पाकिस्तान और इंग्लैंड (PAK vs ENG) के बीच रावलपिंडी में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है. जहां पहले मैच के पहले दिन से ही रिकॉर्ड बन रहे हैं. एकदम सपाट पिच पर जहां इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों ने 657 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए. वहीं पाकिस्तान ने भी इसका करारा जवाब देते हुए तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट खोकर 482 रन बना लिए. अब इस स्कोर को देखकर आप भी समझ गए होंगे कि विकेट पर बोलर्स के लिए कुछ भी नहीं है. उसमें भी जब बॉल की शाइन चली जाती है तो बोलर्स के लिए और मुश्किल हो रही है.
लेकिन इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट (Joe Root) ने शाइन को बरकरार रखने के लिए एक ऐसा तोड़ निकाला है, जिसे देखकर आप भी लोटपोट हो जाएंगे. दरअसल, मुंह की लार द्वारा गेंद को शाइन पर लगे बैन के बाद ये ऐसा देसी जुगाड़ है, जो किसी ने शायद ही क्रिकेट मैदान पर पहले कभी देखा होगा. गेंद की शाइन बरकरार रखने के लिए रूट गेंद को जैक लीच (Jack leach) के सिर पर रगड़ते नजर आए. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
बीच मैच में रूट ने जैक लीच के साथ कुछ ऐसा किया, जो गली क्रिकेट में मार करा देगा!
जो रूट का जुगाड़ तो तगड़ा है.


ये वाकया 72वें ओवर की समाप्ति के बाद हुआ. तब पाकिस्तान की टीम 2 विकेट खोकर 249 रन बना चुकी थी. क्रीज पर कप्तान बाबर आजम के साथ अजहर अली मौजूद थे. अगला ओवर शुरू होने से पहले रूट पास खड़े जैक लीच के पास गए और उनके सर से टोपी हटा गेंद को रगड़कर चमकाया. चूंकि लीच के सर पर बाल नहीं थे तो यहां से पसीना मिल गया. जिसके बाद रूट ने गेंद को चमकाकर इसे ओली रॉबिन्सन को दे दिया. रूट के इस नए तरीके को देखकर कमेंटेटर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
दरअसल, COVID-19 की वजह से ICC ने गेंद पर सलाइवा यानी लार लगाने पर रोक लगा दी थी. बाद में लार के इस्तेमाल को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया. जिस कारण से पसीना गेंद की शाइन बरकरार रखने का एकमात्र तरीका है. यही वजह थी कि रूट ने इस जुगाड़ का इस्तेमाल किया. इस वाकये का वीडियो इंग्लैंड की बार्मी आर्मी ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है. जिसके नीचे एक यूजर ने मजाकिए अंदाज में कमेंट किया,
‘इसे बाल्ड टेंपरिंग कहा जाएगा’
अब रूट ने जिस तरीके से गेंद को चमकाया वो सही है या गलत, इस बात पर तो ट्विटर पर खूब बहस हो रही है. लेकिन हमें इतना पता है कि अगर ऐसी हरकत किसी ने गली क्रिकेट में अपने साथी के साथ कर दी, तो मार होना तय है.
IPL 2023 से बड़ा ही सही नियम आने वाला है!






















