पेट कमिंस. फोटो: PTI File Photo
ऑस्ट्रेलियन फास्ट बोलर और KKR के खिलाड़ी पैट कमिंस ने भारत की कोविड-19 लड़ाई में 50,000 डॉलर की रकम डोनेट की है. कमिंस ने भारतीय अस्पतालों के लिए ऑक्सीजन खरीदने के लिए पीएम केयर्स फंड में ये रकम डोनेट की है. इस खास पहल के साथ उन्होंने बाकी साथी खिलाड़ियों से भी ऐसी ही मदद की मांग की है. पैट कमिंस ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी. पैट कमिंस को साल 2020 में 15.5 करोड़ रुपये में KKR की टीम ने खरीदा था. वो पिछले दो सालों से केकेआर टीम का हिस्सा हैं. इस सीज़न भी KKR की टीम ने उन्हें खेले सभी छह मैचों में खिलाया है. सोशल मीडिया पर कमिंस ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि वो देश के हालात देखकर काफी निराश हैं. उन्होंने लिखा,
''भारत एक ऐसा देश है जिसे मैं पिछले कई सालों से बहुत ज़्यादा प्यार करता हूं. यहां पर रहने वाले लोग दुनिया के सबसे नर्म और दयालु लोगों में से एक हैं. अब उनमें से कई लोग मुश्किल में हैं इसलिए मैं परेशान हूं.''
कमिंस ने आगे कहा,
''इस चीज़ को लेकर भी काफी चर्चा है कि भारत में कोविड-19 इंफेक्शन रेट इतना ज़्यादा है. ऐसे में क्या आईपीएल को जारी रखना सही है. मुझे लगता है भारत सरकार आईपीएल जारी रखने का समर्थन करती है और मानती है इस मुश्किल समय में यह ‘कुछ घंटे का आनंद’मुहैया कराता है.''
उन्होंने आगे कहा कि
''बतौर खिलाड़ी, हमारे पास एक प्लेटफॉर्म है कि इस अच्छे काम के लिए लाखों लोगों तक पहुंच सकते हैं. इसी चीज़ को ध्यान में रखते हुए मैंने पीएम केयर्स फंड में ऑक्सीजन खरीदने के लिए डोनेट किया है.''
उन्होंने आगे कहा,
''मैं अपने साथी खिलाड़ियों को और दुनियाभर में कहीं भी मौजूद उन लोगों को भी डोनेट करने के लिए कहना चाहूंगा जो भारत के जुनून और सज्जन व्यवहार से प्रभावित हैं.''
कमिंस ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ हैं और आईपीएल में सालों से खेल रहे हैं. हालांकि कमिंस के अलावा कुछ ऐसे आईपीएल खिलाड़ी भी हैं. जो भारत में कोविड के बढ़ते स्ट्रेन की वजह से वापस अपने वतन लौट गए हैं. इन खिलाड़ियों में लियाम लिविंगस्टोन, एंड्रयू टाय, एडम जम्पा और केन रिचडर्सन शामिल हैं. इन विदेशी खिलाड़ियों के अलावा भारतीय स्पिनर रविचन्द्रन अश्विन ने भी कोविड कारणों की वजह से बीच आईपीएल ब्रेक लिया है.