अय्यर-साहा की पारियों के बीच ये किस खिलाड़ी को ट्विटर पर खूब प्यार मिला?
फैंस ने विराट को किसकी जगह खिलाने की वकालत की.
Advertisement

बढ़िया फॉर्म में है अश्विन (फोटो - पीटीआई)
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच के खत्म होने तक भारत ने मुकाबले पर अपनी पकड़ बना ली है. चौथे दिन भारत ने किवी टीम को 284 रनों का लक्ष्य दिया. जिसके जवाब में दिन का खेल खत्म होते-होते भारत ने चार रन के स्कोर पर न्यूज़ीलैंड का एक विकेट झटक लिया है. अब मैच के आखिरी दिन किवी टीम को जीतने के लिए 280 रन चाहिए. वहीं भारतीय टीम को नौ विकेट की दरकार है. चौथे दिन भारत ने एक विकेट पर 14 रन से आगे खेलना शुरू किया. लेकिन जल्दी ही चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, मयंक अग्रवाल और रविन्द्र जडेजा 51 के स्कोर तक पवेलियन लौट गए. अश्विन ने अय्यर के साथ मिलकर कुछ हाथ दिखाए लेकिन 103 के स्कोर पर छठा विकेट गिरा और यहां ऋद्धिमन साहा ने मैदान पर एंट्री की. छठे विकेट के बाद अय्यर के साथ मिलकर साहा ने अर्धशतक लगाया और भारत को मुश्किल से निकाला. इन दोनों बल्लेबाज़ों की अर्धशतकीय पारी की मदद से दिन के आखिरी सेशन में भारत ने 234 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी. इस मैच के दौरान ट्विटर पर ढेर सारे ट्रेंड्स चले. आइये जानते हैं, मैच के चौथे दिन से जुड़े ट्रेंड्स क्या रहे. #Rahane अजिंक्य रहाणे पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी कुछ कमाल नहीं कर सके. जिस वक्त भारत मुश्किल में था. तब रहाणे 15 गेंदों में चार रन बनाकर पटेल की गेंद पर LBW आउट हो गए. उनके इस तरह विकेट देकर जाने के लिए सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें अगले टेस्ट से बाहर करने की मांग की. ट्विटर पर कई यूज़र्स ने कहा कि अगले टेस्ट में रहाणे की जगह ही कप्तान विराट की वापसी होनी चाहिए. #Pujara चेतेश्वर पुजारा. लगातार फॉर्म की तलाश में हैं. लेकिन फॉर्म नहीं मिल रही. बीते दिन नौ रन बनाकर लौटे थे. तो लगा था कि दूसरी पारी में पुजारा बड़ी पारी खेलेंगे. लेकिन अगले दिन अच्छी शुरुआत के बावजूद वो 22 रन के स्कोर पर जेमिसन की गेंद पर विकेटकीपर को कैच देकर लौट गए. पुजारा के एक और निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने पुजारा को भी प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की मांग की. #Ashwin जब 51 के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी और कानपुर टेस्ट पर हार का खतरा मंडरा रहा था. तो अश्विन बल्ला लेकर मैदान पर आए. उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पांचवे विकेट के लिए 52 रनों की अहम साझेदारी की. जिसमें अश्विन ने 62 गेंदों पर 32 रन बनाए. पहले गेंदबाज़ी में कमाल और फिर बैटिंग में शानदार प्रदर्शन के बाद चौथे दिन भी अश्विन की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हुई. इनके अलावा ऋद्धिमन साहा और श्रेयस अय्यर की पारियों को लेकर भी ट्विटर पर लोगों ने खूब सारी चर्चा की. सोशल मीडिया पर चर्चा होती रहे. लेकिन टीम इंडिया अब पांचवे दिन ऐसा खेल दिखाए कि जीत के बाद सोशल मीडिया पर विक्ट्री वाला हैशटेग ही वायरल हो.
Advertisement









