The Lallantop

दफ्तर के अंदर 30 सेकंड में 35 बार युवती पर चाकुओं से वार, मोहाली में थर्रा देने वाली घटना

Mohali Murder: पंजाब के मोहाली में एक दिल दहला देने वाली वारदात में 30 साल की महिला की उसके ही पूर्व प्रेमी और सहकर्मी हरजिंदर सिंह मान ने दफ्तर के भीतर सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी. ये खौफनाक वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.

Advertisement
post-main-image
मोहाली में सनसनीखेज मर्डर (फोटो- इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • मोहाली में एक निजी कूरियर कंपनी के दफ्तर में 30 वर्षीय महिला डिंपल की सहकर्मी और पूर्व प्रेमी हरजिंदर सिंह मान ने चाकू से गोदकर हत्या की।
  • मुख्य विवाद डिंपल और हरजिंदर के बीच हाल ही हुए ब्रेकअप और हरजिंदर द्वारा पुनः संबंध स्थापित करने के दबाव का था, जिससे तनाव उत्पन्न हुआ।
  • पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
author-image
कमलजीत संधू

पंजाब के मोहाली से मर्डर केस का वीडियो सामने आया है. दिल दहला देने वाली इस घटना में एक निजी कूरियर कंपनी के दफ्तर में सबके सामने 30 साल की महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. इस खौफनाक हमले को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि महिला का ही सहकर्मी और पूर्व प्रेमी हरजिंदर सिंह मान है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार शाम को हुई यह पूरी वारदात दफ्तर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई.

Advertisement

हर तरफ इस वारदात की चर्चा है. दफ्तर के भीतर सहकर्मियों के सामने हुए इस जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है. आइए जानते हैं कि आखिर इस खौफनाक कदम के पीछे की पूरी कहानी क्या है.

ब्रेकअप के बाद दफ्तर में खूनी खेल

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका डिंपल और आरोपी हरजिंदर सिंह मान एक ही कूरियर कंपनी में साथ काम करते थे. काम करने के दौरान दोनों का रिश्ता प्यार में बदल गया. पर कुछ समय पहले ही दोनों का ब्रेकअप हो गया था और उन्होंने रिश्ता खत्म कर लिया था. पेंच असल में हरजिंदर के ब्रेकअप को बर्दाश्त न कर पाने का था.

Advertisement

इंडिया टुडे ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि हरजिंदर लगातार डिंपल पर दोबारा पैचअप करने का दबाव बना रहा था. डिंपल ने जब उसकी बात नहीं मानी, तो वो पिछले कुछ हफ्तों से काफी तनाव में था. गुरुवार शाम को इसी बात को लेकर दफ्तर के भीतर दोनों में बहस शुरू हुई, जिसके बाद हरजिंदर ने चाकू निकालकर डिंपल पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए.

बीच-बचाव की कोशिश और खुदकुशी का प्रयास

जब हमला हुआ तो दफ्तर में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने डिंपल को बचाने की पूरी कोशिश की, पर हरजिंदर के सिर पर खून सवार था. डिंपल को लहूलुहान करने के बाद आरोपी ने उसी चाकू से खुद पर भी वार किया और जान देने की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दोनों को गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया. आरोपी हरजिंदर की हालत भी गंभीर बनी हुई है और वो अस्पताल में भर्ती है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

फेज-11 थाने के एसएचओ अमन बैदवान ने घटना की पुष्टि की है. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर डिंपल के परिवार को सूचना दे दी है. माता-पिता के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

पुलिस ने क्राइम सीन को सील करके फॉरेंसिक सबूत जुटाए हैं. दफ्तर के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है ताकि घटना के सही क्रम को समझा जा सके. पुलिस चश्मदीदों के बयान और सीसीटीवी के आधार पर आगे की जांच बढ़ा रही है.

वीडियो: सूर्या मर्डर केस: आरोपी असद के एनकाउंटर पर बोले प्रत्यक्षदर्शी, बताया आंखों देखा हाल

Advertisement