The Lallantop

भारत के गेंदबाज़ों की बैटिंग 19 रन कम पड़ गई

भारत दोनों कम-स्कोर वाले मैच हारा है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop

क्या भारत की बैटिंग लाइन-अप कम स्कोर वाले मैचों को हल्के में लेने की आदि हो गई है ? या फिर रांची की पिच में ही कुछ टेढ़ापन था, इसका फैसला इस बात से कीजिए कि 261 रन का पीछा करते हुए भारत के गेंदबाज़ स्कोर को 167-7 से 241 तक खींच ले गए. आज फिर दिल्ली के मैच की तरह भारत को कम ही रन बनाने थे. रोहित शर्मा का खराब दौर जारी है. सिर्फ 11 के स्कोर पर कीपर को कैच दे बैठे. उसके बाद रहाणे-कोहली ने 79 रन की साझेदारी की. उस दौरान मैच पूरी तरह भारत के नियंत्रण में था. कोहली इंसान ही हैं और भारत की टीम कोहली पर बहुत ज़्यादा निर्भर है, इस बात का प्रमाण तब मिला जब लगातार 199 (पिछले मैच में 154*) रन बनाने के बाद आखिरकार न्यूज़ीलैंड ने उन्हें 45 के स्कोर पर आउट कर दिया. इस विकेट के साथ ही भारत का टॉप ऑर्डर धड़ाम हो गया.

Advertisement

रहाणे ने 70 गेंदों में 57 रन बनाए और पहले मैच की तरह अच्छी शुरूआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके. रहाणे जब आउट हुए भारत का तब स्कोर था 128-3. नंबर 4 पर धोनी अपने घरेलू मैदान पर 31 गेंदों पर सिर्फ 11 रन बना पाए. मनीष पांडे और हार्दिक पांड्या के पास आज कुछ बड़ा करने का मौका भी था और दस्तूर भी. लेकिन दोनों ही गैर-ज़रूरी शॉट लगाकर आउट हुए. मनीष पांडे ने लंबा हिट तब ट्राई किया जब ओवर में 11 रन आ चुके थे. पांड्या आज फिर संकटकाल में अपने को काबू में नहीं रख सके और छक्के के चक्कर में एक इनसाइड-आउट शॉट लॉन्ग ऑफ के हाथों पकड़ा दिया. साउदी ने केदार जाधव को खाता भी नहीं खोलने दिया.

कुल मिलाकर स्कोर था 167-7 और पिच पर आते हैं अमित मिश्रा. अक्षर पटेल और अमित मिश्रा ने 8वें विकेट के लिए 38 रन जोड़ दिए. और जब लगने लगा कि आज ये दोनों चमत्कार करके ही जाएंगे, अक्षर पटेल की कॉल पर अमित मिश्रा 14 रन बनाकर रन आउट हो गए. तब भारत को 8 ओवरों में 57 रन चाहिए थे और जिस ढंग से दोनों बैटिंग कर रहे थे ये लक्ष्य बिल्कुल संभव लग रहा था. अक्षर पटेल भी 8 गेंदों बाद 38 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए. भारत के पास था सिर्फ 1 विकेट और रन चाहिए थे 54. नंबर 10 धवल कुलकर्णी ने कुछ शानदार शॉट लगाए. इन शॉट्स में एक क्लिन हिट छक्का भी था. भारत को आखिरी 9 गेंदों पर 20 रन की ज़रूरत थी तभी उमेश यादव का एक शॉट एक्स्ट्रा कवर में उछला और गेंदबाज़ों की शानदार बल्लेबाज़ी के बावजूद भारत 19 रन से हार गया. फर्स्ट क्लास में 24 की औसत से रन बनाने वाले धवल कुलकर्णी 26 गेंदों पर 25 रन बनाकर नॉट आउट रहे.

Advertisement

India New Zealand Cricket

इससे न्यूज़ीलैंड ने पहली बार टॉस जीतकर शुरूआत की तो ऐसा लगा कि आज पहली बार 300+ वाला मैच देखने को मिलेगा. रांची की सूखी-धीमी पिच पर गुप्टिल और लैथम ने पहले 15.3 ओवर में 96 रन जोड़ दिए. उसके बाद अमित मिश्रा, केदार जाधव और अक्षर पटेल ने ऐसा बांधा कि पहले 10 ओवर में 12 चौके लगाने वाली कीवी टीम अगले 40 ओवरों में सिर्फ 13 चौके ही लगा पाई.  10 ओवर में 80 पर शून्य के स्कोर धोनी ने स्पिनरों को बुलाया. आते ही रनों पर रोक लगी और 16वें ओवर में शानदार फॉर्म में चल रहे लैशम एक स्विप शॉट को फाइन लेग के हाथों कैच दे गए. गुप्तिल 29 के स्कोर पर ही आउट हो जाते लेकिन अमित मिश्रा की पुरज़ोर कोशिश के बावजूद कैच दूर रह गया. अमित मिश्रा ने जीवनदान ज़रूर दिया लेकिन मारधाड़ मचा रहे गुप्टिल को मिश्राजी और अक्षर पटेल ने 12 गेंदों तक रन ही नहीं बनाने दिया. और आखिरकार हार्दिक पांड्या ने गुप्टिल को 72 के स्कोर पर धोनी के हाथों पकड़वा दिया. न्यूज़ीलैंड 139-2.

आउट ऑफ फॉर्म रोस टेलर ने बेहद धीमी पारी खेली. टेलर ने ऐन शॉट मारने के मौके पर 58 गेंदे जीमकर 35 रन बनाए. दूसरे छोर पर मिश्राजी ने विलियम्सन (41) और नीशम (6) को लगातार 2 ओवरों में चलता किया. आखिरकार रोस टेलर धोनी के अंधे रन आउट का शिकार हुए. उस वक्त 46वां ओवर चल रहा था.

Advertisement

शुरूआत में ढेर रन देने वाले तेज़ गेंदबाज़ों ने आखिर में अपने आंकड़े कुछ सही किए. धवल कुलकर्णी ने वाटलिंग (14) और उमेश यादव ने डेविच (11) का विकेट लिया. केदार जाधव को हालांकि आज कोई विकेट नहीं मिला लेकिन 8-0-27-0 के आंकड़ों के साथ उन्होंने अपना काम कर दिया. स्पिनर्स के कुल आंकड़े थे 28-0-107-3.

संक्षिप्त स्कोर:

न्यूज़ीलैंड: 260-7, ओवर 50 (गुप्टिल 72, विलियम्सन 41, अमित मिश्रा 10-0-42-2, अक्षर पटेल 10-0-38-1)

भारत: 241 ऑल आउट, ओवर 48.4 (रहाणे 57, कोहली 45, अक्षर 38, साउदी 9-0-40-3, नीशम 6-0-38-2)

Advertisement