इरफान. फोटो Irrfan FB
दिग्गज कलाकार इरफ़ान नहीं रहे. लगभग दो साल तक लंबी बीमारी से जूझने के बाद 53 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. इरफ़ान को कैंसर था, जिसके बारे में उन्हें 2018 में पता चला. इरफान के जाने के बाद उन्हें एक बेहतरीन अदाकार, एक्टर के रूप में याद किया जा रहा है. लेकिन क्या आप ये बात जानते हैं कि इरफान सिर्फ कमाल के एक्टर ही नहीं, बल्कि स्पोर्ट्समैन भी थे. इरफान को एक्टिंग से भी पहले क्रिकेट से बहुत गहरा लगाव था. इरफान ने साल 2017 में 'सन ऑफ अबिश' नाम के शो में दिए एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था. इरफान ने उस शो में बताया था-
''हां मैं क्रिकेट में काफी अच्छा था. मैं एक ऑल-राउंडर था. मुझे बैटिंग ज्यादा पसंद थी, लेकिन मेरे कैप्टन को मेरी बॉलिंग ज्यादा पसंद थी. वो मुझसे कहते थे, अच्छी वाली डाल और फिर मैं बॉलिंग करता था, तो विकेट मिल जाते थे.''
इसके बाद उनसे जब ये सवाल पूछा गया कि उन्होंने क्रिकेट में अपना करियर क्यों नहीं बनाया. तो उन्होंने बताया,
''मैं सी.के. नायडू टूर्नामेंट में सलेक्ट भी हुआ था. लेकिन मेरे घर का मौहाल ऐसा था कि खेलने के लिए आपको छुपकर जाना पड़ता था. बहाने बनाने पड़ते थे. उस तरह का माहौल नहीं था. हालांकि उस तरह का टैलेंट भी नहीं था कि खेल में कोई करियर बना सकता. जब मेरा सलेक्शन हुआ, तो टीम को जयपुर से शायद अजेमर जाना था. तो मुझे कुछ 250 रुपये की ज़रूरत थी. मैं वो पैसे अरेंज नहीं कर पाया. इस वजह से मैं नहीं जा पाया.''
इरफान खान बचपन से जयपुर की गलियों में क्रिकेट खेला करते थे. लेकिन कभी भी उन्होंने क्रिकेट को अपने करियर की तरह नहीं देखा. शायद ये इसलिए भी हुआ, क्योंकि उन्होंने कला के क्षेत्र का एक नायाब हीरा बनना था.
क्या हुआ था इरफान को? 2018 में इरफ़ान को न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर डायग्नोज़ हुआ था. एक साल तक लंदन में इलाज कराने के बाद वो फरवरी, 2019 में इंडिया लौटे थे. लौटते ही वो अपनी फिल्म ‘अंग्रेज़ी मीडियम’ की शूटिंग में लग गए. हालांकि फिल्म जब रिलीज़ होने को आई, तो इरफान ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वो इस फिल्म के प्रमोशन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, क्योंकि वो पूरी तरह से रोगमुक्त नहीं हुए हैं.
इरफान खान मार्क रफैलो को खुद को इंट्रोड्यूस करना चाहते थे मगर उन्होंने हैल्लो बोलकर गेम बदल दी