The Lallantop

कौन है ये बॉलर जिसने IPL में सबसे तेज़ हैट-ट्रिक ले ली है?

IPL के अपने सातवें ओवर में ही हैट-ट्रिक ले ली.

Advertisement
post-main-image
सैम करन
आईपीएल का 13वां मैच. डेल्ही कैपिटल्स मैच जीतती नज़र आ रही थी लेकिन सैम करन ने हैट-ट्रिक लेकर किंग्स इलेवन पंजाब को मैच जिता दिया. 16 ओवर के बाद 167 रन का पीछा करते हुए डेल्ही ने 3 विकेट के नुकसान पर 137 रन बना लिए थे. इसके बाद आया पतझड़ का मौसम. 18वें ओवर में सैम ने दो विकेट लिए. चौथी गेंद पर कोलिन इनग्राम को आउट किया और ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षल पटेल को आउट किया. 19वें ओवर की पहली गेंद पर कसीगो रबाडा और दूसरी गेंद पर नेपाल के संदीप लामिछाने को बोल्ड करके डेल्ही को ऑलआउट कर दिया. इसके साथ ही आईपीएल 2019 में हैट-ट्रिक लेने वाले पहले बॉलर बन गए. वीडियो देखिए. इस मैच में सैम ने 14 गेंदें डाली. 11 रन दिए और 4 विकेट लिए. इस मैच में सैम ओपनिंग करने भी आए थे और 10 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए. मैच के बाद सैम बता रहे थे कि क्लब क्रिकेट के बाद शायद पहली बार उन्होंने ओपनिंग की है. इस शानदार परफॉरमेंस के लिए सैम को ' प्लेयर ऑफ द मैच' का ख़िताब भी मिला. सैम ने 2019 में आईपीएल में डेब्यू किया है. सैम को इस साल पंजाब ने 7.20 करोड़ रुपए में खरीदा था. सैम को खरीदने के लिए बेंगलोर ने भी जोर लगाया था लेकिन बाजी मारी पंजाब ने. इस हैट-ट्रिक के साथ सैम ने कई रिकार्ड्स बनाए, जैसे- #1 20 साल और 302 दिन की उम्र में हैट-ट्रिक लेकर सैम आईपीएल में ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड मुंबई के रोहित शर्मा के नाम था जिन्होंने साल 2009 में 22 साल की उम्र में हैट-ट्रिक ली थी. #2 सैम इंग्लैंड के पहले बॉलर बन गए हैं जिनके नाम आईपीएल में हैट-ट्रिक हुई है. विदेशी खिलाड़ियों में मखाया नतिनी, सुनील नारायण और शेन वॉटसन के बाद हैट-ट्रिक लेने वाले चौथे बॉलर बन गए हैं. आईपीएल की यह 15वीं हैट-ट्रिक है. मैच जीतने के बाद प्रीति जिंटा के साथ भांगड़ा करते हुए सैम. कौन हैं सैम करन सैम इंग्लैंड से हैं. ऑलराउंडर हैं. सैम ने 17 साल की उम्र में काउंटी क्रिकेट टीम सरे के लिए पहला मैच खेला था और उस पारी में 101 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे. काउंटी चैंपियनशप में एक इनिंग्स में 5 विकेट लेने वाले वो सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे. इसके बाद जून 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में अपना डेब्यू किया. अपने दूसरे टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ दोनों पारियों में कुल 87 रन बनाए और 5 विकेट भी लिए. इस परफॉरमेंस के लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' का खिताब भी मिला था. इस मैच में सैम की परफॉरमेंस को देखते हुए कोहली ने उनकी तारीफ की थी. इस सीरीज़ में सैम ने 4 मैच खेले. 272 रन बनाए और 11 विकेट लिए. वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं हाल ही में टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए सैम ने बताया, "2008 में जब आईपीएल की शुरुआत हुई थी उस वक्त मैं 8 साल था और पापा के साथ घर के पीछे क्रिकेट खेलता था. उस वक्त मैं क्रिकेट सीख रहा था और टीवी पर स्टार्स को बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग करते हुए देख रहा था."  वर्ल्ड कप को लेकर सैम बताते हैं- वर्ल्ड कप में खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है. मैं भी खेलना चाहता हूं. फिलहाल, आईपीएल पर फोकस है और अपना बेहतरीन खेल दिखाना चाहता हूं. ऑलराउंडर सैम से जब एक इंटरव्यू में पूछा गया कि उनका सबसे घातक हथियार क्या है- बॉलिंग या बैटिंग. तो वह कन्फ्यूज थे क्योंकि वो दोनों में माहिर हैं. दादा-पापा भी क्रिकेट खेलते थे सैम के दादा केविन पैट्रिक फर्स्ट क्लास मैच खेले थे. इनके पापा केविन मार्शल ने जिम्बाब्वे के लिए क्रिकेट खेला. सैम तीन भाई हैं- टॉम, बेन और सैम. तीनों भाई क्रिकेट खेलते हैं. टॉम इंग्लैंड की ओर से खेलते हैं. आईपीएल 2018 में टॉम ने कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर खेला था. बेन क्लब क्रिकेट खेलते हैं. 7 साल की उम्र में देश छोड़ना पड़ा था जिम्बाब्वे के लिए 11 वनडे मैच और 324 डॉमेस्टिक मैच खेलने वाले केविन को अपना घर (जिम्बाब्वे), जमीन और देश इसलिए छोड़ना पड़ा क्योंकि वहां भूमि सुधार आंदोलन चल रहा था. सरकार ने सभी श्वेत लोगों को जमीनें खाली करने का फरमान सुना दिया और केविन को अपने बेटों के साथ इंग्लैंड आना पड़ा. सैम उस वक्त सिर्फ 7 साल का था. यहां दोनों भाइयों की मदद के लिए आगे आए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज ज्यॉफ मार्श. टॉम और सैम का वक्त मार्श बंधुओं यानी शॉन आर मिचेल के साथ बीता. सैम ने जिम्बाब्वे के लिए अंडर-13 क्रिकेट खेला था. अभी बेटों का क्रिकेट सफर शुरू भी नहीं हुआ था कि एक दिन जॉगिंग करते हुए साल 2012 में केविन की हार्ट अटैक से मौत हो गई. क्रिकेट से जुड़े कई लोगों ने इस परिवार की मदद की. दोनों इंग्लैंड में स्कॉलरशिप के सहारे पढ़ाई करने लगे. फिर 17 साल की उम्र में सैम सरे टीम से खेलने लगे. यहां जिस किसी ने भी इस क्रिकेटर को खेलते देखा, उसे अंदाजा लग गया कि ये नेशनल टीम के लिए खेल सकता है. और सैम अब नेशनल के साथ आईपीएल भी खेल रहे हैं. इंटरनेशनल लेवल पर सैम को आए अभी साल भर भी नहीं हुआ है. काउंटी क्रिकेट से लेकर इंग्लैंड की टेस्ट टीम और अब आईपीएल में अपनी परफॉर्मेंस से 20 साल के दिखा चुके हैं कि वो इंग्लैंड के लिए लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकते हैं. ये आईपीएल सीजन इस ऑलराउंडर के लिए मजेदार रहने वाला है.
वीडियो- KXIP vs DC: सैम करन ने पंजाब को हारा हुआ मैच जिताया, 17 बॉल में 7 विकेट्स गिरे

Advertisement
Advertisement