The Lallantop

रोनाल्डो ने नेशनल कैंप बीच में छोड़ा, अब सोशल मीडिया पर लिखा, समय आने पर सच बताऊंगा!

UEFA Nations League : 1 अक्टूबर को पुर्तगाल का सामना डेनमार्क से है. लेकिन, इस मैच से पहले अचानक कप्तान Cristiano Ronaldo ने बीच में टीम का कैंप छोड़ दिया. इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर पूरी जानकारी भी दी है.

Advertisement
post-main-image
पुर्तगाल का कैंप बीच में छोड़कर चले गए क्रिस्टियानो रोनाल्डो. (Courtesy : AFP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 30 सितंबर को पुर्तगाल की नेशंस लीग टीम का कैंप अचानक छोड़ने का फैसला किया और सोशल मीडिया पर कहा कि सही समय पर पूरी सच्चाई बताएंगे।
  • 27 सितंबर को नॉर्वे के खिलाफ मैच में रोनाल्डो को टीम में शामिल नहीं किया गया और 30 सितंबर को कोच जॉर्ज जीसस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद विवाद बढ़ा।
  • इस घटना के बाद पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन ने रोनाल्डो के कैंप छोड़ने की पुष्टि की है, और उनके इंटरनेशनल करियर के भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो नेशंस लीग से अचानक अपनी टीम का कैंप बीच में छोड़कर चले गए. इसके कारण फैंस के मन में अब एक ही सवाल है. क्या ये रोनाल्डो के इंटरनेशनल करियर का भी अंत है? ये सवाल इसलिए भी क्योंकि रोनाल्डो ने इसके बाद जिस तरह का पोस्ट सोशल मीडिया पर किया है. वो भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं.  

Advertisement

30 सितंबर को रोनाल्डो अचानक नेशंस लीग में पुर्तगाल का कैंप बीच में छोड़कर चले गए. हालांकि, इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने कहा कि वे अपने फैसले के पीछे की पूरी सच्चाई सही समय आने पर बताएंगे. अपने इस पोस्ट में रोनाल्डो ने नेशनल टीम और अपने साथियों को शुभकामनाएं भी दीं.

रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?

रोनाल्डो के मुताबिक, उन्होंने पुर्तगाली फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष पेड्रो प्रोएना से बात करने और कोच जॉर्ज जीसस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सोशल मीडिया पर ये मैसेज पोस्ट किया. रोनाल्डो ने लिखा,

Advertisement

नेशनल टीम के कोच की प्रेस कॉन्फ्रेंस और पुर्तगाली फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष से बातचीत के बाद, मैंने नेशनल टीम के ट्रेनिंग कैंप से हटने का फैसला किया है. सही समय आने पर, मैं सभी पुर्तगाली लोगों को उन वजहों के बारे में सच बताऊंगा. क्यों  मुझे नेशनल टीम छोड़नी पड़ी, जिसके लिए मैंने हमेशा खुद को समर्पित किया है.

रोनाल्डो में अपने पोस्ट के अंत में लिखा कि पुर्तगाल और मेरे सभी साथ‍ियों को शुभकामनाएं देने का सही समय आ गया है. इसी मैसेज के लहजे के कारण अब ये सवाल उठने लगे हैं कि क्या ये रोनाल्डो के इंटरनेशनल करियर का अंत है. हालांकि, अभी उन्होंने आध‍िकारिक तौर पर रिटायरमेंट का ऐलान नहीं किया है. GOAL ने इस पोस्ट को विदाई जैसा ही बताया है.  

ronaldo social media post
रोनाल्डो का एक्स पर पोस्ट. (Courtesy: X/@Cristiano)
पूरा विवाद क्या है?

अब ये भी समझ लेते हैं कि पूरा विवाद क्या है? दरअसल, रोनाल्डो 30 सितंबर को कोपेनहेगन में पुर्तगाल के कैंप से चले गए. वो भी तब, जब 1 अक्टूबर को पुर्तगाल का सामना डेनमार्क से है. लेकिन, इस विवाद की शुरुआत 27 सितंबर को ही हो गई थी. नॉर्वे के खि‍लाफ पुर्तगाल की 2-1 से जीत के दौरान रोनाल्डो को टीम में जगह नहीं दी गई थी. वो सब्स्टीट्यूट के तौर पर बेंच पर ही रह गए.

Advertisement

कोच जीसस ने उनसे कहा था कि वे बेंच से आएंगे. लेकिन, उन्होंने रोनाल्डो को मैदान पर नहीं उतारा. इसके बाद, 28 और 29 सितंबर को रोनाल्डो ने बाकी टीम के साथ ट्रेनिंग करने के बजाय जिम में वर्कआउट किया. जीसस ने इसके बाद 30 सितंबर को हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोर देकर कहा था कि उनके बीच कोई बड़ी समस्या नहीं है.

ये भी पढ़ें : शुभमन गिल का रिकॉर्ड शतक, भारत की जीत में बन गए कई ऐ‍तिहासिक रिकॉर्ड्स

कोच जीसस ने क्या कहा था?

हालांकि, पुर्तगाल के कोच ने कहा कि रोनाल्डो टीम के साथ ट्रेनिंग करेंगे. साथ ही ये भी साफ किया कि वो ही तय करेंगे कि रोनाल्डो डेनमार्क के खि‍लाफ खेलेंगे या नहीं. जीसस ने कहा,

मैं कोच हूं. मैंने रोनाल्डो से कहा था कि वह मैच शुरू नहीं करेंगे. वो बतौर सब्स्टीट्यूट बेंच पर रहेंगे.

हालांकि, इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ ही देर बाद रोनाल्डो टीम का बेस छोड़कर चले गए. पुर्तगाली अखबार 'ए बोला' के अनुसार, जब उनके साथी खिलाड़ी ट्रेनिंग के लिए आ रहे थे. तब रोनाल्डो पुर्तगाली फुटबॉल फेडरेशन की गाड़ी में बैठकर पार्केन स्टेडियम से चले गए.

जीसस ने पहले कहा था कि नॉर्वे के खि‍लाफ टीम में शामिल न किए जाने से रोनाल्डो नाखुश थे. लेकिन, उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मामला अब खत्म हो चुका है. पुर्तगाली फुटबॉल फेडरेशन ने भी पुष्टि कर दी है कि रोनाल्डो कैंप छोड़कर चले गए हैं.

रोनाल्डो हैं रिकॉर्ड गोल स्कोरर

इस पूरे प्रकरण और उसके बाद रोनाल्डो के बयान ने उनके फ्यूचर को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. रोनाल्डो पुर्तगाल के लिए सबसे ज़्यादा 234 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. 146 गोल के साथ वो देश के रिकॉर्ड गोलस्कोरर भी हैं. उन्होंने दो दशकों से ज्यादा समय तक पुर्तगाल को रिप्रजेंट किया है. 

कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने फ्यूचर के बारे में भी बात की थी. वहीं, अगस्त में उन्होंने कहा था कि 2026 शायद एक प्रोफेशनल फ़ुटबॉलर के तौर पर उनका आखिरी साल होगा. हालांकि, अभी तक रिटायरमेंट पर उन्होंने कोई ऑफिश‍ियल अनाउंसमेंट नहीं किया है. 

वीडियो: पिता के निधन से टूटे Lionel Messi, संन्यास को लेकर किया बड़ा ऐलान

Advertisement