संजू सैमसन. इस टैलेंटेड विकेटकीपर बल्लेबाज का टीम इंडिया से अंदर-बाहर होने का सिलसिला जारी है. संजू को एक बार फिर टीम इंडिया से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. सोमवार, 8 अगस्त को एशिया कप 2022 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान किया गया. इसमें संजू सैमसन का नाम नहीं था. संजू ने हाल ही में अपने अभी तक के करियर में पहली बार इंडिया के लिए लगातार तीन मैच खेले थे. यह मैच वेस्टइंडीज़ के खिलाफ़ हुई ODI सीरीज़ में खेले गए.
संजू सैमसन जैसा खिलाड़ी डिजर्व नहीं करती टीम इंडिया!
टीम इंडिया का सेलेक्शन होते ही भड़के संजू फ़ैन्स!


लेकिन इसके बाद एशिया कप की टीम में बतौर कीपर ऋषभ पंत का चयन हुआ है. जबकि बैकअप कीपर्स के तौर पर दिनेश कार्तिक और केएल राहुल हैं. एशिया कप से बाहर होने वाले खिलाड़ियों में संजू के अलावा T20I फॉर्मेट में रेगुलर खेलने वाले ईशान किशन और श्रेयस अय्यर भी शामिल हैं. IPL टीम राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन को स्टैंडबाई के रूप में भी न रखे जाने पर फ़ैन्स खासे नाराज हैं.
एशिया कप की टीम में अक्षर पटेल, दीपक चाहर और श्रेयस अय्यर को बतौर स्टैंडबाई शामिल किया गया है. टीम का ऐलान होने के बाद सोशल मीडिया पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया संजू के फ़ैन्स ने दी है. एक यूजर ने ट्वीट किया,
‘BCCI सेलेक्टर्स द्वारा संजू को हर बार साइड लाइन कर देना उनके साथ की जा रही नाइंसाफी को दिखाता है.’
एक अन्य यूजर ने ट्वीट किया,
‘संजू के एशिया कप स्क्वॉड से बाहर होने की उम्मीद थी, लेकिन उसके पीछे की असल कहानी ये है कि उन्होंने इस साल खेली गई पांच T20I सीरीज़ में 44.75 के एवरेज से 179 रन बनाए हैं. अपनी इन पारियों के दौरान उन्होंने अलग-अलग बैटिंग पोजिशन और असंगत मौकों पर अपना बेस्ट देने का प्रयास किया है.’
एक दूसरी यूजर ने एशिया कप के लिए चुनी भारतीय टीम के सदस्यों की लिस्ट में संजू के नाम के गायब होने पर कहा,
‘मैं संजू सैमसन की फ़ैन नहीं हूं पर हूडा की जगह उनको खेलना चाहिए.’
एक अन्य यूजर ने 2022 में T20I में भारतीय टीम के विकेटकीपर्स के प्रदर्शन पर बात करते हुए लिखा,
‘संजू का स्ट्राइक रेट 158.40 और औसत 44.75. ईशान किशन का स्ट्राइक रेट 130.30 और औसत 30.71. ऋषभ पंत का स्ट्राइक रेट 135.42 और औसत 26. दिनेश कार्तिक का स्ट्राइक रेट 133.33 और औसत 21.33. इन आंकड़ों के मुताबिक बेस्ट परफॉर्मर रहे संजू सैमसन और ईशान किशन. लेकिन टीम में जगह मिली पंत और डीके को. क्या इस बात का कोई सेंस बनता है?’
एक अन्य यूजर ने भी दिनेश कार्तिक और संजू सैमसन के बीच तुलना करते हुए ट्वीट किया,
‘एशिया कप में संजू को शामिल क्यों नहीं किया गया? उनकी जगह इस साल 133 के स्ट्राइक रेट और 21 के औसत से खेल रहे फिनिशर माने जाने वाले दिनेश कार्तिक को शामिल करना किस हद तक सही, जब इस साल संजू की स्ट्राइक रेट और औसत दिनेश से ज्यादा रही है.’
संजू के एक फैनपेज ने इस मामले में ट्वीट किया,
‘पिछले आठ सालों में संजू को कई बार अवॉयड किया गया. पर उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका रोना नहीं रोया. इसलिए हम आपके फैन हैं संजू.’
एक अन्य यूजर ने संजू के टीम से बाहर होने पर ट्वीट किया,
‘इंडिया संजू सैमसन जैसा खिलाड़ी डिज़र्व नहीं करता. हार्ड लक चैंप.’
एक अन्य यूजर ने संजू को बतौर स्टैंडबाई भी शामिल न किए जाने पर सवाल किया,
‘संजू ने ऐसा क्या गलत किया है, कि उन्हें बतौर स्टैंडबाई भी टीम में शामिल नहीं किया गया. उन्हें हमेशा अंदर-बाहर किया है. टीम में शामिल अक्षर और जडेजा एक ही तरह के बॉलर हैं. टीम में दोनों की जरुरत नहीं है. वहीं संजू का UAE में रिकॉर्ड टीम में शामिल हूडा से कहीं बेहतर है.’
बता दें कि एशिया कप 2022 में भारतीय क्रिकेट टीम की अगुवाई रोहित शर्मा करेंगे. टीम इंडिया के 15 सदस्यीय दल में विराट कोहली और केएल राहुल की वापसी हुई है. वहीं तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह चोट के चलते इस सीरीज़ से बाहर हो गए हैं. 27 अगस्त से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए BCCI ने सोशल मीडिया पर भारतीय टीम का ऐलान किया.
इस टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे. वहीं वापसी कर रहे केएल राहुल टीम के उप-कप्तान होंगे. बल्लेबाज़ी में रोहित और राहुल के अलावा विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हूडा, ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक रहेंगे. बतौर ऑल-राउंडर हार्दिक पंड्या, रविन्द्र जडेजा, रविचन्द्रन अश्विन टीम में शामिल हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह के ना रहने पर तेज़ गेंदबाज़ी की ज़िम्मेदारी भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और आवेश खान के कंधों पर होगी. स्पिन डिपार्टमेंट में युजवेन्द्र चहल और रवि बिश्नोई भी टीम के साथ होंगे.
Sanju Samson ने वो कर दिखाया, जो IPL में Dhoni, Rohit भी नहीं कर सके




















