हार्दिक पंड्या के लिए मुंबई की कप्तानी की शुरुआत ठीक नहीं हुई है. मोटेरा स्टेडियम में वह मुंबई की जर्सी में पहली बार टॉस के लिए गए. और वहां फ़ैन्स ने उनका बहुत अच्छा स्वागत नहीं किया. ऐसा X पर बैठे लोगों को लगा. X पर तुरंत ही लोग कहने लगे कि अहमदाबाद की जनता ने हार्दिक को ट्रोल किया. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी. लेकिन, एक दूसरी वजह के लिए जरूर हार्दिक लोगों के निशाने पर आ गए.
जन्मस्थान लौटे हार्दिक पंड्या हुए जमकर ट्रोल, वजह बुमराह क्यों बने?
Hardik Pandya गुजरात लौटे हैं. Mumbai Indians के कप्तान बनकर. और आते ही लोगों ने उन्हें ट्रोल कर दिया. हालांकि इस ट्रोलिंग के सबसे बड़े जिम्मेदार खुद हार्दिक ही रहे. उन्होंने Jasprit Bumrah को चौथे ओवर में नई गेंद दी.

दरअसल हार्दिक ने मैच में टॉस जीतकर पहले बोलिंग का फैसला किया. इस मौके पर वह बोले,
'विकेट अच्छा दिख रहा है. शायद बाद में ओस आए. यहां वापस आना अच्छा लग रहा है. जाहिर तौर पर गुजरात मेरा जन्मस्थान है और मुझे गुजरात में बहुत सफलता मिली. इस राज्य का शुक्रगुजार हूं. लेकिन क्रिकेट में मेरी ग्रोथ मुंबई में हुई है.'
ख़ैर इस बातचीत के बाद मैच शुरू हुआ. गुजरात के लिए शुभमन गिल के साथ ऋद्धिमान साहा ओपन करने आए. और मुंबई की ओर से गेंद संभाली हार्दिक पंड्या ने. लोग चौंके. लेकिन गुजराती बैटर नहीं. साहा ने उनकी पहली ही गेंद पर चौका जड़ा. और फिर गिल ने अपने पूर्व कप्तान को लगातार दो चौके जड़े. पहले ही ओवर में 11 रन आए. लोगों को लगा अब बुमराह आएंगे. लेकिन अगला ओवर भी उन्हें नहीं मिला.
यह भी पढ़ें: संजू कुछ भी कर लें, BCCI वाले... सैमसन की बैटिंग ने सोशल मीडिया पर कराया बवाल
दूसरा ओवर ल्यूक वुड ने फेंका, इसमें छह रन आए. तीसरा ओवर लेकर हार्दिक फिर लौटे. पहली दोनों गेंदों पर साहा ने दो चौके जड़े. इस ओवर में मिले नौ रन. यानी मुंबई के लिए बोलिंग शुरू करने वाले हार्दिक के पहले दो ओवर्स में 20 रन बने. फिर जाकर गेंद मिली बुमराह को. और उन्होंने आते ही दिखा दिया, कि लोग उन्हें क्यों खोज रहे थे. बुमराह ने अपने ओवर की आखिरी गेंद पर कमाल की यॉर्कर मारी. साहा बोल्ड हो गए.
लेकिन इससे पहले X पर बुमराह के बारे में खूब चर्चा हुई. पूर्व क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने लिखा,
‘बुमराह कहां हैं?’
एक यूजर ने केविन पीटरसन के हवाले से लिखा,
‘केविन पीटरसन कह रहे हैं- जसप्रीत बुमराह बोलिंग की शुरुआत क्यों नहीं कर रहे हैं. ये मेरी समझ से बाहर है.’
एक और यूजर ने लिखा,
‘इन्होंने बुमराह को दूसरा ओवर भी नहीं दिया. यूनीक अल्ट्रा प्रो मैक्स होना ठीक ही है.’
एक और फ़ैन ने लिखा,
‘बुमराह के होते हुए हार्दिक द्वारा बोलिंग की शुरुआत करने में कोई सेंस नहीं है.’
इन सबके बीच एक व्यक्ति ने हार्दिक का बचाव भी किया. लेकिन अंत तक आते-आते उन्होंने भी थोड़ी कमी बता दी. इन्होंने लिखा,
‘हार्दिक द्वारा पहला ओवर फेंकना ठीक था. लेकिन बुमराह के रहते हुए हार्दिक द्वारा तीसरा ओवर फेंकना ठीक नहीं था.’
बता दें कि इतनी चर्चाओं के बावजूद दसवें ओवर तक बुमराह दोबारा बोलिंग करते नहीं दिखे थे. गुजरात ने 10 ओवर्स में दो विकेट खोकर 82 रन बना लिए थे.
वीडियो: जयपुर में संजू सैमसन की आंधी से पहले ही क्यों रोकना पड़ा मैच?












