Commonwealth Games 2022. इंडिया के लिए यादगार रहे ये गेम्स खत्म हो गए हैं. बर्मिंघम में हुए इन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया ने कुल 61 मेडल्स जीते. पी.वी सिंधु, लक्ष्य सेन, शरत कमल, बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट, मीराबाई चानू, अमित पंघाल, निखत ज़रीन… ऐसे कई नाम रहे जिनसे हमें मेडल की उम्मीद थी. और यह उम्मीद पूरी भी हुई. लेकिन इन मेडल जीतने वालों में कई ऐसे भी रहे, जिन्होंने पोडियम फिनिश कर हम सभी को चौंका दिया. और आज हम उन्हीं खिलाड़ियों की बात करेंगे.
CWG 2022 के वो मेडलवीर, जिनसे 'किसी' को उम्मीद नहीं थी!
कहानी कमाल के मेडल्स की.


अविनाश साबले. ट्रैक एंड फील्ड का खेल हो, और इनका ज़िक्र ना हो, ये नामुमकिन सा है. 3000 मीटर स्टीपलचेज में ये नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हैं. इतना ही नहीं, इन्होंने कई दफ़ा अपना ही नेशनल रिकॉर्ड भी तोड़ा है. अब आप ये भी सोच रहे होंगे कि इनका ज़िक्र तो हमने अपनी सीरीज़ उम्मीद में भी किया था, तो अब इन्हें चौंकाने वालों में क्यों रख रहे हैं? वो इसलिए, क्योंकि इनका मेडल बहुत ही ज्यादा खास है.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में अविनाश ने सिल्वर मेडल जीता है. अब ये मेडल कितना बड़ा है, चलिए आपको बताते हैं. दरअसल, साल 1998 के बाद से 3000मीटर स्टीपलचेस में केन्या के खिलाड़ियों के अलावा किसी ने पोडियम फिनिश किया ही नहीं था. 24 साल में केन्या की ये स्ट्रीक तोड़ने वाले अविनाश पहले खिलाड़ी हैं.
ट्रैक एंड फील्ड. इस बार इंडियन एथलीट्स ने यहां शानदार प्रदर्शन कर, सबको चौंका दिया. हाई जम्प, लॉन्ग जम्प, ट्रिपल जम्प इन सभी इवेंट्स में हमारे एथलीट्स ने मेडल हासिल किए हैं. लेकिन इन सबमें, सबसे शानदार चमकता हुआ गोल्ड मेडल आया है ट्रिपल जम्प में. और ऐसा पहली बार हुआ जब इंडिया ने ट्रिपल जम्प में गोल्ड मेडल जीता हो. और ये लेकर आए हैं एल्डहोस पॉल.
इस मेडल के लिए एल्डहोस ने 17 मीटर से ऊपर की छलांग लगाई है. और इनके अलावा भी ट्रिपल जम्प में इंडिया ने बढ़िया किया है. इस इवेंट का सिल्वर मेडल अब्दुल्ला अबूबकर के नाम रहा. ब्रॉन्ज़ मेडल भी इंडिया का हो सकता था, लेकिन प्रवीन चित्रवेल 0.03 मीटर से चूक गए.
तेजस्विन शंकर. वही एथलीट, जिन्होंने हाई जम्प में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता था. तेजस्विन इंडिया के लिए हाई जम्प में पहला मेडल लेकर आए थे. इस मेडल की उम्मीद कम ही लोगों को थी. यहां तक कि तेजस्विन भी इस मेडल के लिए श्योर नहीं थे. क्योंकि जब टीम इंडिया का पूरा दल बर्मिंघम में पहुंच गया था, उस समय तक टीम में उनका सेलेक्शन ही नहीं हुआ था.
और वो अपने सेलेक्शन के लिए कोर्ट में केस लड़ रहे थे. तेजस्विन ने केस जीता. अपने इवेंट से महज तीन दिन पहले बर्मिंघम पहुंचे, और इंडिया के लिए एक मेडल पक्का कर दिया. ब्रॉन्ज़ मेडल के लिए तेजस्विन ने 2.22 मीटर की कूद लगाई.
# CWG 2022 से गोल्ड लाईं नीतू घंघसकॉमनवेल्थ गेम्स शुरू होने से पहले बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल के लिए लम्बी चर्चाएं होती थी. और इन चर्चाओं में अमित पंघाल, वर्ल्ड चैम्पियन निकहत ज़रीन, टोक्यो ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन के नाम का ज़िक्र होता था. इनमें लवलीना को छोड़, सबने उम्मीदें पूरी भी कीं. लेकिन इन सबके बीच एक और लड़की ने कमाल किया. 21 साल की नीतू घंघस ने 48kg कैटेगरी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया.

नीतू ने फाइनल मैच में इंग्लैंड की डेमी-जेड रेज़टान को हराकर गोल्ड मेडल जीता. यहां मजे की बात ये है, कि जब ये टूर्नामेंट शुरू हुआ था तब गोल्ड मेडल की चर्चा में इनका नाम दूर-दूर तक कहीं नहीं शामिल था. लेकिन नीतू ने अपना इवेंट खत्म होते-होते ये सारी चर्चाएं बदल दीं.
# CWG 2022 में Lawn Bowl में कमालऔर अंत में जिस गोल्ड मेडल ने हम सबको चौंकाने के साथ सबसे ज्यादा खुश किया, वो आया लॉन बॉल्स में. लॉन बॉल्स में उम्मीद तो छोड़िए, कई लोगों को पता ही नहीं था कि ऐसा कोई गेम भी होता है. और फिर इसी गेम में लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया और रूपा रानी तिर्के ने इतिहास रचते हुए इंडिया को पहला गोल्ड मेडल दे दिया.
फाइनल मैच में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 17-10 से हराया. टीम इंडिया के मेडल पक्का करने से पहले इस गेम को कोई नहीं जानता था और अब लोगों के अंदर इसकी दिलचस्पी काफी बढ़ गई है.
टेबल टेनिस में शरत कमल टीम के लिए कितने मेडल्स ले आए?




















