भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फरवरी महीने से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत होने जा रही है. 4 मैच की टेस्ट सीरीज़ का पहला मुकाबला 9 फरवरी से खेला जाएगा. जिसकी शुरुआती दो मुकाबलों के लिए सेलेक्शन कमेटी ने टीम का ऐलान कर दिया है. 17 सदस्यीय इस टीम में युवा विकेटकीपर ईशान किशन को जगह दी गई है.
टेस्ट टीम के रेगुलर विकेटकीपर ऋषभ पंत एक्सीडेंट के बाद क्रिकेट से दूर हैं. ऐसे में ईशान किशन और केएस भरत को बतौर विकेटकीपर इस टीम में शामिल किया गया है. ऐसे में रेड बॉल फॉर्मेट में मौका मिलने पर किशन ने खुशी ज़ाहिर की है. किशन ने टीम इंडिया के साथी खिलाड़ी शुभमन गिल के साथ बातचीत में टेस्ट क्रिकेट को लेकर बहुत सारी बातें बताईं. इसका वीडियो BCCI ने अपने ऑफिशियल हैंडल से शेयर किया है.
ईशान ने क्यों कहा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ यंगस्टर वाली हरकत नहीं करूंगा!
किशन और गिल की बातचीत का वीडियो BCCI ने किया शेयर.
.webp?width=360)

ईशान किशन ने टीम में जाने को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि मौके मिलने पर वो टीम के लिए मैच जीतने की कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा,
‘मैं टेस्ट टीम में चुने जाने को लेकर बहुत खुश हूं. मैं जब कभी व्हाइट बॉल क्रिकेट में अच्छा करता था तो मेरे पिता कहते थे कि टेस्ट क्रिकेट ही असली गेम है. यहां पर चुनौतियां होती हैं. बल्लेबाजों की स्किल का टेस्ट होता है. उस लेवल पर खेलना बहुत बड़ी चीज़ होती है. जब मुझे पता चला की मैं टेस्ट टीम में आया हूं तो मुझे बहुत खुशी हुई. अगर मुझे मौका मिला तो मैं टीम को जिताने की कोशिश करूंगा.’
ईशान किशन के मुताबिक वो टेस्ट क्रिकेट में परिस्थिति के अनुसार जिम्मेदारी के साथ बैटिंग करना चाहते हैं. उन्होंने गिल से बातचीत में कहा,
‘टेस्ट में सिचुएशन के हिसाब से ही मैं अपनी पारी की शुरुआत करना चाहूंगा. अगर फील्डर ऊपर होंगे तो मैं गेंद देखकर शॉट मारूंगा, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में आपको संभल कर खेलना होता है. यह अलग फॉर्मेट होता है, आपको यहां परिस्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करनी होती है. टेस्ट में मैं जिम्मेदारी के साथ बैटिंग करूंगा. ’
ईशान से बातचीत के दौरान शुभमन ने पूछा कि क्या वह वनडे और T20 की तरह टेस्ट में भी बाउंड्री लगाकर ही खाता खोलेंगे. जिसका जवाब देते हुए किशन ने कहा,
‘वहां यंगस्टर वाली हरकत नहीं करूंगा.’
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली ये सीरीज़ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के हिसाब से काफी महत्वपूर्ण होने वाली है. 4 मैच की सीरीज़ में अगर भारतीय टीम सभी मुकाबले जीत जाती है तो वो इस इवेंट के फाइनल में आसानी से पहुंच जाएगी. जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम फाइनल में पहले से ही अपना स्थान पक्का कर चुकी है.
# पहले 2 टेस्ट के लिए भारतीय टीमरोहित शर्मा (कैप्टन), केएल राहुल (उपकप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), आर अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रविन्द्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, सूर्यकुमार यादव.
वीडियो: ईशान किशन के ऊपर शुभमन गिल को खिलाने वाले फैसले का मोहम्मद कैफ ने समर्थन किया है!




















