The Lallantop

दादा किसान, पिता सैनिक, शतक के बाद ध्रुव जुरेल ने ऐसे याद की अपनी 'जड़ें'

भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पांच विकेट पर 300 रन बना लिए थे. जब दूसरे दिन भारत की बल्लेबाजी शुरू हुई तो जुरेल के साथ सारांश जैन मौजूद थे. लेकिन सरांश केवल 6 ही रन बना पाए और पवेलियन लौट गए.

Advertisement
post-main-image
भारत के लिए ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन बनाए. (Photo-PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन शतक लगाकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और अपनी नाबाद 115 रन की पारी के साथ टीम के लिए अहम योगदान दिया।
  • श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम की बल्लेबाजी के दौरान जुरेल और ऋषभ पंत ने सातवें विकेट के लिए 123 रन की साझेदारी की, जिसने टीम को संकट से निकाला।
  • भारत ने दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित की, जिससे टीम स्थिति मजबूत हुई और मैच में आगे बढ़ने के लिए अच्छा दबाव बना।

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने कोलंबो टेस्ट में शतक लगाकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट के दूसरे दिन जब जुरेल क्रीज पर उतरे तो वह 7 रन के स्कोर पर खेल रहे थे. लेकिन भारत के पारी घोषित करने तक उन्होंने 115 रन बना लिए थे. शतक के बाद जुरेल का एक अलग सेलिब्रेशन भी नजर आया. यह सेलिब्रेशन भारतीय सेना से जुड़ा था.

Advertisement
ऋषभ पंत और जुरेल की साझेदारी

भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पांच विकेट पर 300 रन बना लिए थे. जब दूसरे दिन भारत की बल्लेबाजी शुरू हुई तो जुरेल के साथ सारांश जैन मौजूद थे. लेकिन सारांश केवल 6 ही रन बना पाए और पवेलियन लौट गए. इसके बाद जुरेल को साथ मिला ऋषभ पंत का. दोनों विकेटकीपर बल्लेबाजों ने मिलकर भारत की पारी को संभाला. दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 123 रन की साझेदारी हुई. श्रीलंकाई गेंदबाज परेशान हो गए, लेकिन इस जोड़ी का तोड़ नहीं निकाल पाए. आखिरकार दूसरे सेशन की शुरुआत में उन्हें ऋषभ पंत का विकेट मिला. पंत 89 गेंदों में 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

तब तक टीम का स्कोर 419 तक पहुंच गया था लेकिन श्रीलंका के खिलाफ टीम किसी रिस्क के मूड में नहीं थी. जुरेल अपनी जिम्मेदारी समझ रहे थे. जुरेल ने अपने शतक के लिए फैंस और अपनी टीम को भी काफी इंतजार कराया. 99 से शतक तक पहुंचने में उन्होंने 12 गेंदें लीं. जिस गेंद पर उन्होंने शतक पूरा किया, उसमें भी फैंस की धड़कनें बढ़ गई थीं.

Advertisement

यह भी पढ़ें- इंडिया के टॉप प्लेयर्स ही बाहर, एशियाड की टेनिस टीम सेलेक्शन पर रोहन बोपन्ना क्यों भड़के?

बाल-बाल बचे ध्रुव जुरेल

असिथा फर्नांडो की गेंद पर ध्रुव जुरेल ने गेंद को खेला और सिंगल लेने दौड़ पड़े. गेंद मिड ऑफ की ओर गई और फील्डर ने सीधे स्टंप्स पर निशाना लगाया. निशाना चूक गया. ध्रुव ने डाइव लगाई और किसी तरह समय पर क्रीज पर पहुंच गए. अगर गेंद सीधे स्टंप्स पर लगती तो ध्रुव आउट होते. ड्रेसिंग रूम में शुभमन गिल के चेहरे पर भी डर का भाव दिख रहा था लेकिन शतक पूरा होते ही गिल समेत पूरे ड्रेसिंग रूम ने स्टैंडिंग ओवेशन देकर जश्न मनाया.

Advertisement

खुद जुरेल के लिए यह पल बेहद खास था. उन्होंने हमेशा की तरह सैल्यूट करके सेलिब्रेट नहीं किया. शतक लगाने के बाद उन्होंने अपनी बाइसेप्स दिखाईं. बाइसेप्स पर टैटू बना हुआ था, जिस पर लिखा था,

जय जवान, जय किसान.

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए ध्रुव जुरेल ने अपने सेलिब्रेशन की वजह के बारे में बताया. उन्होंने कहा, 

मेरे दादाजी किसान थे और मेरे पिताजी सैनिक थे. यही मेरी जड़ें हैं, जहां से मैं आया हूं. मैं इन्हें भूलना नहीं चाहता. इसलिए यह जश्न मेरे पिताजी और दादाजी की वजह से है.

भारत ने दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी. भारत के लिए ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन बनाए, जबकि ऋषभ पंत ने 63 रन की पारी खेली. इससे पहले मैच के शुरुआती दिन देवदत्त पडिक्कल ने 117 और कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन बनाए थे. श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने चार विकेट लिए.

वीडियो: Galle Test जीत से Team India को क्या फायदा, WTC Final के लिए अब क्या करना होगा?

Advertisement