कनाडा सुपर60 के पहले सेमीफाइनल में एक हैरान करने वाली घटना हुई. 4 अक्टूबर को कनाडा सुपर60 का पहला सेमीफाइनल टोरंटो सिक्सर्स और मिसिसॉगा मास्टर्स के बीच हुआ. यह मुकाबला वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में ऐसा कुछ हुआ, जिसकी सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है. मुकाबले में अली खान ने एक बाउंसर गेंद डाली. यह गेंद टिप्पा खाने के बाद छक्के के लिए बाउंड्री से बाहर चली गई. लेकिन, अंपायर ने 5 ही रन दिए.
अली खान ने फेंकी बाउंसर, गेंद सीधे पहुंची बाउंड्री पार लेकिन छक्के पर क्यों मिले 5 रन?
टोरंटो सिक्सर्स और मिसिसॉगा मास्टर्स के बीच सेमीफाइनल में एक अजीब घटना हुई. टोरंटो सिक्सर्स की इनिंग्स में अली खान बॉलिंग कर रहे थे. ओवर के दौरान उन्होंने एक शॉर्ट पिच बाउंसर गेंद डाली. 6 रनों के लिए बॉल बाहर गई, लेकिन 5 ही रन मिले.

टोरंटो सिक्सर्स की इनिंग्स के दौरान मिसिसॉगा मास्टर्स के पेसर अली खान बॉलिंग कर रहे थे. इस बीच क्रीज पर धुरंधर बैटर कायरन पोलार्ड मौजूद थे. ओवर के दौरान अली खान ने एक शॉर्ट पिच बाउंसर गेंद डाली.
यह बॉल कायरन पोलार्ड की पहुंच से दूर थी. उन्होंने खेलने की कोशिश भी नहीं की. गेंद टिप्पा खाने के बाद विकेटकीपर के ऊपर से निकलती हुई छह रनों के लिए बाउंड्री से बाहर चली गई. इसके बाद बहस शुरू हुई कि यह छक्का है या वाइड बॉल. शायद, क्रिकेट में ऐसा पहली बार हुआ है, जब गेंद टप्पा खाने के बाद सीधे छक्के के लिए बाउंड्री से बाहर गई हो.
अगर वीडियो को ध्यान से देखें, तो उसमें साफ नजर आ रहा है कि गेंद टप्पा खाने के बाद सीथे बाउंड्री से बाहर गिरी है. ऐसे में बैटिंग करने वाली टीम को छक्का मिलना चाहिए. लेकिन, यहां क्रिकेट के नियम आड़े आ गए. क्रिकेट नियमों के मुताबिक छक्का तभी माना जाता है, जब गेंद बैटर के बैट से लगकर बाउंड्री के बाहर जाए.
इस घटना में गेंद और बल्ले के बीच संपर्क नहीं हुआ. इसलिए अंपायर ने इसे छक्का नहीं माना. क्योंकि, गेंद वाइड थी और बिना बैट के संपर्क में आए बाउंड्री से बाहर 6 रनों के लिए गई थी. इसलिए अंपायर ने बैटिंग करने वाली टीम को 6 के बजाय 5 रन दिए. ये सभी 5 रन वाइड के थे.
टोरंटो सिक्सर्स ने इस सेमीफाइनल मुकाबले में मिसिसॉगा मास्टर्स को 9 रनों से हराया. टोरंटो सिक्सर्स ने पहले बैटिंग करते हुए 60 बॉल्स पर 130 रन रन बनाए. टॉप स्कोरर कायरन पोलार्ड रहे. उन्होंने 16 गेंदों पर 40 रनों की आतिशी पारी खेली. पोलार्ड ने अपनी इनिंग्स में 3 चौके और 4 छक्के जड़े. इसके अलावा एंड्रियस गौस ने भी तूफानी अंदाज में 11 गेंदों पर 33 रन जड़े.
ये भी पढ़ें: 4 महीने में 4 पेसर्स का डेब्यू लेकिन नहीं मिला शमी का रिप्लेसमेंट, अब क्या है गंभीर का प्लान B?
मिसिसॉगा मास्टर्स को मैच जीतने के लिए 131 रनों का टारगेट मिला. लेकिन, मिसिसॉगा की टीम 10 ओवर्स में 7 विकेट पर 121 रन बना पाई. एलेक्स लीस ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए. टोरंटो सिक्सर की तरफ से इमाद वसीम ने शानदार बॉलिंग करते हुए 2 विकेट लिए. इस सेमीफाइनल मुकाबले में टोरंटो सिक्सर्स ने मिसिसॉगा को 9 रनों से हराया था.
वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया










