The Lallantop

DRS में झोल है? तकनीक पर सवाल खड़ा कर गए ये विवादित फैसले

पिछले कुछ समय में Hawk Eye के फैसलों को लेकर काफी विवाद हुआ है. ये विवाद IND vs ENG सीरीज के साथ-साथ PSL और अब विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में भी देखने को मिला है.

Advertisement
post-main-image
पिछले महीनों में कुछ फैसलों को लेकर हॉक आई टेक्नोलिजी को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं (फोटो: X)

क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली टेक्नॉलजी हॉक-आई (Hawk Eye) के पिछले कुछ समय में फैसलों को लेकर काफी विवाद हुआ है. चाहे वो भारत-इंग्लैंड (IND vs ENG) टेस्ट सीरीज हो या फिर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) या अब विमेंस प्रीमियर लीग (WPL)... हर जगह हॉक-आई की तरफ से कुछ विवादित फैसले दिए गए हैं. और इन फैसलों को लेकर कई बार क्रिकेटर्स से लेकर एक्सपर्ट्स तक अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. एक बार तो नौबत ऐसी आ गई थी जब टेक्नॉलजी के मालिकों की तरफ से विवादास्पद फैसले को लेकर माफी तक मांगनी पड़ गई थी. आपको हाल के दिनों में ऐसे विवादास्पद फैसलों के बारे में बताते हैं.

Advertisement
जो रूट के विकेट पर विवाद

IND vs ENG रांची टेस्ट मैच में जो रूट के विकेट को लेकर विवाद हुआ था. इंग्लैंड की सेकंड इनिंग का 16वां ओवर रविचंद्रन अश्विन डाल रहे थे. इस ओवर की आखिरी गेंद जो रूट के पैड पर जाकर लगी. अश्विन की अपील को अंपायर ने नकार दिया. जिसके बाद इंडियन कैप्टन रोहित शर्मा ने DRS लिया. बॉल-ट्रैकिंग में पता चला कि गेंद लेग स्टंप के आसपास पिच कर रही थी और सीधे जाकर स्टंप को हिट कर रही थी. थर्ड अंपायर ने जो रूट को आउट दे दिया था. इस फैसले को लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने नाराजगी जाहिर की थी. जिसके बाद हॉक-आई के फाउंडर पॉल हॉकिंस ने उन्हें अनपढ़ तक कह दिया था.

Advertisement
PSL में गलती को लेकर मांगी थी माफी

अब बात करते हैं पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में क्वेटा ग्लैडिएटर्स और इस्लामाबाद यूनाइटेड के मैच में हुए विवाद की. क्वेटा की पारी का 11वां ओवर आगा सलमान डाल रहे थे. इस ओवर में राइली रूसो ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन पूरी तरह से मिस कर गए. अपील पर अंपायर ने उन्हें LBW आउट करार दे दिया. रूसो ने DRS लिया. हॉक-हाई देखने पर पता चला कि गेंद स्टंप के बाहर पिच हुई और स्टंप को मिस कर रही थी. ये देख हर कोई हैरान रह गया. हैरानी की वजह ये थी कि रीप्ले में गेंद सीधा जाती हुई दिख रही थी. राइली रूसो ने टेक्नॉलजी की गलती का पूरा फायदा उठाकर मैच जिता दिया.

मैच के बाद इस्लामाबाद के कप्तान शादाब खान ने टीम की हार को लेकर DRS को जिम्मेदार ठहराया. बाद में पता चला कि गलत बॉल-ट्रैकिंग डेटा दिखाया गया था, जिस वजह से गलत फैसला दिया गया. इस मामले को लेकर पाकिस्तान सुपर लीग ने प्रेस रिलीज जारी की थी. इसमें कहा गया कि हॉक-आई ने अपनी गलती को स्वीकार किया है.

Advertisement
जैक क्रॉली के विकेट पर उठे सवाल

वहीं राजकोट IND vs ENG मैच में जैक क्रॉली के विकेट को लेकर भी खूब विवाद हुआ. दरअसल, इंग्लैंड की दूसरी पारी का नौवां ओवर जसप्रीत बुमराह डाल रहे थे. ओवर की दूसरी गेंद जैक क्रॉली के पैड से जाकर टकराई. अपील के बाद ग्राउंड अंपायर ने क्रॉली को आउट दे दिया. क्रॉली ने अंपायर के फैसले को चुनौती देते हुए DRS लिया. रीप्ले में देखने पर ऐसा लगा कि गेंद स्टंप से नहीं टकरा रही है. लेकिन फिर भी इसे 'अंपायर कॉल' माना गया और क्रॉली को क्रीज़ छोड़कर जाना पड़ा.

इस विवादास्पद फैसले को लेकर इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स और कोच ब्रेंडन मैकक्लम मैच रेफरी के पास भी गए थे. मैच में इंग्लैंड की हार के बाद कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने जैक क्रॉली (Zak Crawley) को विवादास्पद तरीके से आउट दिए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की. स्टोक्स ने कहा कि डिसीजन रिव्यू सिस्टम (DRS) से 'अंपायर्स कॉल' को हटा देना चाहिए.

WPL में भी हुआ विवाद

वहीं DRS का सबसे हालिया विवादास्पद फैसला आया 4 मार्च को. विमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2023) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और यूपी वॉरियर्स के बीच खेले गए मैच में. दरअसल यूपी वॉरियर्स की पारी का सातवां ओवर जॉर्जिया वेयरहैम डाल रही थीं. ओवर की तीसरी गेंद चमारी अटापट्टू के पैड से जाकर टकराई. हालांकि RCB की अपील को मैदानी अंपायर ने नकार दिया. जिसके बाद RCB कैप्टन स्मृति मांधना ने रिव्यू लिया. 

रीप्ले में देखने पर लगा कि गेंद लाइन में टप्पा खाकर बाएं हाथ की बैटर के लिए लेग स्पिन हो रही है. हालांकि Hawkeye की प्रोजेक्शन के मुताबिक गेंद को गुगली दिखाया गया जो मिडिल स्टंप को हिट कर रही थी. थर्ड अंपायर ने अटापट्टू को आउट दे दिया. अंपायर का ये फैसला देख दूसरे छोर पर बैटिंग कर रहीं एलिसा हिली हैरान रह गईं. मैच के बाद पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा और यूपी वॉरियर्स के कोच जॉन लुईस ने टेक्नॉलजी पर सवाल उठाए.

वीडियो: शार्दुल ठाकुर के शतक ने रणजी में मुंबई को बचाया!

Advertisement