(बाएं) रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़, (बीच में) वेंकटेश अय्यर और (दाएं) हार्दिक पांड्या. (सभी तस्वीरें पीटीआई से साभार हैं.)
वेंकेटश अय्यर. टीम इंडिया के नए ऑलराउंडर. या कहें हार्दिक पंड्या का विकल्प. हालांकि, ये कहना अतिशयोक्ति या जल्दबाजी होगी. लेकिन ये भी सच है कि लोग उन्हें अभी से हार्दिक पंड्या का विकल्प मानने लगे हैं. और तो और, टीम इंडिया के T20I कप्तान रोहित शर्मा भी वेंकटेश अय्यर के प्रदर्शन से खुश हैं. उन्होंने कहा है कि वेंकटेश अय्यर भविष्य के लिए बेहतर संभावना हैं और उनपर हमारी निगाहें होंगी. गौरतलब है कि टीम इंडिया के लिए वेंकटेश अय्यर ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ T20I डेब्यू किया. तीन मुकाबले खेले. बल्ले से 36 रन बनाए. और एक विकेट भी चटकाए. आंकड़ें कुछ ख़ास नहीं हैं कि खूब तारीफ की जाए. लेकिन बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ अपना शत-प्रतिशत योगदान दिया. वैसे तो वेंकटेश अय्यर ओपनिंग करते हैं. लेकिन इस सीरीज में उन्हें फिनिशर की भूमिका दी गई. इसी वजह से उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका नहीं मिल सका. लेकिन कैप्टन रोहित, वेंकटेश अय्यर के प्रदर्शन से खुश दिखे हैं. उन्होंने कहा है,
'हमारा प्लान ये है कि जितना ज्यादा हो सके, टीम कॉम्बिनेशन में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण हो. और हम ये भी चाहेंगे कि वेंकटेश अय्यर को बैटिंग ऑर्डर में भी एक भूमिका दी जाए. अपनी फ्रेंचाइजी KKR के लिए वेंकटेश ओपन करते हैं. हो सकता है कि उन्हें बल्लेबाजी क्रम में दिक्कत हुई हो. इसलिए हम वेंकटेश को पांचवें, छठवें या सातवें नंबर पर मौका देंगे. और देखेंगे कि वो इस भूमिका में फिट हो पाते हैं या नहीं?'
बता दें कि भारत और न्यूज़ीलैंड (IND vs NZ) के बीच खेले गए तीसरे T20I मैच में वेंकटेश अय्यर ने छठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में 20 रन की पारी खेली थी. वहीं गेंदबाजी करते हुए उन्होंने एडम मिल्न का विकेट भी चटकाया था. उनके इस प्रदर्शन पर रोहित ने आगे कहा,
'तीसरे मैच में वेंकटेश अय्यर क्रीज पर रहने के दौरान काफी कंपोज्ड लगे. उनकी बढ़िया बैटिंग अप्रोच थी और अच्छे माइंडसेट के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे. आपने उवकी बोलिंग स्किल्स भी देखी. भविष्य के लिए वेंकटेश बेहतर संभावना लग रहे हैं. बस हमें उन्हें कॉन्फिडेंस देना होगा. साथ ही ज्यादा से ज्यादा मौका देने की कोशिश करेंगे. इसके बाद देखेंगे कि वेंकटेश उस मौके का फायदा उठा पाते हैं या नहीं. सिर्फ तीन ही मुकाबले उन्होंने खेले हैं. लेकिन जैसे-जैसे हम आगे बढ़ेंगे, उन पर हमारी निगाहें होंगी.'
बताते चलें कि वेंकटेश अय्यर ने KKR के लिए ओपनिंग करते हुए IPL 2021 की 10 पारियों में 370 रन बनाए. वेंकटेश को इसी शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला और टीम इंडिया में चुन लिए गए. अब देखने वाली बात ये होगी कि वेंकटेश अय्यर इस गोल्डन चांस को कितना भुना पाते हैं.