR को जिताने वाले रिंकू सिंह. IPL के उस मैच को ऐतिहासिक बना दिया था. तब से सोशल मीडिया पर रिंकू छाये रहे. अब एक बार फिर रिंकू सिंह चर्चा में हैं. अपनी बैटिंग से नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर अपने छक्कों की बात कर. रिंकू ने मजाक-मजाक में विज्ञापनों में आने की दिलचस्पी दिखाई है. पूरा मामला बताते हैं.
रिंकू सिंह 'ऐड' का इंतजार कर रहे थे? बोले- लगा था कॉल आएगा और जनता टूट पड़ी!
पहले रिंकू के छक्के, अब इस पोस्ट पर टूटा इंटरनेट...


दरअसल, 17 अप्रैल को क्रेडिट कार्ड पेमेंट ऐप CRED ने ट्विटर पर एक पोस्ट डाला. इसमें एक पोस्टर पर लिखा था- इस साल हमारा एकमात्र एड. ये पोस्टर CRED ने अपनी UPI सर्विस के लिए पोस्ट किया था. पोस्टर को ट्वीट करते हुए CRED ने लोगों से पूछा- कोई सेलिब्रिटी?
इसी पर रिंकू सिंह ने ट्वीट कर दिया और अपने मन की बात कह दी. रिंकू ने लिखा,
"मुझे लगा था उस दिन के छक्कों को देखकर कॉल करने वाले (हैं) ये लोग... मजाक कर रहा हूं."
रिंकू सिंह के इस ट्वीट पर कई लोगों ने जवाब दिया है. अभिनव सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा,
"भाई बहुत सारे एड आएंगे. टीम इंडिया का कॉल भी आएगा अगली सीरीज में."
फिल्म क्रिटिक आरजे आलोक ने ट्वीट किया,
"रिंकू आपको कई सारे लोग कॉल करने वाले हैं. आप inCREDible हो."
सूरज कदम नाम के एक यूजर ने लिखा,
"भाई तुम अगले मैच में ड्रीम 11 पर टीम बना लेना और खुद को कैप्टन कर देना. एक करोड़ आ जाएंगे."
एक मिस्टर मोगैंबो नाम के यूजर ने लिखा,
"रॉकेट के जैसे छक्के मारने के बाद तो एलन मस्क का कॉल आएगा..."
जाते-जाते उस मैच की भी याद दिला देते हैं, जिससे रिंकू इतनी चर्चा में आए. गुजरात टाइटन्स ने KKR को 205 रनों का लक्ष्य दिया था. KKR के दो विकेट 28 रन पर गिर गए थे. लेकिन इस बड़े टारगेट के लिए वेंकटेश अय्यर और नीतीश राणा ने पारी संभाली. लेकिन 17वें ओवर में राशिद खान ने हैट्रिक विकेट लेकर KKR को झटका दे दिया. अब टारगेट मुश्किल लग रहा था. लेकिन पिच की दूसरी छोर पर रिंकू सिंह खड़े थे. आखिरी ओवर में कोलकाता को जीतने के लिए 29 रन चाहिए थे. स्ट्राइक पर उमेश यादव थे. शायद ही किसी ने सोचा होगा कि KKR ये मैच जीत पाएगा. लेकिन पहली बॉल पर ही उमेश यादव ने सिंगल लिया और स्ट्राइक पर रिंकू सिंह पहुंच गए. फिर बचे पांच बॉल में 28 रन. रिंकू ने हर बॉल पर छक्के जड़ दिये. हिसाब लगा लीजिए.
वीडियो: रिंकू सिंह से पहले इन 3 खिलाड़ियों ने एक ओवर में 5 छक्के जड़े थे, लिस्ट में एक CSK के स्टार भी हैं!



















