The Lallantop

स्टीव स्मिथ ने कोटला ड्रेसिंग रुम में... बैटिंग कोच ने स्मिथ पर क्या कहा?

स्मिथ को किस बात का पछतावा है?

Advertisement
post-main-image
स्टीव स्मिथ (PTI)

ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ के शुरुआती दोनों मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा है. पहले नागपुर और फिर दिल्ली में कमिंस की कप्तानी वाली टीम ने इंडियन स्पिनर्स के आगे घुटने टेक दिए. दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में स्टीव स्मिथ (Steve Smith) समेत टीम के अधिकतर प्लेयर्स स्वीप शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए.

स्पिनर्स के सामने लगातार मुश्किल का सामना करने वाले ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाजों ने दिल्ली टेस्ट में स्वीप शॉट को हथियार बनाया था. लेकिन कई प्लेयर्स स्वीप और रिवर्स स्वीप के चक्कर में मुश्किल में फंसे. अश्विन और जडेजा की स्पिन जोड़ी के सामने ऑस्ट्रेलियंस का ये दांव उल्टा पड़ गया.

दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में उस्मान ख्वाजा, स्टीव स्मिथ, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी और पैट कमिंस समेत कई कंगारू बल्लेबाज स्वीप या रिवर्स स्वीप खेलते हुए ही आउट हुए. आउट होने के बाद स्मिथ ड्रेसिंग रूम में काफी गुस्से में नजर आए. और इस पर अब ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजी कोच माइकल डी वेनुटो ने बात की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
# Smith हुए आग-बबूला

माइकल डी वेनुटो के मुताबिक स्मिथ ने टीम के बाकी प्लेयर्स को बताया था कि कैसे शॉट नहीं खेलने हैं. बैटिंग कोच ने कहा,

‘जब वो आउट हुए तो निश्चित रूप से निराश थे, और उन्होंने ड्रेसिंग रूम में यह स्पष्ट कर दिया कि यह एक खराब शॉट था. मुझे लगता है कि ज्यादातर लोगों ने ये सुना होगा, इसलिए बाकी लोगों को ये पता होना चाहिए था कि पिच पर किस तरह के शॉट नहीं खेलने हैं.’

Advertisement

वेनुटो ने आगे कहा कि स्मिथ इन कंडीशन में खेलना पसंद करते हैं. लेकिन अपना प्रभाव नहीं छोड़ पाने को लेकर निराश हैं. उन्होंने कहा,

‘मैंने अभी तक उनसे इस बारे में बात नहीं की है. लेकिन वो इन कंडीशन में खेलने को लेकर काफी उत्साहित हैं, वो इसे काफी पसंद करते हैं. हालांकि वो जिस तरह का प्रभाव छोड़ना चाहते थे, फिलहाल वो ऐसा नहीं कर पाए हैं. इसको लेकर वो काफी निराश होंगे.’

साथ ही बैटिंग कोच ने आगे कहा कि प्लेयर्स ने प्लान से अलग हटकर बैटिंग की, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा. उन्होंने कहा,

Advertisement

‘निश्चित तौर पर हमारी प्लानिंग गलत हो गई थी. हमने अच्छी प्लानिंग की थी, लेकिन अगर खिलाड़ी इससे अलग काम करेंगे तो टीम को परेशानी झेलनी होगी. यह निश्चित तौर पर स्पष्ट था कि हमने कहां गलती की. आपको इस कंडीशन में संभलकर खेलते हुए आगे बढ़ना होता है. अगर अपनी रणनीति से भटकते हो तो फिर आप मुश्किल में पड़ जाओगे.’

इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट मैच इंदौर में खेला जाएगा. जहां ऑस्ट्रेलियन टीम की कोशिश सीरीज़ में वापसी करने की होगी. लेकिन इसके लिए टीम को अपनी रणनीति में काफी बदलाव करना होगा. अब देखना होगा कि टीम इंडियन स्पिनर्स के खिलाफ क्या प्लान लेकर उतरती है.
 

वीडियो: Ind vs Aus के पहले टेस्ट मैच के बाद नागपुर की पिच पर जाडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के मज़े ले लिए!

Advertisement