एशियन गेम्स के बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के दौरे पर जाना है. यहां टीम तीनों फॉर्मेट में सीरीज खेलेगी. टीम मैनेजमेंट इस दौरे पर टेस्ट फॉर्मेट को प्राथमिकता देगा. गौतम गंभीर ने दौरे से पहले संकेत दिया कि भारत के कुछ टॉप खिलाड़ी व्हाइट बॉल सीरीज में नजर नहीं आएंगे. न्यूजीलैंड के दौरे पर भारत को पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे टॉप खिलाड़ी, गंभीर ने बताई वजह
एशियन गेम्स के बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड का दौरा करना है. इस लंबे दौरे पर टीम को तीन फॉर्मेट में सीरीज खेलनी है. सबसे पहले पांच टी20, फिर पांच वनडे और आखिर में दो टेस्ट खेले जाएंगे.

इस दौरे के शेड्यूल के मुताबिक, भारत सबसे पहले पांच टी20 मैच खेलेगा. इसके बाद वनडे सीरीज होगी. व्हाइट बॉल सीरीज खत्म होने के सिर्फ तीन दिन बाद भारत को पहला टेस्ट मैच खेलना है. गंभीर ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए व्हाइट बॉल से रेड बॉल में जाना आसान नहीं होता. खासतौर पर तब, जब उनके पास केवल दो दिन का समय हो.
भारत के घरेलू सत्र से पहले ‘जियो स्टार’ से बात करते हुए गंभीर ने कहा,
अक्सर टेस्ट मैच की तैयारी के लिए आपको अपने बल्लेबाजों को व्हाइट बॉल के क्रिकेट से भी ब्रेक देना पड़ता है. ताकि वो टेस्ट क्रिकेट के लिए तैयार हो सकें. टी20 से वनडे क्रिकेट में आना आसान होता है. लेकिन व्हाइट बॉल से रेड बॉल में आना आसान नहीं होता.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक हो सकता है कि कप्तान शुभमन गिल, विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और नीतिश रेड्डी जैसे कुछ प्रमुख वनडे खिलाड़ी वनडे सीरीज का हिस्सा न हों.
यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में मनु भाकर की खराब शुरुआत, पहले इवेंट में मेडल से चूकीं
गौतम गंभीर ने यहां हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को लेकर भी बात की. ये दोनों खिलाड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का हिस्सा नहीं हैं. इस सीरीज को वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है. गंभीर ने कहा कि दोनों खिलाड़ी भले ही इस सीरीज में न खेलें, लेकिन वो टीम की वर्ल्ड कप योजना का हिस्सा हैं. गंभीर ने कहा,
चाहे हार्दिक हों या जसप्रीत बुमराह, साउथ अफ्रीका (वर्ल्ड कप मेजबान) में हमारे लिए दोनों बेहद अहम होने वाले हैं. अगर आप जस्सी की बात करें या हार्दिक की, तो बहुत कम टीमों के पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो 10 ओवर गेंदबाजी कर सकें. साथ ही नंबर छह या सात नंबर पर बल्लेबाजी कर सकें. और उनका इतना प्रभाव भी हो.
आपको बता दें कि बुमराह फिलहाल एशियन गेम्स के लिए जापान में हैं. इसी समय पर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज होनी है. इसी कारण वह वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. वहीं हार्दिक पंड्या अब तक अपनी फिटनेस साबित नहीं कर पाए हैं.
वीडियो: मीराबाई चानू ने जीता पहला एशियन गेम्स मेडल, जीता सिल्वर













