INDvNZ: अजिंक्य रहाणे कप्तान, 16 खिलाड़ियों में इन सबको दे दिया मौका
विराट कब आएंगे ये भी बता दिया.
Advertisement

अजिंक्य रहाणे इससे पहले ऑस्ट्रेलिया पर भी टीम के कप्तान बनाए गए थे. फोटो: File Photo
25 नवंबर से शुरू होने वाली भारत-न्यूज़ीलैंड टेस्ट सीरीज़ के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. पहले टेस्ट मैच में विराट की गैर-मौजूदगी में अजिंक्य रहाणे को टीम की कमान सौंपी गई है. वहीं दूसरे टेस्ट में विराट वापसी करते हुए बतौर कप्तान टीम की ज़िम्मेदारी संभालेंगे. कप्तानी के अलावा टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है. उनके अलावा 16 सदस्यों वाले इस दल में विकेटकीपर बल्लेबाज़ केएस भरत को भी शामिल किया गया है. पहले टेस्ट में विराट और रोहित शर्मा के ना होने पर चेतेश्वर पुजारा को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है. हालांकि इस बात को लेकर कुछ भी नहीं बताया गया है कि दूसरे टेस्ट में विराट के आने पर भी वो टीम के उप-कप्तान रहेंगे या फिर रहाणे को फिर से ये रोल दे दिया जाएगा. न्यूज़ीलैंड के साथ T20 सीरीज़ के बाद टेस्ट टीम से भी कई खिलाड़ियों को आराम दिया गया है. इन खिलाड़ियों में मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत जैसे बड़े नाम हैं. इनके अलावा मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज़ हनुमा विहारी को टेस्ट टीम से ड्रॉप किया गया है. इनके अलावा ऑल-राउंडर वाशिंगटन सुंदर को भी टीम से बाहर रखा गया है.
बतौर विकेटकीपर ऋद्धिमन साहा टीम के साथ बने हुए हैं. जबकि तेज़ गेंदबाज़ी में ईशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव टीम की बागडोर संभालेंगे. इन तीनों तेज़ गेंदबाज़ों के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा को भी टीम में रखा गया है. उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट से पहले भी टीम में शामिल किया गया था. .
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ के लिए भारतीय टीम:
अजिंक्य रहाणे(कप्तान), चेतेश्वर पुजारा(उप-कप्तान), केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ऋद्धिमन साहा, केएस भरत, रविन्द्रन जडेजा, रविचन्द्रन अश्विन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.
Advertisement









