जसप्रीत बुमराह. इंडियन क्रिकेट टीम के सबसे बड़े और अहम बोलर. लंबे वक्त से चोट के चलते टीम से बाहर थे. आखिरकार बुमराह ने टीम इंडिया में वापसी कर ली है. प्लान के मुताबिक उन्हें श्रीलंका के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले T20I मैच से वापसी करनी थी. लेकिन बारिश के चलते वह मैच नहीं हो पाया. इसके बाद बुमराह ने इंदौर के T20I मैच से वापसी की. लेकिन उनकी वापसी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. बुमराह ने इस मैच का पहला ओवर फेंका. वापसी के बाद उन्होंने जो पहली बोल फेंकी वह वाइड रही. इसे ऋषभ पंत भी कलेक्ट नहीं कर पाए और श्रीलंकाई ओपनर्स ने दौड़कर सिंगल ले लिया. बिना लीगल डिलिवरी के दो रन देने के बाद बुमराह ने जो अपनी पहली लीगल डिलिवरी फेंकी उस पर अविष्का फर्नान्डो ने शानदार चौका जमा दिया.
# खूब पिटे बुमराह
हालांकि एक बॉल पर 6 रन देने के बाद बुमराह ने अपना पहला ओवर सिर्फ 7 रन देकर खत्म किया. इसके बाद कोहली ने उन्हें फिर चौथे ओवर में वापस बुलाया जहां गुनातिलका और फर्नान्डो ने मिलकर नौ रन बटोर लिए. इसके बाद कोहली ने बुमराह को उनके स्पेशल जोन, डेथ ओवर्स में बुलाया. 17वां ओवर लेकर आए बुमराह ने इस ओवर में अपनी पहली सफलता हासिल की. उन्होंने ओवर की आखिरी बॉल पर दसुन शनाका को बोल्ड किया. बुमराह के इस ओवर में सिर्फ चार रन आए. इस तरह उन्होंने अपने पहले तीन ओवर्स में 20 रन दिए. 19वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट निकाल श्रीलंका का स्कोर नौ विकेट पर 130 रन कर दिया.
# डेथ में भी फेल
इसके बाद फैंस को लगा कि बुमराह श्रीलंका को इसी स्कोर पर समेट देंगे. उन्होंने अपने पहली तीन बॉल्स डॉट फेंक इस उम्मीद को परवान भी चढ़ाया. लेकिन इसके बाद वानिंदु हसरंगा ने ओवर की आखिरी तीनों बॉल्स पर तीन चौके जड़ दिए. इस तरह उन्होंने अपना स्पेल 32 रन देकर खत्म किया.
अपने वापसी मैच में सिर्फ 1 विकेट के लिए 32 रन लुटाने वाले बुमराह अपने प्रदर्शन से निश्चित तौर पर निराश होंगे. ना तो उन्होंने और ना ही फैंस ने यह उम्मीद की होगी कि उनकी वापसी इस तरह होगी. इस मैच में भारत के लिए बुमराह से ज्यादा रन सिर्फ स्पिनर कुलदीप यादव (38 रन) ने दिए. मैच की बात करें तो भारत ने 15 बॉल्स बाकी रहते इसे 7 विकेट से अपने नाम कर लिया.
शोएब अख्तर ने बीसीसीआई प्रेसिडेंट सौरव गांगुली से 'चार दिन के टेस्ट मैच' पर ज़रूरी बात कही है