The Lallantop

शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम, सेंसेक्स 700 अंक तक फिसला, निफ्टी में भी बड़ी गिरावट

22 अक्टूबर को बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, पश्चिम एशिया में तनाव, महंगाई की चिंता और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने बाजार के सेंटीमेंट पर दबाव बनाया. मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बड़ी गिरावट दिखी.

Advertisement
post-main-image
शेयर बाजार खुलते ही बहुत तेजी से गिरने लगा (COURTSEY- ITG)

त्योहारों का सीजन है. अधिकतर इस सीजन में शेयर मार्केट की हालत अमूमन ठीक रहती है. लेकिन 22 अक्टूबर को मार्केट खुलते ही मार्केट धड़ाम होता दिखा. बाजार खुलते ही निफ्टी और सेंसेक्स, दोनों बिखर गए. मार्केट खुलते ही 30 शेयरों वाला बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज 700 अंकों की डाइव मार गया  वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का NSE Nifty भी 200 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ शुरू हुआ. शेयर मार्केट के जानकार तो इसे 'डाइव' कह रहे हैं. इस गिरावट का असर बड़े-बड़े शेयरों पर भी देखने को मिला. नतीजा ये हुआ कि मारुति, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और BEL जैसे बड़े शेयर धराशायी होते दिखे.

Advertisement

सुबह 9 बजकर 38 मिनट तक BSE सेंसेक्स 590.21 अंक यानी 0.80% की गिरावट के साथ 73,119.48 पर ट्रेड कर रहा था. फिर NSE निफ्टी 50 में 197.30 अंक यानी 0.86% की गिरावट आई और यह 22,614.05 पॉइंट्स पर आ गया. लेकिन समय के साथ थोड़ी हालत सुधरी और 10 बजकर 30 मिनट पर सेंसेक्स 73,533 तक आया. वहीं निफ्टी भी मामूली बढ़त के साथ 22,729 तक आया. हाल के सेशंस में देखें तो बाजार को काफी नुकसान हुआ है. इस नई गिरावट से उसमें और इजाफा हुआ है. 

(यह भी पढ़ें : अक्टूबर में भी शेयर बाजार का लुढ़कना जारी, एक दिन में ₹5 लाख करोड़ डूबने की ये 5 वजहें)

Advertisement
क्यों गिर रहा है मार्केट?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसा कोई एक कारण नहीं है जिसकी वजह से मार्केट गिर रहा हो. इसके कई कारण हैं. जैसे सबसे बाहरी कारणों में देखें तो कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी एक बड़ा कारण है. ताजा आंकड़ों के अनुसार, ब्रेंट क्रूड का दाम 1.71% बढ़कर 110.68 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. जबकि US वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 1.42% बढ़कर 98.53 डॉलर पर पहुंच गया. साथ ही यमन के हूथी विद्रोहियों के हमले भी तेल के दाम में लगातार इजाफा कर रहे हैं. इस स्थिति ने ऊर्जा की सप्लाई और शिपिंग में रुकावट को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं. 

रिपोर्ट के मुताबिक शेयरों की बिक्री केवल बड़े शेयरों (हेवीवेट स्टॉक्स) तक ही सीमित नहीं है. पूरा बाजार दबाव में है. निफ्टी 100 में 1.01%, निफ्टी 200 में 1.09% और निफ्टी 500 में 1.12% की गिरावट आई है. इसी तरह, निफ्टी मिडकैप 50 में 1.36%, निफ्टी मिडकैप 100 में 1.39% और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.45% की गिरावट दर्ज की गई है.

वीडियो: खर्चा-पानी: मार्को रुबियो का जामनगर दौरा, रिलायंस की रिफाइनरी से क्या चाहता है अमेरिका?

Advertisement

Advertisement