The Lallantop

22 साल में करियर ग्रैंडस्लैम, अल्कराज ने जोकोविच के 25वें ग्रैडस्लैम के इंतजार को बढ़ाया

22 साल के Carlos Alcaraz ने Novak Djokovic को हराकर पहली बार Australian Open ख‍िताब जीत लिया. इसी के साथ उन्होंने महज 22 साल की उम्र में करियर ग्रैंडस्लैम भी पूरा कर लिया है.

Advertisement
post-main-image
ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में कार्लोस अल्कराज ने नोवाक जोकोविच को हराया. (फोटो-AFP)

नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic), राफेल नडाल (Rafael Nadal), रोजर फेडरर (Roger Federer), आंद्रे अगासी (Andre Agassi) और रॉड लेवर (Rod Laver). टेनिस जगत के इन 5 दिग्गजों में एक बात कॉमन है. इन सभी ने ओपन एरा (साल 1968 के बाद) में करियर ग्रैंडस्लैम पूरा किया है. कर‍ियर ग्रैंडस्लैम, माने जिस प्लेयर ने चारों ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन जीते हों. अब इस सूची में एक नाम और जुड़ गया है. स्पेन के 22 साल के कार्लोस अल्कराज (Carlos Alcaraz) का.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
पहली बार जीता ऑस्ट्रेलियन ओपन ख‍िताब

वैसे तो कार्लोस अल्कराज बाकी तीन ग्रैंडस्लैम दो-दो बार जीत चुके थे. लेकिन, ये पहली बार था, जब वो ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचे थे. सामने थे 10 बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच. पहले सेट में वो बुरी तरह पिछड़ गए थे. लेकिन, इसके बाद उन्होंने जिस तरह वापसी की, साफ नज़र आया कि क्यों वो वर्ल्ड के नंबर वन प्लेयर हैं. इस जीत के साथ ही कार्लोस का करियर ग्रैंडस्लैम भी पूरा हो गया. वो ये कारनामा करने वाले सबसे यंगेस्ट प्लेयर बन गए.

लेकिन, सबसे खास बात ये रही कि उन्होंने जिस एरीना में ये उपलब्धि‍ हासिल की. ये रिकॉर्ड इससे पहले उन्हीं के नाम था. ऑस्ट्रेलियन दिग्गज रॉड लेवर. मेलबर्न में अल्कराज ने जोकोविच को 4 सेट तक चले फाइनल में में 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से हराया. इससे पहले, अल्कराज अब तक ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं पहुंच सके थे. लेकिन, इस बार उन्होंने सीजन के पहले ग्रैंडस्लैम को भी डिकोड कर लिया.

Advertisement
अल्कराज ने सेमीफाइनल में दर्शा दिया था माइंडसेट

अल्कराज इस बार ऑस्ट्रेलियन ओपन में किस माइंडसेट से उतरे हैं, ये सेमीफाइनल में ही साफ हो गया था. वर्ल्ड नंबर 3 ज्वेरेव के ख‍िलाफ मुकाबले में 3 घंटे 15 मिनट के बाद वो क्रैंप्स से जूझते हुए गिव अप करने की कगार पर आ गए थे. लेकिन, यहां से वापसी करते हुए न सिर्फ मुकाबले में 5 घंटे 27 मिनट तक लड़ाई दिखाई. 5 सेट तक चले मुकाबले को जीत भी लिया.  

ओपन एरा में करियर ग्रैंडस्लैम पूरा करने वाले अल्कराज छठे प्लेयर हैं. वहीं, 21वीं शताब्दी में वो ये कारनामा करने वाले चौथे प्लेयर हैं. अंतिम बार ये कारनामा ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे फाइनलिस्ट नोवाक जोकोविच ने ही 10 साल पहले किया था. उनसे पहले, उनके बिग थ्री के साथी राफेल नडाल ने इसे 2010 में और रोजर फेडरर ने 2009 में किया था. महज 22 साल की उम्र में अब अल्कराज दिग्गजों की इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं.

ये भी पढ़ें : वैभव दो जीवनदान का नहीं उठा सके फायदा, आयुष का पाकिस्तान के सामने फ्लॉप शो जारी

Advertisement
ओपन एरा में करियर ग्रैंडस्लैम पूरा करने वाले मेंस प्लेयर 

प्लेयर, उम्र, साल, ग्रैंडस्लैम जिसमें पूरा हुआ रिकॉर्ड
कार्लोस अल्कराज, 22 साल 272 दिन,  2026, ऑस्ट्रेलियन ओपन
रॉड लेवर* 24 साल 32 दिन, 1962, यूएस नेशनल चैंपियनश‍िप
राफेल नडाल, 24 साल 102 दिन, 2010, यूएस ओपन
रोजर फेडरर,  27 साल 303 दिन, 2009, रोलां गैरो (फ्रेंच ओपन)
नोवाक जोकोविच, 29 साल 15 दिन, 2016, रोलां गैरो
आंंद्रे अगासी, 29 साल 68 दिन, 1999, रोलां गैरो
*लेवर ने अमेचर के तौर पर करियर ग्रैंडस्लैम 1962 में जीता था. इसके बाद ओपन एरा में उन्होंने 1969 में इसे दोहरा दिया था. 

9 प्लेयर्स जीत चुके हैं करियर ग्रैंडस्लैम

टेनिस के इतिहास में अब तक 9 प्लेयर्स ने करियर ग्रैंडस्लैम जीते हैं. फ्रेड पेरी (1935), डॉन बज (1938) और रॉय एमर्सन (1964) ने 1968 में ओपन एरा शुरू होने से पहले ये कारनामा किया था. रॉड लेवर एकमात्र प्लेयर थे, जिन्होंने ये कारनामा पहले 1962 में किया. फिर ओपन एरा शुरू होने  के बाद 1969 में इसे दोहराया.

करियर का 20वां ग्रैंडस्लैम खेल रहे अल्कराज ने इसी के साथ फाइनल में अपना रिकॉर्ड 7-1 कर लिया. इससे पहले, अल्कराज रोलां गैरो, विंबलडन और यूएस ओपन दो-दो बार जीत चुके हैं. वो अपने बचपन के आइडल राफेल नडाल के बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाले दूसरे स्पेनिश ख‍िलाड़ी बन गए. नडाल ने 2009 और 2022 में ये मेजर ख‍िताब जीता था.

7वां मेजर जीतने वाले भी सबसे यंगेस्ट प्लेयर

अल्कराज ओपन एरा में 7वां सिंगल्स ख‍िताब जीतने वाले भी सबसे यंगेस्ट प्लेयर बन गए. उन्होंने ब्योन बोर्ग का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 1979 में रोलां गैरो के रूप में 7वां मेजर ख‍िताब जीता था. बोर्ग ने अपने 23वें बर्थडे के तुरंत बाद ये कारनामा किया था. अल्कराज ने पहली बार 2022 में यूएस ओपन ख‍िताब जीता था. इसके बाद 2023 में उन्होंने पहली बार विंबलडन जीता. 2024 में उन्होंने अपने इस ख‍िताब की रक्षा भी कर ली. वहीं, रोलां गैरो में वो 2024 और 2025 के चैंपियन बने थे.

वीडियो: कार्लोस अल्कराज को मात देकर विंबलडन चैंपियन बने यानिक सिनर

Advertisement