The Lallantop

अश्विन ने तो रन आउट कर दिया, लेकिन गेल ने बैट्समैन को कहीं का नहीं छोड़ा था

टी-20 वर्ल्ड कप का मैच था. खेल का असली मजा गेल लेते हैं, देते हैं.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
26 मार्च को आईपीएल के एक मैच में अश्विन ने बटलर को नॉन-स्ट्राइकिंग एंड पर रन आउट कर दिया. इसके बाद से हो-हल्ला मचा हुआ है. कई लोग अश्विन को खेल भावना से खेलने की नसीहत दे रहे हैं, तो कई लोग इस मसले पर उनके साथ हैं. इस वाकये से कुछ ऐसा सा ही एक वाकया याद आ गया, जब गेल ने मॉर्गन की मौज ले ली थी. 2012 में श्रीलंका में T-20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा था. लीग मैच में वेस्ट इंडीज़ और इंग्लैंड की मुलाकात हुई. वेस्ट इंडीज़ ने पहले बैटिंग करते हुए 179 रन बनाए थे. इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 180 रन बनाने थे. 13 ओवर के बाद इंग्लैंड ने 3 विकेट खोकर 86 रन बना लिए थे. 14वां ओवर करने आए क्रिस गेल. हेल्स स्ट्राइक पर थे और मॉर्गन नॉन स्ट्राइकिंग एंड पर. मॉर्गन उस वक्त 7 गेंदों में 10 रन बनाकर खेल रहे थे. गेल के गेंद डालने से ठीक पहले मॉर्गन नॉन-स्ट्राइकिंग एंड की क्रीज से आगे बढ़ गए. यह गेल ने देख लिया. इसके बाद क्या हुआ, इसके लिए पहले यह वीडियो देखिए.
गेल के पास भरपूर मौका था मॉर्गन को आउट करने का, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. गेल बार-बार स्टंप के पास बॉल ले जाते रहे लेकिन गिल्लियां नहीं बिखेरीं. गेल ने मॉर्गन को माफी दे तो दी लेकिन मौज लेने में कोई कसर न छोड़ी. मॉर्गन की तो कुछ सेकंड्स के लिए सांस ही अटक गई होगी. इतनी चेतावनी मॉर्गन के लिए काफी रही होगी. इसके बाद गेल हंसते हुए अगली बॉल करने के लिए आ गए. उस वक्त 10 रन पर खेल रहे मॉर्गन ने 36 गेंदों में नॉट आउट 71 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जितवा नहीं सके थे. इंग्लैंड की टीम 164 रन ही बना सकी थी. 2012 T-20 वर्ल्ड कप वेस्ट इंडीज़ ने जीता था. अश्विन ने जिस तरह से बटलर को रन आउट किया, उसे ‘मांकड़ आउट’ कहते हैं. क्रिकेट में यह लीगल है. अश्विन इससे पहले भी ऐसा कर चुके हैं. यह कहानी भी साल 2012 की है, जब अश्विन ने श्रीलंकाई प्लेयर थिरिमाने को मांकड़ आउट कर दिया था लेकिन उस मैच में कप्तानी कर रहे वीरेंद्र सहवाग ने सचिन तेंडुलकर से बातचीत करके यह अपील वापस ले ली थी.
वीडियो- नवदीप सैनी ने शेन वाट्सन के हेलमेट पर गेंद दागकर IPL में हाजिरी दर्ज करवा दी है

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement