मोहम्मद रिज़वान और डॉक्टर. फोटो: AP
पाकिस्तान क्रिकेट टीम भले ही ICC T20 विश्वकप से बाहर हो गई है. लेकिन उनके स्टार बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान के जज़्बे की हर कोई तारीफ कर रहा है. रिज़वान ने सेमीफाइनल मुकाबले से पहले हॉस्पिटल में टीम के लिए खेलने को लेकर जो जज़्बा दिखाया अब उसके बारे में भी पता चला है. दुबई के मीड्योर अस्पताल के डॉक्टर साहिर सैनलबदीन ने बताया है कि वो रिज़वान की इतनी तेज़ रिकवरी देख हैरान थे. आपको बता दें कि दुबई में रिज़वान का इलाज करने वाले डॉक्टर साहिर भारत से हैं. 11 नवंबर वाले मैच से पहले मोहम्मद रिज़वान दुबई के अस्पताल में 36 घंटों के लिए भर्ती थे. उन्हें सीने में इंफ़ेक्शन था. जिसकी वजह से उन्हें ICU में एडमिट करना पड़ा. मुकाबले से 3-5 दिन पहले से उनके सीने में जकड़न की शिकायत थी. उन्हें बुखार और सर्दी भी थी. हां लेकिन ऐसी हालत में भी वो लगातार टीम के लिए खेलने को लेकर बातें कर रहे थे. डॉ साहिर ने अस्पताल में रिज़वान से जुड़ी बहुत सी बातें बताईं. डॉ साहिर ने बताया कि रिज़वान अस्पताल में सिर्फ एक ही बात कह रहे थे. वो लगातार बोल रहे थे कि ''मुझे खेलना है, टीम के साथ रहना है.'' उन्होंने बताया कि
''रिज़वान के अंदर अपनी टीम के लिए उस ज़रूरी नॉक-आउट मैच में खेलने जज़्बा था. वो काफी मज़बूत और आत्मविश्वास से भरा हुआ था. जिस तरह से उसने रिकवर किया. मैं खुद उससे हैरान हूं.''
रिज़वान की हालत इतनी खराब थी कि उन्हें अस्पताल में ICU में भर्ती करना पड़ा. डॉक्टर ने बताया कि
''रिज़वान को बहुत सारे इंफेक्शन थे. ऐसे में सेमीफाइनल से पहले इस तरह से रिकवर करना और फिट होना आश्चर्यजनक है. ऐसी स्थिति में किसी के लिए भी रिकवर करने में 5-7 दिन लग जाते हैं.''
डॉक्टर ने बताया कि रिज़वान अस्पताल में इस विश्वास के साथ थे कि वो समय से ठीक होकर वापसी कर पाएंगे. डॉक्टर ने कहा, ''रिज़वान काफी फोकस्ड दिख रहा था, उसका अल्लाह में विश्वास था. वो सिर्फ और सिर्फ सेमीफाइनल के बारे में सोच रहे थे.'' साहिर ने बताया कि रिज़वान लगभग 35 घंटों तक ICU में रहे लेकिन उनकी फिटनेस और बतौर स्पोर्ट्स पर्सन उनका जज़्बा उन्हें जल्द से जल्द वापस ले आया. डॉक्टर साहिर ने कहा,
''स्पोर्ट्स इवेंट्स के दौरान अकसर खिलाड़ी चोटों के साथ आते हैं. लेकिन ऐसा पहली बार था कि कोई खिलाड़ी इस तरह से इंफेक्शन के साथ आया और इतनी तेज़ी से ठीक होकर लौट गया.''
उन्होंने ये भी कहा कि
''जब रिज़वान रिकवर होने के बाद सेमीफाइनल में बड़े छक्के लगा रहा था तो हम सभी काफी खुश थे. क्योंकि बीमारी से ठीक होने के बाद उसने जो ताकत हासिल की वो बेमिसाल है.''
डॉक्टर साहिर ने बताया कि रिज़वान ने ठीक होकर लौटते हुए डॉक्टर्स का शुक्रिया अदा किया और अपनी जर्सी भी गिफ्ट की. रिज़वान ने इसके बाद सेमीफाइनल में शानदार पारी खेली. हालांकि इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से पांच विकेट से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई.