The Lallantop

हार की हैट्रिक लगा चुकी LSG राजस्थान के चैलेंज के लिए कितना तैयार है?

IPL 2026 में लखनऊ की टीम अपने होम ग्राउंड पर जीतने के लिए तरस रही है. ऋषभ पंत की टीम ने लखनऊ में अब तक 2 मैच खेले, और दोनों में उसे हार मिली है.

Advertisement
post-main-image
IPL 2026 में LSG को अपने होम ग्राउंड पर पहली जीत का इंतजार है. (फोटो- PTI)

IPL 2026 में 22 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) अपने होम ग्राउंड पर राजस्थान रॉयल्स (RR) को टक्कर देगी. हार की हैट्रिक लगा चुकी लखनऊ की टीम राजस्थान के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी. LSG पिछले तीन मैचों में गुजरात टाइटंस (GT), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और पंजाब किंग्स (PBKS) से हारी है. ऋषभ पंत की टीम पर अब टर्नअराउंड करने का प्रेशर है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

LSG के लिए चैलेंजिंग सीजन

LSG के लिए IPL 2026 का सीजन काफी चैलेंजिंग रहा है. सीजन का पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हारने के बाद टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैच में जीत हासिल की थी. लेकिन, लखनऊ की टीम जीत की लय बरकरार नहीं रख पाई. इसके बाद उसे GT, RCB और PBKS के खिलाफ हार मिली. लगातार 3 मैच हारने के बाद, LSG प्रेशर में है. ऐसे में वह राजस्थान रॉयल्स को कितनी टक्कर देगी, यह देखने वाली बात होगी.

राजस्थान की लय बिगड़ी

RR ने IPL 2026 में जोरदार शुरुआत करते हुए जीत का ‘चौका’ लगाया था. टीम ने CSK, GT, MI और RCB को शिकस्त दी. लेकिन, पिछले 2 मैचों में लगातार मिली हार के बाद RR की जीत की लय बिगड़ गई. राजस्थान को सनराइजर्स और KKR के खिलाफ हार मिली. लखनऊ के खिलाफ होने वाले मुकाबले में रियान पराग की टीम जीत की राह पर लौटना चाहेगी.

Advertisement
LSG को होम ग्राउंड पर जीत का इंतजार

IPL 2026 में लखनऊ की टीम अपने होम ग्राउंड पर जीतने के लिए तरस रही है. ऋषभ पंत की टीम ने लखनऊ में अब तक 2 मैच खेले, और दोनों में उसे हार मिली है. 1 अप्रैल को हुए मुकाबले में उसे दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से हराया. वहीं, 12 अप्रैल को गुजरात टाइटंस ने LSG को 7 विकेट से शिकस्त दी.

ये भी पढ़ें: आयुष म्हात्रे IPL से बाहर, CSK क्या इस झटके को झेल पाएगी?

कौन कितना खतरनाक?

लखनऊ को RR के खिलाफ मैच में कड़ी टक्कर मिल सकती है. राजस्थान के यंग बैटर वैभव सूर्यवंशी उसके लिए बड़ा खतरा होंगे. मौजूदा सीजन में वैभव ने बैटिंग से तहलका मचा रखा है. उन्होंने IPL 2026 में 6 पारियों में 237 के स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए हैं. उनका हाईस्ट स्कोर 78 रन है. सूर्यवंशी अब तक दो फिफ्टी लगा चुके हैं.

Advertisement

यशस्वी जायसवाल भी लखनऊ के लिए चुनौती हैं. वह भी इस सीजन बेहतरीन टच में दिखे हैं. यशस्वी ने IPL 2026 में 6 इनिंग्स में 223 रन बनाए हैं. उनका बेस्ट स्कोर 77 रन नॉट आउट है. यशस्वी भी दो हाफ सेंचुरी लगा चुके हैं.

राजस्थान रॉयल्स के बॉलर्स की बात करें, तो रवि बिश्नोई और जोफ्रा आर्चर शानदार फॉर्म में हैं. रवि बिश्नोई IPL 2026 में अब तक 10 विकेट ले चुके हैं. जबकि, जोफ्रा ने 8 विकेट चटकाए हैं. रवि बिश्नोई के पास लखनऊ में खेलने का काफी एक्सपीरिएंस हैं. राजस्थान रॉयल्स ज्वाइन करने से पहले वह LSG का ही हिस्सा थे.

LSG की बैटिंग सिरदर्द

वहीं, IPL 2026 में LSG की बैटिंग चिंताजनक रही है. टीम की बैटिंग अब तक क्लिक नहीं की है. लखनऊ के लिए सबसे ज्यादा रन एडेन मारक्रम ने बनाए हैं. उन्होंने 6 इनिंग्स में 162 रन स्कोर किए हैं. उनके अलावा, मिचेल मार्श ने 6 पारियों में 155 रन, मुकल चौधरी ने 6 इनिंग्स में 148 और कप्तान ऋषभ पंत ने इतनी ही पारियों में 147 रन बनाए हैं.

बॉलिंग में LSG के लिए प्रिंस यादव पिक ऑफ दी बॉलर्स रहे हैं. उन्होंने IPL 2026 में 11 विकेट लिए हैं. वह पर्पल कैप की रेस में बने हुए हैं. प्रिंस यादव के बाद, लखनऊ से सफल गेंदबाज मोहम्मद शमी और आवेश खान हैं. इन दोनों बॉलर्स के नाम 5-5 विकेट हैं.

LSG vs RR हेड टू हेड

IPL में LSG और RR के ओवरऑल आंकड़े देखें, तो लखनऊ के खिलाफ राजस्थान का रिकॉर्ड बेहतर है. दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मैच हुए हैं जिनमें RR ने 4 और LSG ने 2 मुकाबले जीते हैं. इसके अलाव, लखनऊ के होम ग्राउंड पर भी राजस्थान को बढ़त हासिल है. इकाना स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच अब तक एक मैच हुआ है. 27 अप्रैल 2024 को खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने लखनऊ को 7 विकेट से हराया था. 

वीडियो: India vs New Zealand: संजू सैमसन के फाइनल में भी खेली शानदार पारी

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement