भारत ने बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है. नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंडियन टीम ने पारी और 132 रन से जीत हासिल की. जीत के साथ ही इंडियन टीम ने चार मैच की सीरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. टीम के शानदार प्रदर्शन से कप्तान रोहित शर्मा (Rohit sharma) भी काफी खुश नजर आए.
हालांकि इसके साथ ही रोहित ने मैच को लेकर मजेदार खुलासे भी किए. मैच के बाद इरफान पठान, दीप दासगुप्ता और कमेंटेटर जतिन सप्रू ने कप्तान रोहित का इंटरव्यू लिया. जिस दौरान रोहित ने मैच के दौरान कप्तानी करते होने वाली मुश्किलों के बारे में बात की. उन्होंने अपने स्टार स्पिनर्स रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और फास्ट बोलर मोहम्मद सिराज को लेकर एक मजेदार बात शेयर की. इस बातचीत का वीडियो इरफान ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है.
ऑस्ट्रेलिया से जीते पर रोहित के लिए मुसीबत बने उनके ही बोलर्स!
रोहित के लिए मुश्किल पैदा कर देते हैं उनके ही खिलाड़ी


रोहित के मुताबिक कुछ बोलर्स अपने रिकॉर्ड को लेकर लगातार बोलिंग करना चाहते हैं. ऐसे में उन्हें रोटेशन को लेकर काफी सोचना पड़ता है. उन्होंने कहा,
#Siraj से भी हुए थे परेशान!‘हर दिन कोई न कोई रिकॉर्ड बनता रहता है. कोई पांच विकेट ले रहा है, कोई 250 विकेट लेता है, कोई 450 विकेट लेता है. तो हर दिन, कोई न कोई रिकॉर्ड बना रहा है. मैं वास्तव में रिकॉर्ड के बारे में नहीं जानता. जडेजा आकर मुझे बताते हैं कि मैं 250 के पास हूं, मुझे बॉल दे दो यार...तो अश्विन कहते हैं कि मैं 450 के पास हूं, मुझे बॉल दे दो. कोई कहता है मेरे चार विकेट हो गए, मुझे पांच चाहिए.’
इसके साथ ही भारतीय कप्तान ने पिछले महीने श्रीलंका के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए वनडे मुकाबले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा,
'उस मुकाबले में हमने श्रीलंका को काफी कम स्कोर पर आउट कर दिया था. मैच में सिराज ने चार विकेट हासिल किए थे.उन्होंने अपने पांच विकेट पूरे करने के लिए 22 ओवरों में ही अपने कोटे के 10 ओवर डाल दिए थे. वह रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे, जिसके बाद मुझे उन्हें बताना पड़ा कि थोड़ा आराम कर लो, अभी चार टेस्ट मैच खेलना है'
नागपुर टेस्ट मैच की बात करें तो अश्विन ने आठ विकेट लिए और टेस्ट क्रिकेट में अपने 450 विकेट पूरे किए. उन्होंने दूसरी पारी में 5 विकेट लिए. वहीं, जडेजा ने मैच की पहली पारी में 5 विकेट हासिल किया था. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट 17 फरवरी से दिल्ली में होगा.
वीडियो: रोहित शर्मा ने मैच के बाद BGT और शुभमन गिल पर क्या कहा?




















