अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज का शेड्यूल जारी कर दिया है. अफगानिस्तान नई दिल्ली में ही भारत की मेजबानी करेगा. उन्हें BCCI से शेड्यूल तय करने की मंजूरी मिल गई है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यह भी साफ किया कि भारत ने उन्हें सीरीज के लिए ये ‘विंडो’ दिया है. हालांकि, अफगानिस्तान के इस ऐलान से बांग्लादेश किक्रेट बोर्ड जरूर निराश हुआ होगा. क्यों? ये बात आगे बताएंगे. पहले अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के ऐलान के बारे में जान लेते हैं.
दिल्ली में होगी भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज, बांग्लादेश के लिए ये बुरी खबर क्यों है?
T20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान नई दिल्ली में ही भारत की मेजबानी करेगा. उन्हें BCCI से शेड्यूल तय करने की मंजूरी भी मिल गई है.

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के सीईओ नसीब खान ने बोर्ड के कर्मशियल पार्टनर्स को लेटर लिखा है. ‘क्रिकबज’ के मुताबिक इस लेटर में लिखा है,
ACB पुष्टि करता है कि अफगानिस्तान का इंडिया टूर 13 से 17 सितंबर के बीच होगा. BCCI के साथ इस दौरे की तारीख और वेन्यू पर बात पक्की हो चुकी है. हालांकि, इस बारे में अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई सार्वजनिक घोषणा नहीं हुई है. ACB का यह लेटर अफगानिस्तान के 2026 के भारत दौरे की तारीख और वेन्यू की आधिकारिक पुष्टि के लिए है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, एसीबी ने BCCI के सामने कुछ खास सुझाव भी रखे हैं. बोर्ड चाहता है कि सीरीज का पहला या दूसरा मैच 14 सितंबर को रखा जाए. इस दिन गणेश चतुर्थी है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड चाहता है कि इस सीरीज को थोड़ा फेस्टिव टच भी मिले. हालांकि, इसे लेकर फिलहाल कुछ तय नहीं हुआ है. अक्सर सुरक्षा कारणों की वजह से त्योहार के समय मैच नहीं कराए जाते हैं.
बता दें कि इससे पहले जून में अफगानिस्तान ने भारत का दौरा किया था. दोनों देशों के बीच मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला गया था और इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी.
यह भी पढ़ें- अफगानिस्तान की जीत ने बढ़ाई वेस्टइंडीज की टेंशन, वर्ल्ड कप खेलने पर लटकी तलवार!
अब बात करते हैं बांग्लादेश बोर्ड की परेशानी की.
भारत-अफगानिस्तान की इस सीरीज ने बांग्लादेश की मुश्किल बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स में बताया गया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का प्लान था कि भारत 1 से 13 सितंबर तक बांग्लादेश का दौरा करे. इस दौरान 6 मैच खेले जाएंगे लेकिन अफगानिस्तान सीरीज का एक मैच भी इसी टाइम पीरियड में पड़ रहा है. अब एक सितंबर को ज्यादा समय भी नहीं है. ऐसे में फिलहाल इसी बात की संभावना ज्यादा है कि भारत बांग्लादेश का दौरा नहीं करेगा. इस दौरे के लिए वैसे भी सरकारी मंजूरी की जरूरत है. यह फैसला केवल BCCI के हाथ में नहीं है.
वीडियो: इंग्लैंड दौरा खत्म होने से पहले होगा इंडियन क्रिकेट कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव?












