इन चार खिलाड़ियों के नाम बताने की डेडलाइन 30 नवंबर रखी गई है. इसके बाद एक दिसंबर से लेकर 25 दिसंबर तक लखनऊ और अहमदाबाद फ्रेंचाइजी मेगा ऑक्शन से पहले तीन खिलाड़ियों को साइन कर सकती हैं. बाद में जब मेगा ऑक्शन होगा. तो उसमें बाकी खिलाड़ियों की खरीददारी की जाएगी. चूंकि, 30 नवंबर तक सभी फ्रेंचाइजियों को रिटेन किये गए खिलाड़ियों की लिस्ट देनी है. ऐसे में खिलाड़ियों को लेकर कयास तेज़ हो गए हैं. बातें ये हो रही हैं कि कुछ बड़े नामों को टीम रिलीज़ कर सकती है. और भविष्य को देखते हुए उनकी जगह युवा चेहरों को रिटेन किया जा सकता है.
गौरतलब है कि IPL 2021 में कई ऐसे युवा खिलाड़ी थे. जिन्होंने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया. और फैन्स का दिल भी जीता. उनमें से कुछ अनकैप्ड खिलाड़ी भी थे. अनकैप्ड का मतलब होता है वो खिलाड़ी जिसने अब तक इंटरनेशनल डेब्यू न किया हो. तो इसी सिलसिले में हम आपको इस आर्टिकल के जरिये बताते हैं उन पांच अनकैप्ड प्लेयर्स के बारे में. जिन्हें टीमें अपने साथ जोड़े रखेंगी.
#Avesh Khan
आवेश खान. मध्य प्रदेश का तेज गेंदबाज. IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं. 2016 अंडर-19 विश्वकप टीम का हिस्सा थे. अगले ही साल आवेश खान ने RCB के लिए डेब्यू किया. और बाद में दिल्ली का हिस्सा बने. 25 साल के आवेश खान के लिए IPL 2021 यादगार रहा. 16 मुकाबलों में कुल 24 विकेट झटके. इकॉनमी रेट सात का और बॉलिंग एवरेज 19 का. दिल्ली की ओर से आवेश खान लीडिंग विकेट टेकर भी रहे. ऐसे में आवेश खान को लेकर रिपोर्ट्स ये आ रही हैं कि दिल्ली फ्रेंचाइजी उन्हें छोड़ने की गलती भूलकर भी नहीं कर सकती. और भविष्य को देखते हुए ये सही फैसला भी है.

आवेश खान. फोटो: AP
#Shahrukh Khan
पंजाब किंग्स में शाहरुख खान का रिटेन किया जाना लगभग तय है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं हुई है. शाहरुख खान फिनिशर की भूमिका निभाते हैं. और बड़े हिट्स के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ अपनी टीम तमिलनाडु को आखिरी गेंद पर छक्के के साथ शानदार जीत दिलाई थी.
महज 15 गेंदों में 33 रन ठोके जिसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल थे. दिलचस्प बात ये है कि शाहरुख के बल्ले से एक छक्का तब आया, जब टीम को आखिरी गेंद पर पांच रन की दरकार थी. बता दें कि शाहरुख ने पंजाब किंग्स के लिए अब तक 11 मैचों में 134 के स्ट्राइक रेट से 153 रन बनाए हैं. शाहरुख जैसे खिलाड़ी छोड़ना पंजाब की नासमझी होगी.

शाहरुख खान. फोटो: AP
#Ravi Bishnoi
रवि बिश्नोई कमाल के लेग स्पिनर हैं. 2019 U-19 विश्वकप खेल चुके हैं. और टूर्नामेंट में वह लीडिंग विकेट टेकर रहे थे. सिर्फ छह मैचों में उन्होंने 17 विकेट झटके थे. अगले ही साल यानि कि 2020 में उन्हें पंजाब किंग्स ने नीलामी में साइन किया. 14 मैचों में 12 विकेट अपने नाम किये. इसके बाद 2021 के IPL सीजन में इस स्पिनर ने सिर्फ नौ मैचों में 12 विकेट चटकाए.
रवि बिश्नोई पंजाब किंग्स की स्पिन अटैक को लीड करते हैं. और आने वाले समय में टीम इंडिया के लिए भी खेलते दिख सकते हैं. पंजाब किंग्स ज़रूर अपने इस युवा खिलाड़ी को रिटेन करना चाहेगी. और अगर फ्रेंचाइजी ऐसा नहीं करती है. तो फिर नीलामी में रवि बिश्नोई पर कई फ्रेंचाइजी बढ़-चढ़कर बोलियां लगाएंगी.
#Yashasvi Jaiswal
रिपोर्ट्स की मानें तो राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी संजू सैमसन, जोस बटलर और बेन स्टोक्स के अलावा यशस्वी जायसवाल को रिटेन कर सकती है. भविष्य को देखते हुए यशस्वी जायसवाल रॉयल्स के लिए बढ़िया विकल्प साबित हो सकते हैं. IPL 2021 में इस खिलाड़ी ने अच्छी बल्लेबाजी की. 10 मुकाबले खेले. 148 के स्ट्राइक रेट से 249 रन ठोके. यशस्वी ने एक ही पचासा लगाया था. जो चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आया था. वो भी सिर्फ 21 गेंदों में ही. यशस्वी प्रोमिसिंग हैं और रॉयल्स उनपर दांव लगा सकती है.

यशस्वी जायसवाल. फोटो: AP
#Arshdeep Singh
शाहरुख खान, रवि बिश्नोई के बाद अर्शदीप सिंह तीसरे पंजाब किंग्स के खिलाड़ी होंगे. जिन्हें फ्रेंचाइजी रिटेन करना चाहेगी. साढ़े छह फीट का युवा गेंदबाज़. U-19 विश्वकप खेल चुके हैं. जिसके बाद पंजाब ने उन्हें अपनी टीम में खरीदा था. 2019 में सिर्फ तीन मैच खेले और तीन विकेट हासिल किये. फिर 2020 के IPL सीजन में अर्शदीप ने आठ मुकाबले खेले और नौ विकेट चटकाए. लेकिन 2021 का IPL सीज़न इस खिलाड़ी के लिए सबसे यादगार रहा.
12 मैचों में 18 विकेट झटके. इस दौरान उनकी गेंदबाजी औसत 19 की रही. अर्शदीप ने एक मैच में 32 रन देकर पांच विकेट भी झटके. अर्शदीप की गेंदबाजी में गति नहीं है. और इसी को उन्होंने अपना हथियार बनाया है. स्लोअर्स, कटर्स के अलावा अच्छी यॉर्कर गेंद भी डालते हैं. डेथ ओवर्स में अर्शदीप ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है. ऐसे में उम्मीद यही कि जा सकती है कि प्रदर्शन के आधार पर पंजाब टीम अर्शदीप पर भरोसा करेगी और उन्हें टीम में बनाए रखेगी.
ये वो युवा खिलाड़ी हैं जिन्होंने IPL 2021 और पिछले कुछ सालों में अपनी पहचान बनाई है. ऐसे में इन खिलाड़ियों पर टीमों का भरोसा होना चाहिए. क्योंकि IPL की सबसे कामयाब टीमें वहीं कहलाती हैं जो सिर्फ एक सीज़न नहीं बल्कि आने वाले भविष्य को ध्यान रखकर टीमें बनाती हैं.













