The Lallantop

'अब जानबूझकर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा', ममता ने शुभेंदु सरकार पर लगाए आरोप

Mamata Banerjee on BJP: ममता बनर्जी ने कहा कि ये नई भाजपा सरकार संवैधानिक विचारों और मूल्यों के साथ खिलवाड़ कर रही है. उन्होंने ये भी संकेत दिया कि जल्द ही केंद्र में भी भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी.

Advertisement
post-main-image
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. (फोटो-इंडिया टुडे)

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हारने के बाद TMC (तृणमूल कांग्रेस) प्रमुख ममता बनर्जी हमलावर हो गई हैं. उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नई भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य में सरकार जानबूझकर अल्पसंख्यकों और रेहड़ी वालों को निशाना बना रही है. उन्होंने यहां तक कह दिया कि केंद्र में भी जल्द भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मंगलवार, 19 मई को ममता बनर्जी के घर एक पार्टी मीटिंग हुई. इसी बैठक में TMC नेताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ‘रेहड़ी वालों को सड़क से हटाया जा रहा है. अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाया जा रहा है. ये सरकार हमारे संवैधानिक विचारों और मूल्यों के साथ खिलवाड़ कर रही है.’ उन्होंने हाल ही में चुनाव के नतीजों के बाद हुई हिंसा और गैरकानूनी अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई का ज़िक्र करते हुए ये बात कही. 

Advertisement

ममता ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. बोलीं, ‘याद रखिए, आने वाले दिनों में भाजपा दिल्ली (केंद्र) की सत्ता से भी बेदखल हो जाएगी.’ हालांकि उन्होंने इसके पीछे कोई कारण नहीं बताया है. पार्टी मीटिंग में उनके भतीजे और TMC से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे. उन्होंने बताया कि हाल ही में कोलकाता नगर निगम (KMC) ने उन्हें एक नोटिस भेजा है. जिसमें लिखा है कि उनके साउथ कोलकाता वाले घर के 'अनधिकृत हिस्से' (unauthorized parts) को गिरा दिया जाए. मीटिंग में इस नोटिस का उन्होंने कड़ा विरोध किया. 

ये भी पढ़ें: 'देखूंगा दिल्ली से कौन बचाने आएगा?', अभिषेक बनर्जी के बयान पर केस दर्ज

अभिषेक बनर्जी के तीखे तेवर

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक अभिषेक बनर्जी ने कहा, 

Advertisement

‘उन्हें जो करना है करने दीजिए. चाहे मेरा घर गिरा दें या नोटिस भेजें, मैं इन चीजों के आगे झुकने वाला नहीं हूं. चाहे जो हो जाए, बीजेपी के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी.’

दिलचस्प बात यह है कि जिस कोलकाता नगर निगम (KMC) ने यह नोटिस जारी किया है, वह अभी भी टीएमसी के नियंत्रण में है और ममता बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले फिरहाद हाकिम कोलकाता के मेयर हैं. अभिषेक बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर भी भड़ास निकाली. 2014 के नारदा स्टिंग ऑपरेशन का ज़िक्र किया, जब शुभेंदु अधिकारी कैमरे पर पैसे लेते हुए पकड़े गए थे. तब वे TMC में हुआ करते थे. उन्होंने तंज़ कसा कि राज्य में कई मुख्यमंत्री हुए हैं लेकिन, शुभेंदु अधिकारी जैसा कोई नहीं. 

TMC ने भाजपा के अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को ‘बुलडोज़र संस्कृति’ करार दिया है. बताया गया कि इस कार्रवाई के खिलाफ 21 मई से कोलकाता और उसके आस पास के इलाकों (बालीगंज, हावड़ा जंक्शन और सियालदह जंक्शन) में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.

वीडियो: ममता बनर्जी को देख वकीलों ने की नारेबाजी, हाई कोर्ट में जमकर हंगामा

Advertisement