मेरी एक दोस्त है. कॉलेज के दिनों में उसका हॉस्टल कैम्पस के एकदम पीछे वाले हिस्से में होता था. एक रोज़ वो अपनी एक दोस्त के साथ डिपार्टमेंट से हॉस्टल की तरफ जा रही थी. शाम के छह बजे होंगे. तभी पीछे से बाइक सवार कुछ लड़के आए और उसकी छाती दबोचकर चले गए. वो बताती है कि कुछ देर के लिए तो उसे कुछ समझ में नहीं आया कि उसके साथ क्या हुआ. पर उस घटना से वो इतनी डर गई कि फिर कभी उस रास्ते पर पैदल नहीं चली. उसने बाहर से चाय-समोसा तक लेना बंद कर दिया ताकि रिक्शे के लिए पैसे बचा सके. मैं या मेरे जैसे पुरुष केवल कल्पना कर सकते हैं कि ये कितना डरावना होता होगा. अब अगर कोई पुरुष खुद को 'बूब हंटर' बताए और लड़कियों की छाती दबोचने के अपने कारनामों का बखान करे, खुद को कूल बताए तो? केरल के एक मेडिकल स्टूडेंट का एक चैट वायरल है. जिसमें वो बता रहा है कि वो 13 साल का था तब से लड़कियों की छाती दबोच रहा है. सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने उसके चैट्स के स्क्रीनशॉट ट्वीट किए हैं. श्रीपदा ने ट्वीट किया,
"यह स्क्रीनशॉट कल इंस्टाग्राम पर शेयर हुए थे. कुछ एक्सीडेंटल ग्रोपिंग्स से हम गुज़रते हैं, वे कतई एक्सीडेंटल नहीं होती. हम ऐसे कुछ लोगों के लिए एक प्रतियोगिता हैं, जिसकी बाद में डींग मारी जा सके."
स्क्रीनशॉट में लड़का कह रहा है कि वह 13 साल की उम्र से ऐसा कर रहा है. वह और उसका दोस्त 'बूब हंटिंग कॉन्टेस्ट' करते थे. चैट्स में वो दावा करता है कि उसने अभी तक 300 महिलाओं के साथ ऐसा किया है. वो ये भी लिखता है कि उसका आठ घंटे के अंदर 52 लड़कियों की छाती दबोचने का ‘रिकॉर्ड’ है.
"कल्पना करो कि तुम भीड़ में चल रही हो और अचानक से कोई आकर तुम्हें दबोच लेता है. तुम्हें पता भी नहीं चलेगा कि वो कौन है. अब ये 'कोई' 2012 में मैं था."
जब लड़की ने उससे कहा कि वो बहुत घटिया है तो उसने कहा कि वो हवस में आकर ऐसा नहीं करता था, उसके लिए ये एक मज़ा या उपलब्धि के जैसा था. अपने ग्रुप में 'चैंपियन बूब कैचर' बनने की उपलब्धि. उसने आगे कहा,
"ऐसा करते समय मैं माफी मांगने के लिए भी तैयार होता था. ताकि अगर लड़की को समझ आ भी जाए, तो वह उसे जाने दे. मैं 14 साल की उम्र के लड़के के लिए बहुत स्मार्ट था."
इन स्क्रीनशॉट्स में उसने दो तस्वीरें भी साझा की, जिसमें उसके साथ दो अलग-अलग लड़कियां हैं. दोनों के शरीर पर टिप्पणी करता है और अपनी अश्लील कहानियों का बखान करता है. अभी तक की मिली हुई जानकारी के मुताबिक़, यह व्यक्ति एक यूट्यूबर है और यूट्यूब पर लाइव गेम स्ट्रीमिंग करता है. ट्विटर पर कई यूज़र्स ने चिन्मई के कमेंट सेक्शन में इस व्यक्ति के प्रति घृणा जताई है. लोगों ने अपनी निजी जिंदगी से भी जुड़े ऐसे कई लोगों के बारे में बताया.