गाबा में चौथे टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम 369 रन बनाकर ऑल-आउट हुई. जवाब में भारत ने दो विकेट खोकर 62 रन बना लिए हैं. कप्तान अजिंक्य रहाणे 2 जबकि चेतेश्वर पुजारा 8 रन बनाकर खेल रहे हैं.
दूसरे दिन पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 369 रनों पर ऑल-आउट किया. जिसके बाद टीम इंडिया बल्लेबाज़ी के लिए उतरी तो पहले शुभमन गिल के रूप में टीम को बड़ा झटका लगा. शुभमन गिल सात रन बनाकर पेट कमिंस का शिकार बन गए. लेकिन गिल के विकेट के बाद रोहित शर्मा ने अटैक जारी रखा. उन्होंने 73 गेंदों में 44 रन बनाए. लेकिन 74वीं गेंद पर वो भी आपा खो बैठे और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री लाइन पर मिचेल स्टार्स को कैच थमा बैठे.

रोहित शर्मा. फोटो: AP
नैथन लायन ब्रिस्बेन में अपने टेस्ट करियर का 100वां टेस्ट खेल रहे हैं. ऑस्ट्रेलियंस को पता था कि रोहित लायन की गेंदबाज़ी पर फंसती है. इसलिए उन्होंने रोहित के सामने लायन को अटैक पर लगाए रखा.
लायन ने भी अपनी टीम को निराश नहीं किया और रोहित को शिकार बनाते ही उन्होंने 397वां विकेट अपने नाम कर लिया. इस विकेट में खास बात ये रही कि टेस्ट क्रिकेट में रोहित शर्मा छठी बार लायन की गेंद पर आउट हुए हैं. जो कि टेस्ट क्रिकेट में किसी भी गेंदबाज़ के खिलाफ उनका सबसे ज़्यादा बार आउट होने का रिकॉर्ड हो गया है.
रोहित ने टेस्ट क्रिकेट में 34 मैच खेले हैं. जिसमें उन्होंने लायन की 258 गेंदें खेली हैं और छह बार उनकी गेंदों पर आउट हुए हैं.
ब्रिस्बेन की पहली पारी में लायन की गेंद पर आउट होने से पहले रोहित को सबसे ज़्यादा बार लायन के साथ साउथ अफ्रीकी पेसर कगीसो रबाडा ने पांच बार आउट किया था. उनके अलावा वर्नेन फिलेंडर ने रोहित को टेस्ट क्रिकेट में तीन बार आउट किया है.
रोहित का विकेट लेने वाले नैथन लायन. ऑस्ट्रेलिया स्पिन गेंदबाज़ों में नंबर दो पर काबिज़ हैं. शेन वॉर्न के बाद वो ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज़्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज़ हैं. इस टेस्ट में अगर लायन तीन विकेट और चटकाते हैं तो वो शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा वाली 400 से ज़्यादा विकेटों की लिस्ट में शामिल होने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ बन जाएंगे.
चार मैचों की टेस्ट सीरीज़ में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर खड़ी है. ब्रिस्बेन टेस्ट जीतने वाली टीम सीरीज़ भी जीत जाएगी.




















