The Lallantop

राघव चड्ढा भाजपाई हुए तो केजरीवाल, संजय सिंह और भगवंत मान क्या बोले?

आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने पार्टी में टूट के लिए अमित शाह और नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं ने ऑपरेशन लोटस के जरिए घटिया राजनीति की है. संजय सिंह ने कहा कि पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं को पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी.

Advertisement
post-main-image
आप सांसद संजय सिंह ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर निशाना साधा है. (इंडिया टुडे)

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राघव चड्ढा समेत पार्टी के 7 सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि ये नरेंद्र मोदी और अमित शाह के ‘ऑपरेशन लोटस का घटिया खेल’ है. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इन नेताओं को माफ नहीं करेगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

संजय सिंह ने कहा,

इन लोगों ने पंजाब के साथ गद्दारी की है. आज मन बहुत व्यथित है. पंजाब में एक अच्छी सरकार चल रही है. भगवंत मान वहां के लोगों के लिए अच्छा काम कर रहे हैं. ये उनकी सरकार को परेशान करने की साजिश है.

Advertisement

संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी में टूट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार बताया है. उन्होंने कहा, 

मैं नरेंद्र मोदी और अमित शहा से कहना चाहता हूं कि जो घिनौना खेल आपने पंजाब की जनता से खेला है. पंजाब की जनता इसकी सजा आपको जरूर देगी.

AAP सांसद ने राघव चड्ढा और संदीप पाठक के पार्टी छोड़ने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,

Advertisement

आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को विधायक बनाया, सांसद बनाया, कई बड़ी जिम्मेदारी दी. फिर भी बीजेपी की गोदी में चले गए. संदीप पाठक को राज्यसभा दिया गया. पार्टी संगठन में बड़ी-बड़ी जिम्मेदारी मिली. लेकिन फिर भी उन्होंने पार्टी से गद्दारी की.

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल दूसरी पार्टियों के नेताओं को डराने और तोड़ने के लिए कर रही है. उन्होंने कहा, 

अभी कुछ दिन पहले अशोक मित्तल के यहां ईडी का छापा पड़ा और वे बीजेपी में चले गए. भय दिखा कर तंत्र का दुरुपयोग करके ऑपरेशन लोटस चलाने वालों को पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी.

राघव चड्ढा ने बीजेपी ज्वाइन करते हुए कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के साथ जुड़कर देश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे. संजय सिंह ने इस पर तंज करते हुए कहा, 

जिसने किसानों के खिलाफ तीन काले कानून लाए, जिस पार्टी के गृह राज्य मंत्री का बेटा किसानों का हत्यारा हो और जिस पार्टी में रेपिस्टों का सम्मान हो, उसके साथ परिवर्तन और बदलाव की बात करना भी भद्दा मजाक है.

वहीं अरविंद केजरीवाल ने एक लाइन में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, “बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का.”

हालांकि पोस्ट पढ़कर लगता है कि केजरीवाल ने गलती से 'धोखा' को 'धक्का' लिख दिया है.

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राघव और अन्य पार्टी सांसदों के इस्तीफे को पंजाब और पंजाबियत से जोड़ दिया. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा,

मैं पहले से कहता रहा हूं कि बीजेपी पंजाब और पंजाबियों को पसंद नहीं करती है. वे हर उस चीज को बर्बाद करना चाहते हैं जिसमें पंजाब की खुशी है. पहले उन्होंने RDF को रोका, फिर विधायकों को निशाना बनाया. किसानों के मुद्दे पर पीएम मोदी के यूटर्न के बाद से उनके मन में नफरत है.

सीएम मान ने आगे कहा, 

पहले भी कुछ AAP नेताओं ने इसी तरह के स्टेप लिए, आज वे कहां हैं? पार्टी सबसे बड़ी है, कोई व्यक्ति विशेष नहीं. जो 6-7 गए हैं वे गद्दार हैं. उन्हें आसानी से कुर्सी मिल गई. उन्होंने कोई मेहनत नहीं की थी. उन्होंने जो किया अपने फायदे के लिए किया.

भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी जनता की पार्टी नहीं है, बल्कि रिजेक्ट हो चुके नेताओं का दल है.

इससे पहले 24 अप्रैल को AAP को झटका देते हुए राघव चड्ढा ने ऐलान किया कि वे पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं. उनके साथ पार्टी के दो तिहाई सांसदों ने AAP से इस्तीफा दे दिया है. ये सभी सांसद बीजेपी में शामिल होंगे. राघव चड्ढा के दावे के मुताबिक, उनके अलावा स्वाति मालिवाल, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, विक्रम सहनी, राजिंदर गुप्ता और हरभजन सिंह बीजेपी में शामिल होंगे. फिलहाल राज्यसभा में आप के 10 सांसद हैं, जिनमें से 7 के टूटने की खबर है.

वीडियो: संसद में आज: खरगे और संजय सिंह ने क्या कह दिया कि नड्डा और रिजिजू कुर्सी से उठ गए?

Advertisement