9 दिसंबर 2016 को पहली बार कोई भारतीय खिलाड़ी विदेशी T20 फ्रेंचाइज़ लीग में खेला. उस खिलाड़ी ने पहले मैच में ही 28 गेंदों पर नॉट-आउट 47 रन ठोके और ऑस्ट्रेलियाई लिजेंड एडम गिलक्रिस्ट भी उनकी पारी देख दंग रह गए. अब पांच साल बाद उसी खिलाड़ी को विदेशी T20 लीग में प्लेयर ऑफ द सीरीज़ चुना गया है. जो कि पहली बार BBL T20 लीग में किसी भारतीय को मिला है. उस खिलाड़ी का नाम है हरमनप्रीत कौर. भारतीय महिला T20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रच दिया है. हरमनप्रीत, ऑस्ट्रेलिया में चल रही विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) की प्लेयर ऑफ़ दी टूर्नामेंट चुनी गई हैं. इस खिताब को जीतने वाली वो केवल तीसरी नॉन-ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बनी हैं. हरमन को यह खिताब उनके ऑल राउंड प्रदर्शन के लिए मिला है. मेलबर्न रेनेगेड्स की टीम के लिए खेलने वालीं हरमन 2021 के सीज़न में 66.50 की औसत से 399 रन बना चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने 15 विकेट भी चटकाए हैं. रेनेगेड्स की टीम के लिए इस साल ना तो किसी ने हरमन से ज्यादा रन बनाए हैं और ना ही उनसे ज्यादा विकेट लिए हैं.
BCCI से क्या चाहती हैं हरमन? हरमन का मानना है कि ये 'प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट' का खिताब भारत की बाकी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगा. साथ ही भारत में महिलाओं के आईपीएल (IPL) को लाने में मदद करेगा. हरमन का कहना है कि वे काफी समय से इसका इंतज़ार कर रहीं हैं और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) से इसे लेकर गुज़ारिश भी कर रहीं हैं. भारत में जल्द से जल्द विमेंस IPL को शुरू करने पर क्रिकइंफो से बात करते हुए हरमन ने कहा,
'मुझे लगता है कि हम काफी समय से इसका इंतज़ार कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द ये विमेंस IPL भी शुरू होगा. हमे भी विदेशी खिलाड़ियों को हमारे यहां बुलाने का मौका मिलेगा जिससे वे यहां आकर हमारे डोमेस्टिक खिलाड़ियों के साथ अपना अनुभव साझा कर सकें. ये कुछ ऐसा है जिसका हम काफी समय से इंतज़ार कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि ये जल्द ही होगा.'
इसके साथ हरमन का यह भी कहना है कि IPL को शुरू करना खिलाड़ियों के हाथ में नहीं है. खिलाड़ी सिर्फ परफॉर्म करके दे सकते हैं लेकिन जो फैसले लेने हैं वो अंत में बोर्ड को ही लेने हैं. हरमन ने कहा,
'हमारे हाथ में सिर्फ परफॉर्म करना है और वो हम कर रहे हैं. बाकी सब कुछ BCCI के हाथ में है. हम इसमें ज्यादा कुछ नहीं कर सकते. बस रिक्वेस्ट कर सकते हैं जो कि हम कई साल से कर रहे हैं. बोर्ड चीज़ों को हमसे बेहतर जनता है. उन्हें पता है कि इसे कब और कैसे शुरू करना है. और मुझे पूरी उम्मीद है कि बोर्ड इस बारे में जरूर सोच रहा है और वे जल्द ही महिला क्रिकेट के लिए कुछ लेकर आएंगे.'
हरमनप्रीत की बात करें तो जबसे उन्होंने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की है. तबसे ही वे बाकी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनी हुई हैं. हरमनप्रीत, ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग और इंग्लैंड में सुपर लीग खेलने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी थीं. आज आलम ये है कि 2021 WBBL में आठ भारतीय खिलाड़ी भाग ले रहीं हैं. उम्मीद है हरमनप्रीत और भारतीय खिलाड़ियों के ऐसे ही प्रदर्शन के बाद भारत में महिला IPL भी जल्दी ही शुरू होगा.