कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के सारे पैसों का लेखा-जोखा रखने वाले उनके इन्वेस्टर ने उन्हें लेकर कुछ दावे किए हैं. उनके इन्वेस्टर का नाम मुथुकृष्णन धंदापानी (Muthukrishnan Dhandapani) है और वो BJP सपोर्टर हैं. पिछले 13 साल से वे राहुल गांधी का ‘म्यूचुअल फंड इन्वेस्टमेंट’ (Mutual Fund Investment) संभाल रहे हैं. ऐसे में उन्होंने बताया कि दोनों के बीच क्या बातें होती हैं और उनका बॉन्ड कैसा है. इसपर राहुल गांधी का भी जवाब आया है.
राहुल का पैसा संभालने वाले शख्स निकले मोदी फैन, खुले ऐलान पर राहुल का जवाब आया
Rahul Gandhi के Mutual Fund Investor ने बताया कि वे पिछले 13 साल से उनके साथ काम कर रहे हैं. 2014 के बाद से वो PM Modi के समर्थक भी हैं. इस पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.


मुथुकृष्णन धंदापानी नाम के व्यक्ति ने X पर बताया कि राहुल गांधी उनके क्लाइंट हैं, और वो ही राहुल के फंड्स का हिसाब रखते हैं. उन्होंने लिखा,
‘ये पोस्ट किसी पॉलिटिकल पार्टी या नेता के समर्थन में नहीं है. सिर्फ एक अनुभव शेयर कर रहा हूं. 2013 में जब UPA की सरकार थी, मेरे एक क्लाइंट जो राहुल गांधी के साथ काम करते थे, उन्होंने मेरा नाम राहुल गांधी को उनके म्यूचुअल फंड संभालने के लिए सुझाया था. तब से लेकर आज तक, जब विजय कांग्रेस के समर्थन से शपथ ले चुके हैं, राहुल गांधी मेरे क्लाइंट हैं. इस दौरान हमारी कई बार मेल और फोन पर बातचीत हुई.’
उन्होंने खुलकर अपने बीजेपी सपोर्टर होने के बारे में भी बताया. 2014 से 2024 तक वे पीएम मोदी के समर्थक रहे हैं. राहुल गांधी या उनके स्टाफ से कभी भी अपनी राजनीतिक सोच को लेकर कोई बात नहीं की. उन्होंने बताया कि उनके ट्वीट्स तो सब देखते होंगे, कांग्रेस समर्थक भी. लेकिन इसके बावजूद राहुल गांधी ने उनका सम्मान किया. कभी रूखा या घमंडी व्यवहार नहीं किया.
मुथुकृष्णन ने ये भी कहा कि इस पोस्ट के बाद शायद राहुल गांधी से उनके रिश्ते ख़राब हो सकते हैं. लिखा,
‘हो सकता है इस पोस्ट के बाद हमारा प्रोफेशनल रिश्ता खत्म हो जाए. अगर ऐसा हुआ तो भी ठीक है, हर चीज़ का एक अंत होता है. मैं नहीं चाहता कि कोई और मेरी छवि बनाए इसलिए मैं ये लिख रहा हूं. राहुल गांधी प्रोफेशनल लोगों का सम्मान करते हैं और व्यक्तिगत तौर पर अच्छे इंसान हैं.’
राहुल गांधी ने क्या कहा?इस लंबे-चौड़े पोस्ट के बाद राहुल गांधी का जवाब भी आया. राहुल गांधी ने थोड़ा मज़ाकिया अंदाज़ में लिखा,
'मुथु जी, आपकी राजनीतिक सोच आपकी अपनी है. लेकिन मेरे इंवेस्टमेंट्स पर रिटर्न थोड़ा जल्दी बढ़ा दीजिए.'
दोनों की इस बातचीत को कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने भी शेयर किया. मध्यप्रदेश में कांग्रेस प्रेसिडेंट जीतू पटवारी ने लिखा कि राहुल गांधी की आलोचना करना आसान है, लेकिन उनके जैसा बनना बहुत मुश्किल है. मोदी सपोर्टर का ये विचार सबको पढ़ना चाहिए.
म्यूचुअल फंड की बात हो रही है तो इसके बारे में भी जान लेते हैं. 2024 जनरल इलेक्शन में जमा किए गए एफिडेविट के मुताबिक, राहुल गांधी के पास 20 करोड़ से ज़्यादा की संपत्ति है. इनकी इनकम का बड़ा सोर्स शेयर मार्केट और म्यूचुअल फंड हैं. दोनों का मिलाकर टोटल सवा 8 करोड़ का इन्वेस्टमेंट है. राहुल ने 25 कंपनियों के शेयर खरीदे हैं. इनमें 4 करोड़ 33 लाख का इन्वेस्टमेंट है. जबकि, राहुल गांधी ने सात म्यूचुअल फंड्स में 3 करोड़ 81 लाख रुपये इंवेस्ट किए हैं.
वीडियो: संसद में आज: राहुल गांधी की सिक्सटीन पहेली का मतलब क्या है?























