श्रीलंका (Srilanka) अगले साल होने वाले अंडर 19 वर्ल्ड कप (Men's under 19 world cup) की मेजबानी करने वाला था. लेकिन अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कहा है कि श्रीलंका से मेजबानी छीन ली गई है. इससे पहले ICC ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) को निलंबित कर दिया था. ICC ने ये भी बता दिया है कि अब अंडर 19 वर्ल्ड कप किस देश में कराया जाएगा.
श्रीलंका के साथ तो और बुरा हो गया, इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी भी छिनी
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और वहां के खेल मंत्रालय में चल रही तकरार के बीच ICC ने अंडर 19 वर्ल्ड कप की मेजबानी में बदलाव कर दिया है. श्रीलंका को लगे इस झटके के बाद अब यह टूर्नामेंट कब और कहां होगा?


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकारी हस्तक्षेपों के कारण श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को निलंबित कर दिया गया था. SLC के निलंबन के बाद अब यहां मेंस अंडर 19 वर्ल्ड कप नहीं होगा. 21 नवंबर को अहमदाबाद में ICC बोर्ड की बैठक में ये फैसला लिया गया. हालांकि, इससे श्रीलंका की द्विपक्षीय श्रृंखलाएं और घरेलू क्रिकेट को कोई फर्क नहीं पड़ेगा.
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने ICC से अपील की थी. सिल्वा ने कहा कि एक अपवाद के तौर पर निलंबित होने के बावजूद भी श्रीलंका को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की अनुमति दी जाए. सिल्वा की बोर्ड सदस्यों से की गई इस अपील के कारण श्रीलंका को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की अनुमति दे दी गई.
ये भी पढ़ें: ICC ने श्रीलंका क्रिकेट को तत्काल सस्पेंड किया, आगे क्या होगा टीम का भविष्य?
अब कहां होगा Men's under 19 world cup?अब इस टूर्नामेंट की मेजबानी साउथ अफ्रीका को दी गई है. ESPNcricinfo की एक खबर के मुताबिक, आगामी 13 जनवरी से 4 फरवरी तक मेंस अंडर 19 वर्ल्ड कप खेले जाने की संभावना है. इस टूर्नामेंट में 16 टीम्स शामिल होने वाली हैं.
दरअसल, पिछले कुछ समय से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और वहां के खेल मंत्रालय में तकरार चल रही है. सरकार ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार में शामिल होने और कुप्रबंधन का आरोप लगाया है.
इसके बाद श्रीलंका के खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने पूरे श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को ही निलंबित कर दिया. श्रीलंकाई संसद ने 9 नवंबर को एक प्रस्ताव पास किया, जिससे श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की गवर्निंग बॉडी को निरस्त कर दिया गया था. इस प्रस्ताव को संसद में बैठी सत्ताधारी और विपक्ष, दोनों पार्टियों की सहमति से पास किया गया. श्रीलंका में इसी राजनीतिक विवाद के बाद ICC ने श्रीलंका की टीम की सदस्यता को निलंबित कर दिया था.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में तकरार उस समय सामने आई, जब वनडे क्रिकेट का विश्व कप चल रहा था. इसमें श्रीलंका की टीम का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा. श्रीलंका ने नौ में से केवल दो मैच ही जीते. श्रीलंका की टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी जगह नहीं बना पाई.
ये भी पढ़ें: श्रीलंका में बोर्ड के निपटने के बाद पाकिस्तान से खबर आई है
वीडियो: अफगानिस्तान ने श्रीलंका को हरा इतिहास रच दिया






















