The Lallantop

पिता की जूतों की दुकान, बेटे ने मुंबई इंडियंस को रुला लिया!

अभिनव का एक छक्का तो 97 मीटर का था.

Advertisement
post-main-image
अभिनव मनोहर ने मौज कर दी (स्क्रीनग्रैब)

अभिनव मनोहर. गुजरात और मुंबई के बीच 25 अप्रैल, मंगलवार को हुए मैच की पहली पारी के बाद इस बंदे ने खूब चर्चा बटोरी. साल 2022 से गुजरात के साथ मौजूद अभिनव ने अभी तक IPL में कुछ खास नहीं किया था. लेकिन मुंबई के खिलाफ़ हुए मैच में उन्होंने दिखा दिया कि IPL2022 ऑक्शन के दौरान गुजरात ने उन पर 2.60 करोड़ की बड़ी रकम क्यों खर्च की थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अभिनव ने मुंबई के खिलाफ़ सिर्फ 21 गेंदों में 42 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. अपनी पारी में उन्होंने एक 97 मीटर का छक्का भी मारा. और ये छक्का अभिनव ने IPL2023 में मुंबई के बेस्ट बोलर पीयूष चावला की गेंद पर जड़ा.

मनोहर को मुंबई के खिलाफ़ 13वें ओवर में बैटिंग मिली. उस वक्त तक गुजरात का स्कोर बस 100 के पार गया था. जबकि टीम ने चार बड़े विकेट गंवा दिए थे.अभिनव ने अपनी पहली पांच गेंदों पर कुल दो रन बनाए. लग रहा था कि वह एक बार फिर से फ्लॉप होंगे. लेकिन 15वें ओवर ने सारा माहौल ही बदल दिया.

Advertisement

अपने पहले तीन ओवर्स में 17 रन देकर दो विकेट ले चुके चावला आखिरी ओवर लेकर आए. और अभिनव ने उनकी पहली तीन गेंदों पर नौ रन बटोर लिए. उन्होंने पहली दो गेंदों पर दो चौके जड़ने के बाद एक सिंगल लिया. और चौथी गेंद पर मिलर ने सिंगल लेकर दोबारा उन्हें स्ट्राइक सौंप दी. और ओवर की पांचवीं गेंद पर अभिनव ने खुद के आने का ऐलान कर दिया.

उन्होंने पीयूष चावला की गेंद पर आगे निकलते हुई बहुत, मतलब बहुत ही ऊंचा छक्का जड़ दिया. इस छक्के में ऊंचाई के साथ दूरी भी थी. उनके बल्ले से टकराकर गेंद 97 मीटर दूर जाकर गिरी. इस ओवर में कुल 17 रन आए. जेसन बेरनडॉफ़ ने अगला ओवर शांति से निकाल लिया. लेकिन 17वां ओवर लेकर आए राइली मेरेडिथ ऐसा नहीं कर पाए. मनोहर और मिलकर ने इसमें 13 रन बटोर लिए.

Advertisement

लेकिन असली माहौल बना कैमरन ग्रीन द्वारा फेंके गए 18वें ओवर में. अभिनव ने ओवर की दूसरी गेंद को 86 मीटर लंबे छक्के के लिए मिडविकेट बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया. और अगली गेंद लॉन्ग-ऑफ़ के ऊपर से छह रन के लिए गई. इस ओवर में मिलर ने भी एक छक्का मारा. ओवर से आए 22 रन.

अगले ओवर में आए मेरेडिथ ने पहली ही गेंद पर अभिनव को आउट करा दिया. पैड्स पर आई लो फुलटॉस को अभिनव क्लीन नहीं मार पाए और इनसाइड-आउट खेलने के चक्कर में बेरनडॉफ़ को कैच थमा बैठे. लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे. अभिनव ने 21 गेंदों पर 42 रन बनाए. इसमें तीन छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे.

ये हुई अभिनव की पारी की बात. बात उनकी पर्सनल लाइफ़ की करें तो अभिनव का जन्म 16 सितंबर 1994 को बैंगलोर में हुआ था. उनके बचपन के कोच इरफान सैयत ने IPL2022 ऑक्शन के बाद इस प्लेयर के बारे में बताया था,

‘अभिनव के पिता मनोहर सदरंगानी और मैं अच्छे दोस्त हैं. उनकी जूतों की दुकान थी, जबकि मैं कपड़े बेचता था. एक दिन अभिनव के पिता ने उसे क्रिकेट अकैडमी में भर्ती करने को कहा. जिसके बाद ये सफर शुरू हुआ. हालांकि अभिनव का शुरुआत में क्रिकेट में मन नहीं लगता था, लेकिन बाद में उसे इसमें इंट्रेस्ट आना शुरू हो गया.

जिसके बाद वह स्कूल के बाद सिर्फ क्रिकेट प्रैक्टिस में ही मगन रहता था. साल 2006 में अभिनव को सिर में एक गंभीर चोट भी लगी थी, जिसके बाद उसके सिर में ढेर सारे टांके भी आए. लेकिन ये चीज़ भी उनका सफर नहीं रोक सकी.’

डोमेस्टिक लेवल और कर्नाटक प्रीमियर लीग जैसे टूर्नामेंट्स में खेलने के बाद अभिनव को IPL में मौका मिला. हालांकि पहले सीजन के आठ मैच में वह बस 108 रन बना सके. लेकिन इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 144 का रहा. और अब IPL2023 में कायदे का मौका मिलते ही उन्होंने बता दिया, कि गुजरात चाहे तो मिलर और तेवतिया के साथ तूफ़ानी पारियों के लिए उन पर भी भरोसा कर सकती है.

वीडियो: IPL के बाद सीधा WTC फाइनल में फोड़ेंगे अजिंक्य रहाणे

Advertisement