The Lallantop

बांकीपुर से नितिन नवीन के करीबी अभिषेक बंटी चुनावी मैदान से हटे, BJP से अब ये लड़ेंगे?

बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से अपना नाम वापस ले लिया है. अभिषेक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि पारिवारिक कारणों के चलते वे चुनाव से अपना नाम वापस ले रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
बीजेपी ने बांकीपुर से अभिषेक बंटी (दाएं) की जगह नीरज कुमार सिन्हा (बाएं) को टिकट दिया है. (इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले लिया है और उनकी जगह नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है।
  • अभिषेक कुमार ने 9 जुलाई को नॉमिनेशन भरा था, लेकिन 24 घंटे के भीतर नाम वापस लेने की घोषणा की क्योंकि वे पारिवारिक समस्याओं के कारण चुनाव नहीं लड़ सकते थे।
  • अभिषेक के नाम वापस लेने के बाद नीरज कुमार सिन्हा को बीजेपी द्वारा मैदान में उतारा गया, जो मंडल अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं और आगामी चुनाव प्रचार का मुख्य हिस्सा होंगे।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक बंटी ने नाम वापस ले लिया है. उन्होंने इसके लिए पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है. अभिषेक के पीछे हटने के बाद बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है. 

Advertisement

कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?

नीरज कुमार सिन्हा पटना के मीठापुर इलाके के रहने वाले हैं. उन्होंने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की है. साल 2006 में उन्होंने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ली. नीरज ने पार्टी में बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और भाजपा युवा मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष के पद पर रहे हैं. फिलहाल वो नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष है. उनको दूसरी बार इस भूमिका के लिए चुना गया है. 

Advertisement

बांकीपुर से पीछे हटे बीजेपी उम्मीदवार

अभिषेक ने 9 जुलाई को नॉमिनेशन फाइल किया था. उनके नॉमिनेशन में बिहार एनडीए के कई बडे़ नेता शामिल हुए थे. नॉमिनेशन के 24 घंटे के भीतर ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अभिषेक बंटी ने बांकीपुर उपचुनाव से नाम वापस लेने की घोषणा कर दी है. उन्होंने बताया, 

मैंने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र दिया है. मुझे बीजेपी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए का प्रत्याशी बनाया था. इसके लिए प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं. आप लोगों से आग्रह करना चाहता हूं कि मैं पारिवारिक कारणों से विधानसभा चुनाव लड़ने में असमर्थ हूं. कार्यकर्ता के तौर पर मैं सेवा देता रहूंगा.

Advertisement

 बीजेपी ने 7 जुलाई को अभिषेक बंटी को बांकीपुर से उम्मीदवार बनाया था. वे फिलहाल प्रदेश बीजेपी युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं. इससे पहले वे दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं. इसके अलावा मंडल मंत्री और महामंत्री का दायित्व भी संभाल चुके हैं. अभिषेक लंबे समय से नितिन नवीन के चुनाव का काम संभालते रहे हैं. उन्हें नितिन नवीन का करीबी माना जाता है. बताया गया कि नितिन नवीन ने ही इस सीट के लिए उनका नाम बढ़ाया था.

जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा देवी मैदान में

इससे पहले जनसुराज की ओर से पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को इस सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है. वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने एक बार फिर से रेखा देवी को इस सीट से प्रत्याशी बनाया है. रेखा देवी साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में इस सीट पर दूसरे स्थान पर रही थीं. तब बीजेपी उम्मीदवार नितिन नवीन ने उनको 51 हजार से ज्यादा वोटों के मार्जिन से हराया था. इनके अलावा लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को उम्मीदवार बनाया है.

वीडियो: बीजेपी नेता के रोड शो की वजह से छूटा TET पेपर

Advertisement