कोलकाता का सॉल्ट लेक स्टेडियम. 3 अक्टूबर को एक ऐतिहासिक मैच का गवाह बनेगा. भारतीय फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा मैच. पूरी दुनिया को फुटबॉल से प्यार कराने वाली ब्राजीलियन नेशनल टीम भारत आ रही है. वो भी एक फ्रेंडली मैच के लिए. ब्लू टाइगर्स के लिए ये सिर्फ एक मैच नहीं होगा. ये उनके सपने के सच होने जैसा अनुभव होगा. जिस टीम को देखकर भारत की दो पीढ़ियां बड़ी हुईं. वो सेलेसाओ टीम अब मैदान पर होगी, वो भी आंखों के सामने.
भारतीय फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा मैच! कोलकाता में भिड़ेगी 5 बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील
India vs Brazil : 3 अक्टूबर को कोलकाता में 5 बार की फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन ब्राजील का सामना भारतीय टीम से होगा. AIFF ने 30 जुलाई को इसकी पुष्टि कर दी. कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में ये मुकाबला खेला जाएगा.

30 जुलाई को ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) और ब्राजीलियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (CBF) ने इसकी पुष्टि कर दी. वैसे तो कोलकाता के इस ऐतिहासिक मैदान ने फुटबॉल के कई दिग्गजों को होस्ट किया है. चाहे आप पेले की बात कर लें या माराडोना की. या फिर मॉडर्न GOAT लियोनल मेसी की. हर किसी ने कोलकाता के इस मैदान से वो प्यार पाया है. लेकिन, ये पहली बार होगा जब भारतीय टीम के खिलाफ पूरे दलबल से दुनिया की सबसे सफल फुटबॉल टीम उतरेगी.
ब्राजील की टीम वर्ल्ड कप में हार्टब्रेक के बाद सितंबर में पहला इंटरनेशनल टूर करेगी. 2026 फीफा वर्ल्ड कप में टीम को नॉर्वे ने राउंड ऑफ 16 में नॉकआउट कर दिया था. इसके बाद वो पहली बार मैदान पर उतरने वाले हैं. इस टूर के शुरुआती दो मुकाबले के लिए टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंचेगी. वहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 सितंबर को उन्हें टाउन्सविले और 29 सितंबर को ब्रिस्बेन में खेलना है. इसके बाद टीम भारत आएगी. कोलकाता उनकी एशिया-ओशिनिया टूर का आखिरी स्टॉप होगा.
भारतीय फुटबाॅल के लिहाज से ये सबसे बड़ा मोमेंट है. पहली बार ब्लू टाइगर्स (भारतीय टीम) का सामना फीफा रैंकिंग की टॉप-5 में शामिल किसी टीम से होगा. ब्राजील फिलहाल दुनिया की टॉप 5 टीम में शुमार है. वैसे भी ब्राजीलियन फुटबॉल कन्फेडरेशन ने भी ये माना है कि भारत में उन्हें जितना प्यार मिलता है, उन्हें ये दौरा करना ही था.
CBF ने कहा,
यह मुकाबला उस देश के साथ है, जहां ब्राजीलियन टीम का सबसे बड़ा इंटरनेशनल फैनबेस बसता है. भारत के लोग पीढ़ियों से हमारे फुटबॉल को जुनूनी प्यार देते आए हैं. हम लाखों भारतीय फैंस के साथ इस पल को जीने के लिए बेताब हैं.
वहीं, AIFF के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम. सत्यनारायण ने भी इसे भारतीय फुटबॉल का ऐतिहासिक अध्याय करार दिया. AIFF ने भी माना कि ब्राजील की जर्सी और उनकी विरासत ने भारत के लाखों युवाओं को फुटबॉल का दीवाना बनाया है.
ये भी पढ़ें : 15 साल के वैभव को क्यों बनाया गया ईस्ट जोन का वाइस कैप्टन?
क्या नेमार आएंगे भारत?फैंस के लिहाज से सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम के साथ नेमार कोलकाता आएंगे? इसकी संभावना बहुत कम है. नेमार इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले चुके हैं. लेकिन, ब्राजीलियाई अखबार 'ओ ग्लोबो' की रिपोर्ट थी कि CBF नेमार के लिए एक फेयरवेल मैच प्लान कर रहा है. हालांकि, फिलहाल ये सिर्फ अटकलें ही हैं. कोलकाता में उनका विदाई मैच होने के चांस न के बराबर हैं. अगर उन्हें विदाई देनी भी होगी तो घर पर ही दी जाएगी.
साथ ही ब्राजील के हेड कोच कार्लो एंचेलोटी ने भी ये साफ कर दिया है कि वे नई टीम गढ़ने की योजना बना रहे हैं. एंचेलोटी ने कैसिमिरो और डैनिलो जैसे दिग्गजों को भी अपनी फ्यूचर प्लानिंग से बाहर कर दिया है. ओ ग्लोबो से बात करते हुए एंचेलोटी ने कहा था,
यह वर्ल्ड कप एक पूरी पीढ़ी का अंत है. नेमार से लेकर कैसिमिरो और डैनिलो तक, सभी 30 की उम्र पार कर चुके थे. अब हमारा ध्यान 2028 कोपा अमेरिका और फिर 2030 वर्ल्ड कप के लिए नई पौध तैयार करने पर है. हालांकि, मैं पूरी टीम नहीं बदल रहा. कप्तान मार्क्विन्होहोस जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम में बने रहेंगे, ताकि नए लड़कों को सही दिशा मिल सके.
यानी कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में 3 अक्टूबर को सिर्फ 90 मिनट का फुटबॉल नहीं खेला जाएगा. एक तरफ होगी दुनिया की सबसे सफल टीम, तो दूसरी तरफ होंगे उनके सबसे बड़े फैंस. मैच का नतीजा चाहे जो रहे, ये भारतीय फुटबॉल के इतिहास का सबसे बड़े मोमेंट्स में दर्ज जरूर हो जाएगा.
वीडियो: Messi को पछाड़ कर Spain के Rodri ने कैसे जीत लिया गोल्डन बॉल अवार्ड?












