महेंद्र सिंह धोनी. IPL2024 में इनकी बैटिंग पोजिशन पर खूब चर्चा हो रही है. शुक्रवार, 10 मई को CSK वाले गुजरात से हार गए. इस हार का कारण बना उनके टॉप ऑर्डर का बुरा प्रदर्शन. 232 की चेज़ में चेन्नई के पहले तीन बल्लेबाज मिलकर दो रन ही बना पाए. अजिंक्य रहाणे और रचिन रविंद्र ने एक-एक रन का योगदान दिया. जबकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ शून्य पर आउट हुए.
धोनी ने मजे तो दिए ना, जीत या हार से फ़र्क... धोनी की बैटिंग पर सहवाग क्या बोल गए!
MS Dhoni. चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान. धोनी इस सीजन कमाल की बैटिंग कर रहे हैं. वह लगातार बोलर्स को कूट रहे हैं. लेकिन धोनी हर मैच में बहुत नीचे बैटिंग कर रहे हैं. और इस पर खूब चर्चा है.

डैरिल मिचल और मोईन अली ने पचासे जड़े, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई. गुजरात की जीत पक्की होने के बाद नंबर आठ पर आए, महेंद्र सिंह धोनी ने 11 गेंदों पर 26 रन जोड़े. इस पारी में एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे. मैच के बाद पूर्व क्रिकेटर्स मनोज तिवारी और विरेंदर सहवाग ने क्रिकबज़ पर धोनी की बैटिंग पर चर्चा की. तिवारी का कहना था कि धोनी को पहले बैटिंग के लिए आना चाहिए था. लेकिन सहवाग की राय एकदम अलग थी.
तिवारी बोले,
'देखिए ना, एक, एक, शून्य. जब हम लोग खेलते थे, तो एनालिस्ट बताते थे कि पावरप्ले के अंदर तीन विकेट गिरने के बाद अधिकतर समय टीम नहीं जीत पाती थी. आज भी यही रहा. मुझे ऐसा भी लगता है कि धोनी का आठ नंबर पर आना भी चेन्नई के हारने का एक कारण रहा.
क्योंकि अगर आप स्ट्राइक रेट देखेंगे, तो ये 236 का है. हालांकि उन्होंने ये अंत में किया, लेकिन ये स्ट्राइक रेट सारे बल्लेबाजों से बेहतर है. और ये अच्छी लय में भी चल रहे हैं. तो जब मौका था, आप 236 वाला स्ट्राइक रेट ऊपर आकर दिखा सकते थे.'
यह भी पढ़ें: सेंचुरी मार चीखे गिल तो सहवाग बोले- सबको पता है कि…
तिवारी से जब पूछा गया कि दुबे, जडेजा, अली और मिचल सारे फ़ॉर्म में थे. तो धोनी पहले कैसे आते. इसके जवाब में वह बोले,
'इन सबसे पहले फ़ॉर्म में कौन था? इतने सारे मैच में, धोनी ही थे. इन लोगों का ओवरऑल स्ट्राइक रेट निकाल लो, धोनी सबसे बेहतर होंगे.'
इस बातचीत के बीच में होस्ट ने सहवाग से कहा,
‘आज तो ठीक ही आए थे धोनी.’
जवाब में वह बोले,
'आठ नंबर ठीक है? अब ये डिबेट ही खत्म कर देनी चाहिए कि धोनी कहां आएंगे. क्योंकि जो उनकी समस्या है, वो वही जानते हैं. हम लोग बार-बार उन पर बहस करते हैं कि उन्हें कहां आना चाहिए. वो उनकी टीम है, जहां मर्ज़ी आएं, जहां मर्ज़ी खेलें.
लेकिन ये बात है कि अगर मैच जीतना है, तो वह जिस फ़ॉर्म में हैं, जैसी स्ट्राइक रेट से खेलते हैं, टीममेट्स को भी वैसा ही करना चाहिए, तभी तो जीतेंगे. मैं तो उस डिबेट में बिल्कुल नहीं पड़ना चाहता कि धोनी कहां बैटिंग करने आएं. जहां आएं, ठीक आए. ठीक खेले. खेलकर चले गए, पब्लिक को एंटरनेट किया. क्या फ़र्क पड़ रहा है कि जीते या हारे. एंटरटेनमेंट दी ना उन्होंने पब्लिक को, आगे बढ़ो.'
पहले बैटिंग करते हुए गुजरात ने बीस ओवर्स में 231 रन बनाए थे. टीम के लिए कप्तान शुभमन गिल और साइ सुदर्शन, दोनों ने सेंचुरी मारी. जवाब में CSK वाले 196 रन ही बना पाए. टीम के लिए मोईन अली और डैरिल मिचल ने पचासे जड़े.
वीडियो: अहमदाबाद में गिल-सुदर्शन ने CSK को बहुत बुरा धो दिया, बना डाले कई सारे रिकॉर्ड्स











