एशिया कप से ठीक पहले ज़िम्बाबवे के दौरे पर गई भारतीय टीम ने पहला मुकाबला जीत लिया है. हरारे क्रिकेट मैदान पर खेले गए तीन मैच की वनडे सीरीज़ के पहले मुकाबले में भारत की 10 विकेट से जीत हुई. केएल राहुल की कप्तानी में ज़िम्बाबवे पहुंची भारतीय टीम ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला लिया. ये फैसला दीपक चाहर समेत बाकी गेंदबाज़ों ने बिल्कुल सही साबित कर दिया. जब पूरी मेज़बान टीम 189 रन बनाकर ऑल-आउट हो गई. दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्णा, अक्षर पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए.
नॉट-आउट 81 रन ठोक धवन ने क्यों कहा, 'मैं युवा महसूस कर रहा हूं'
एशिया कप से ठीक पहले ज़िम्बाबवे के दौरे पर गई भारतीय टीम ने पहला मुकाबला जीत लिया है.


इस स्कोर का पीछा करते हुए भारत ने आसानी से इस मुकाबले को 10 विकेट बाकी रहते 30.5 ओवर में जीत लिया. भारत के लिए शिखर धवन ने 81, वहीं शुभमन गिल ने 82 रन की पारी खेली.
इस मुकाबले में एक बार फिर टीम को शानदार शुरुआत दिलाने के बाद शिखर धवन ने कहा कि वो खुद इस समय काफी युवा महसूस कर रहे हैं. धवन ने कहा,
'मैंने युवा बल्लेबाज़(शुभमन गिल) के साथ बैटिंग को एन्जॉय किया. साथ ही मैं खुद भी युवा महसूस कर रहा हूं. वेस्ट इंडीज़ दौरे के बाद यहां भी कंसिस्टेंट रहने का भी मैं लुत्फ उठा रहा हूं. मैं ये अच्छे से जानता हूं कि एक बार मैं सेट हो गया तो फिर गेंदबाज़ों पर अटैक कर सकता हूं.'
अपनी बल्लेबाज़ी में धीमी शुरुआत पर धवन ने कहा,
'मैं पहले सिर्फ स्ट्राइक रोटेट करना चाहता था और फिर अपनी पारी को रफ्तार देना चाहता था. गिल के साथ मेरी पारी का रिदम एकदम बढ़िया तरीके से जम गया था. जिस तरह से वो बैटिंग करता है और गेंद को टाइम करता है उसे देखना बेहद खास होता है. साथ ही जैसे वो अपनी फिफ्टी के स्कोर को बड़ी पारियों में बदल रहा है, उसने इसमें लगातार निरंतरता दिखाई है.'
अपनी फील्डिंग और टीम की गेंदबाज़ी पर बात करते हुए धवन ने कहा,
'मैं अपनी फील्डिंग का लुत्फा उठाता हूं और वक्त के साथ ये आसान हो रहा है. हमारी गेंदबाज़ी यूनिट ने बढ़िया काम किया और दीपक चाहर का चोट से वापसी करते हुए तीन विकेट चटकाना बहुत अच्छा है. मुझे उम्मीद है कि वो भी अब कॉन्फिडेंट महसूस कर रहे होंगे.'
भले ही शिखर धवन भारत की टेस्ट और T20 टीम से बाहर चल रहे हों. लेकिन वो लगातार वनडे टीम में बने हुए हैं. रोहित-राहुल के ना रहने पर शिखर धवन ने वनडे में टीम इंडिया की कप्तानी भी की है.
ICC के 2023-27 क्रिकेट शेड्यूल में मैच की संख्या बढ़ने का क्या असर होगा?





















