दिल्ली से शुरू हुआ छात्रों का प्रोटेस्ट अब देश के दूसरे शहरों तक पहुंचने लगा है. मुंबई, चेन्नई, उत्तरकाशी और पटना. तमाम शहरों में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दिल्ली पुलिस के लाठीचार्ज के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं. पटना में 22 जुलाई के दिन मुख्यमंत्री आवास के बाहर लेफ्ट छात्र संगठनों समेत बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया. उनको रोकने के लिए पुलिस ने लाठी, आंसू गैस और वाटर कैनन का सहारा लिया.
पेपर लीक पर बिहार में भारी बवाल, बीजेपी मंत्री-विधायकों की गाड़ियों पर हमले
बिहार की राजधानी पटना में लेफ्ट के छात्र संगठनों के साथ आम छात्रों ने नीट पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया. यहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठी, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. छात्रों ने प्रोटेस्ट के दौरान बीजेपी नेताओं को भी निशाना बनाया.


प्रदर्शन की पूरी क्रोनोलॉजी
# सुबह करीब 10.30 बजे छात्रों ने गांधी मैदान से अपना राजभवन मार्च शुरू किया. इसमें आम छात्र और लेफ्ट के छात्र संगठन (AISA, SFI और AISF) के छात्र भी शामिल थे.
# 11 बजे पुलिस ने छात्रों को जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग करके रोका. यहां पुलिस ने छात्रों को आगे जाने से रोकने के लिए लाठीचार्ज किया.
# छात्र यहां से बैरिकेडिंग तोड़ कर डाकबंगला चौराहा पहुंच गए. पुलिस ने यहां भी उनको रोका. यहां छात्र करीब 1 घंटे तक नारेबाजी करते रहे. इस दौरान कुछ आक्रोशित छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गए. फिर पुलिस ने छात्रों को हटाने के लिए CISF और CRPF को बुलाया.
# छात्र 1 घंटे बाद यहां से बैरिकेडिंग तोड़कर राजभवन की ओर निकल गए. डाकबंगला चौराहे से निकलने वाली बीजेपी की गाड़ियों को भी प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया. एक बीजेपी विधायक को जान बचाकर भागना पड़ा. वहीं प्रदर्शन के दौरान पटना IG की एस्कॉर्ट गाड़ी पर भी हमला हुआ.
# राजभवन जाने से रोके जाने पर छात्र मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंच गए. यहां उन्होंने नीट पेपर लीक को लेकर जमकर नारेबाजी की. इस दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया. छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया. इस दौरान कई छात्र सड़क पर लेट गए. पुलिस उनको घसीटकर उनको अपने साथ ले गई.
# मुख्यमंत्री आवास से भगाए जाने के बाद छात्र एक बार फिर से डाकबंगला चौराहे पर पहुंच गए. यहां पुलिस ने उनको नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया. वहीं आक्रोशित छात्रों ने पुलिस के ऊपर जमकर पत्थरबाजी की. इसमें कुछ पुलिसकर्मियों के भी चोटिल होने की खबरें हैं. पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है.
ये भी पढ़ें - राहुल गांधी ने मोदी सरकार के सामने 3 मांगें रखीं, पहली पर ही तगड़ा बवाल होगा
बीजेपी विधायक और मंत्रियों के काफिले पर हमला
पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बीजेपी के मंत्री और विधायकों को निशाना बनाया है. छात्रों ने बीजेपी नेता और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव के काफिले की कई गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले. भागलपुर से बीजेपी विधायक रोहित पांडे और लौरिया विधानसभा से विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर भी छात्रों ने हमला किया.
वीडियो: खान सर को पटना कोर्ट से राहत, Roshan Anand के समर्थकों ने क्या कहा?












