The Lallantop

आज पाकिस्तान के खिलाफ शुभमन गिल की सेंचुरी पर सबसे खुश शाहरुख़ खान होंगे

इस लड़के ने U19 वर्ल्ड कप में लगातार चार बार 50 प्लस स्कोर बनाया है.

Advertisement
post-main-image
शुभमन को उनकी धाकड़ प्रदर्शन की बदौलत उन्हें कोलकाता की आईपीएल टीम में चुन लिया गया है.
न्यूज़ीलैंड में अंडर-19 वर्ल्ड कप चल रहा है. अपने अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका ये टूर्नामेंट अब और भी ज़्यादा इंट्रेस्टिंग हो गया है. वो यूं कि इंडिया अब इसके फाइनल में पहुंच चुकी है. इसका सेमीफाइनल इंडिया और पाकिस्तान के बीच था. जिसमें इंडिया ने पाकिस्तान को 69 रनों पर ऑल आउट कर दिया. इंडिया ने 203 रनों के बंपर अंतर से मैच जीता. इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 272 रन बनाए. पृथ्वी शॉ ने 41 और मंजोत कालरा ने 47 रन बनाए. शुभमन गिल 102 रन बनाकर नॉटआउट लौटे.
इस वर्ल्ड कप में शुभमन की ये लगातार चौथी 50 से अधिक स्कोर वाली इनिंग है. इसका फायदा इन्हें हाल ही में हुई आईपीएल नीलामी में भी मिला. शाहरुख़ खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने इन्हें 1 करोड़ 80 लाख रुपए में खरीद लिया. कहा ऐसा जाता है कि शुभमन में विराट कोहली का अक्स नज़र आता है. क्योंकि इनकी बैटिंग पोज़िशन और परफॉर्मेंस दोनों विराट कोहली से मेल खाती है.
विराट कोहली के साथ शुभमन गिल.
विराट कोहली के साथ शुभमन गिल.

वर्ल्ड कप में भारत अब तक 5 मैच खेल चुका है. जिसमें शुभमन एक सेंचुरी और तीन हाफ सेंचुरी लगा चुके हैं. U19 वर्ल्ड कप में इंडिया का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के साथ था. इसमें इंडिया ने 100 रन से जीत हासिल की. शुभमन ने उस मैच में 54 गेंदों में 63 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था.
टीम का अगला मैच पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ था. कागज पर कमज़ोर नज़र आने वाली इस टीम की परफॉमेंस भी उसी तरह की रही और भारत से ये लोहा लेने की हालत में कभी नज़र नहीं आई. अनुकूल रॉय ने 14 रन देकर 5 विकेट लिए. पापुआ की टीम 64 रन के मामूली टोटल पर सिमट गई. पृथ्वी शॉ के 57 रनों की मदद से भारत ने ये मैच 10 विकेट से अपने नाम कर लिया. इसमें शुभमन को बैटिंग करने का मौका ही नहीं मिला.
शुभमन गिल को आईपीएल में केकेआर ने खरीदा है.
शुभमन गिल को आईपीएल में केकेआर ने खरीदा है.

इंडिया को अपना अगला मैच ज़िम्बाब्वे के खिलाफ खेलना था. ज़िम्बाब्वे ने पहले बैटिंग शुरू की और 48.1 ओवरों में 154 बनाकर वापस चलती बनी. जवाब में भारतीय ओपनर्स हार्विक देसाई 56 और शुभमन गिल ने 90 रन बनाकर बिना कोई विकेट गिरे टीम को जिता दिया. इसमें शुभमन को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. ये उनकी वर्ल्ड कप में दूसरी फिफ्टी थी.
ज़िम्बाब्वे के खिलाफ बैटिंग करते शुभमन गिल.
ज़िम्बाब्वे के खिलाफ बैटिंग करते शुभमन गिल.

लगातार तीन जीत के साथ भारत अब क्वॉर्टर फाइनल में पहुंच चुका था. यहां उसका सामना होना था 'अंडरडॉग' मानी जाने वाली बांग्लादेश की टीम से. बांग्लादेश कुछ करे न करे, बड़े मैचों में अच्छा खेल दिखाकर टीमों का समीकरण जरूर बिगाड़ देती है. मैच शुरू हुआ भारत के गणतंत्र दिवस के दिन यानी 26 जनवरी को. इंडिया ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया. शुभमन गिल ने 86, पृथ्वी शॉ ने 40 और अभिषेक शर्मा ने 50 रनों की पारी खेली. इन पारियों की मदद से भारत 49.2 ओवर में 265 रन बनाकर ऑल आउट हो गया. जवाब में बांग्लादेश की टीम 42.1 ओवरों में 134 रन बनाकर सिमट गई. इस मैच में भी शुभमन बेस्ट परफॉर्मर रहे थे. 131 रन से मैच जीतने के साथ भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया, जहां उसके सामने पाकिस्तान था.
बांग्लादेश के खिलाफ बैटिंग करते शुभमन.
बांग्लादेश के खिलाफ बैटिंग करते शुभमन.

मैच शुरू हुआ. पृथ्वी शॉ की कप्तानी में भारत एक बार फिर टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरा. भारतीय ओपनरों ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी की. पहले विकेट के रूप में पृथ्वी शॉ 41 रन बनाकर रन आउट हो गए. इस विकेट के बाद पाकिस्तान के सामने शुभमन गिल के नाम की विकट समस्या आ खड़ी हुई. लड़के ने खेलना शुरू किया और खेलता ही रहा. मतलब आखिर तक उसे पाकिस्तानी बॉलर्स आउट नहीं कर सके. जाते वक्त स्कोर बोर्ड पर उसका स्कोर था- 94 गेंदों पर 7 चौके की मदद से 102 रन. इंडियन टीम का फाइनल स्कोर 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 272 रन.
पाकिस्तान के खिलाफ शुभमन गिल.
पाकिस्तान के खिलाफ शुभमन गिल.

बदले में पाकिस्तानी टीम ने जो किया इसके लिए शायद उसे पाकिस्तान के लोग कभी माफ न करें. 69 रनों पर ऑल आउट होकर भारत-पाकिस्तान मैच का सारा रोमांच मार दिया. इशान पोरेल के चमकदार खेल की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 203 रनों से हरा दिया. इस मैच के बाद शाहरुख़ खान बहुत खुश होंगे. क्योंकि आईपीएल में शुभमन उनकी टीम के लिए ही खेलते नज़र आएंगे और शुभमन से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद आईपीएल में भी होगी.


ये भी पढ़ें:
बिना एक भी छक्का मारे, पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए शुभमन गिल ने

U-19 वर्ल्डकप : भारत ने पाकिस्तान को इतनी बुरी तरह हराया है कि वो महीनों सो ना पाएंगे

U-19 वर्ल्डकप : पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय बैटिंग का आखिरी ओवर हार्ट अटैक लाने वाला था

टीम इंडिया की कप्तानी एक नकचिढ़े बंदर के हाथ में है



वीडियो देखें: IPL ने अंडर 19 वर्ल्ड कप खेल रहे 3 लड़कों को करोड़पति बना दिया

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement