The Lallantop

द्रविड़ ने जीत के बाद रोहित की कप्तानी की तारीफ की और विराट पर कहा..!

रोहित की कप्तानी में टीम ने दिखाया कमाल

Advertisement
post-main-image
रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ (PTI)

गेंदबाज़ों के शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाज़ों के कमाल से भारत ने आस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट मैच में हरा दिया है. दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीत हासिल की. जीत के साथ ही भारत ने चार मैच की सीरीज़ में 2-0 की बढ़त बना ली है. मैच के बाद इंडियन टीम के कोच राहुल द्रविड़ काफ़ी खुश नज़र आए. उन्होंने रोहित की कप्तानी की तारीफ की है. साथ ही उन्होंने विराट कोहली को लेकर भी बात कही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में 113 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. जिसे टीम इंडिया ने 4 विकेट खोकर चेज़ कर लिया. मैच के बाद द्रविड़ ने टीम इंडिया के बेहतरीन प्रदर्शन को लेकर अपनी राय रखी. उन्होंने रोहित पर कहा कि वो ज्यादा नहीं बोलते, लेकिन जब भी वो बोलते हैं तो सब चुपचाप उन्हें सुनते हैं.

# रोहित की कप्तानी की तारीफ

टीम इंडिया के कोच ने कहा कि इंडियन टीम काफी लकी है कि विराट जैसे किसी खिलाड़ी की जगह रोहित ने कप्तानी संभाली है.

Advertisement

उन्होंने कहा,

'मुझे लगता है कि रोहित एक शानदार कप्तान रहे हैं. ड्रेसिंग रूम में हर कोई उनकी काफी रिस्पेक्ट करता है. वह उन लोगों में से हैं, जो काफी समय से यहां खेल रहे हैं. वो उस तरह के इंसान हैं जो ज्यादा नहीं बोलते, लेकिन जब बोलते हैं तो सभी सुनते हैं. वह  खिलाड़ियों का बहुत ध्यान रखते हैं. हम बहुत खुशकिस्मत हैं कि विराट के बाद रोहित जैसे किसी व्यक्ति ने कप्तानी संभाली है.'

इसके साथ ही द्रविड़ ने अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन के बीच पहली पारी के दौरान हुई 114 रन की पार्टनरशिप को मैच का टर्निंग प्वॉइंट बताया. उन्होंने कहा,

Advertisement

'ये टेस्ट मैच काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा लेकिन मुझे लगता है कि अक्षर और अश्विन के बीच पार्टनरशिप ने मैच के रुख को बदल दिया. हम 200-225 के करीब लक्ष्य का पीछा करना चाहते थे. और उस साझेदारी ने हमारी मैच में वापसी करवाई, नहीं तो हम काफी पिछड़ रहे थे. दूसरे दिन के आखिरी सेशन में हमनें काफी रन दे दिए थे, लेकिन आज (रविवार) सुबह हमने निश्चित रूप से इसमें सुधार किया. इसके बाद खेल जैसे आगे बढ़ा, वो शानदार था.'

#IND vs AUS मैच में क्या हुआ?

मैच की बात करें तो टेस्ट मैच के तीसरे दिन कंगारू टीम ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 61 रन से आगे खेलना शुरू किया. हालांकि तीसरे दिन का खेल शुरू होते ही कंगारू टीम के विकेट का पतझड़ लगा गया. 65 के स्कोर पर टीम को ट्रेविस हेड के रूप में दूसरा झटका लगा. वो 43 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर आउट हो गए. वहीं थोड़ी देर बाद स्मिथ भी आउट हो गए. कंगारू टीम का स्कोर एक समय 3 विकेट खोकर 95 रन था.

और इसी स्कोर पर कंगारुओं ने अपने 4 विकेट और खो दिए. लाबुशेन, मैट रेनशॉ, पीटर हैंड्सकॉम्ब और पैट कमिंस इसी स्कोर पर चलते बने. इसके बाद भी कोई बल्लेबाज़ टिक कर नहीं खेल सका और पूरी कंगारू टीम अपनी दूसरी पारी में 113 रन बनाकर आउट हो गई.  ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में ट्रेविस हेड ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए.

ऐसे में टीम इंडिया को मैच जीतने के लिए 115 रन का लक्ष्य मिला. जो कि भारत ने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. टीम के लिए चेतेश्वर पुजारा और रोहित शर्मा ने 31-31 रन बनाए.

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 263 रन बनाए थे. जिसके जवाब में टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 262 रन बनाए थे. पहली इनिंग में भारत के लिए अक्षर पटेल ने 74 और अश्विन 37 रन बनाए. दोनों टीम्स के बीच तीसरा टेस्ट मैच 1 से 5 मार्च के बीच इंदौर में खेला जाएगा.

वीडियो: Ind vs Aus के पहले टेस्ट मैच के बाद नागपुर की पिच पर जाडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के मज़े ले लिए!

Advertisement