The Lallantop

खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार यादव को काफी कुछ सुना गए पाकिस्तान के सलमान बट

न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज में सूर्यकुमार केवल 63 रन बना पाए.

Advertisement
post-main-image
रन नहीं निकले तो सूर्य पर भड़क गए सलमान बट (फोटो – पीटीआई, ट्विटर)
Ind vs NZ T20 सीरीज में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 3-0 से हरा दिया. टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने हर डिपार्टमेंट में अच्छा प्रदर्शन किया. चाहे बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी या फील्डिंग. सभी खिलाड़ियों ने इस जीत में बराबर का योगदान दिया. बावजूद इसके एक क्षेत्र ऐसा भी है, जहां टीम मैनेजमेंट को काम करने की जरूरत है. और वो है मिडल ऑर्डर. टीम इंडिया के मिडल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने खराब प्रदर्शन किया, ख़ासकर सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा निराश किया. उनके बल्ले से लगातार रन नहीं निकल रहे हैं. उनकी खराब फॉर्म पर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान सलमान बट ने निशाना साधा है. सलमान बट अपने यूट्यूब चैनल पर भारत की न्यूज़ीलैंड पर जीत को लेकर चर्चा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने सूर्यकुमार यादव पर भी बात की. सलमान बट ने कहा कि सूर्यकुमार के पास अनुभव तो है लेकिन रन बनाने में निरतंर नहीं हैं. भारतीय मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज की फॉर्म पर बात करते हुए सलमान बट ने कहा,
‘सूर्यकुमार यादव अब तक काफी डोमेस्टिक क्रिकेट खेल चुके हैं. वह 30 से ज्यादा की उम्र के हैं. इस उम्र में एक बल्लेबाज आमतौर पर बहुत परिपक्व होता है. आप उनकी तुलना ऋषभ पंत और ईशान किशन के अनुभव से नहीं कर सकते हैं. क्योंकि वो कम अनुभव के साथ छोटी उम्र के लड़के हैं. इसलिए, सूर्यकुमार यादव को और अधिक कन्सिस्टेंट होना होगा.’
हालांकि पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज ने ये भी कहा कि सूर्यकुमार समय के साथ फॉर्म हासिल कर लेंगे. बता दें कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने 62 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी. लेकिन इसके बाद अगले दो मुकाबलों में वो सिर्फ एक और शून्य रन बना पाए थे. #कैसा रहा इंटरनेशनल करियर? सूर्यकुमार यादव के इंटरनेशनल करियर की बात की जाए तो उनका डेब्यू काफी देरी से हुआ. IPL में लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बाद सूर्या को मार्च 2021 में भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनने का मौका मिला. T20 क्रिकेट में उनके बढ़िया शॉट सेलेक्शन और लगातार रन बनाने के लिए उनको अहम खिलाड़ी माना जाता है. लेकिन फॉर्म बरकरार नहीं रख पाने के चलते अक्सर उन पर सवाल उठाए जाते है.

Advertisement
Advertisement