The Lallantop

सहवाग भी आए पहलवानों के समर्थन में, सानिया मिर्जा ने भी बड़ी बात बोल दी!

धरने पर बैठे पहलवानों के समर्थन में नामों की लिस्ट बढ़ती जा रही है.

Advertisement
post-main-image
वीरेंद्र सहवाग भी समर्थन में आए (फोटो- इंडिया टुडे/ट्विटर)

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan singh) के खिलाफ भारतीय पहलवानों का धरना प्रदर्शन जारी है. विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक समेत दर्जनों पहलवान जंतर-मंतर पर डटे हैं. पहलवानों को अब हॉकी और क्रिकेट खिलाड़ियों से भी समर्थन मिल रहा है. सोशल मीडिया पर पहलवानों के समर्थन में अब तक नीरज चोपड़ा, कपिल देव, हरभजन सिंह, इरफान पठान समेत कई और खिलाड़ी भी सामने आए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी रानी रामपाल और टेनिस प्लेयर सानिया मिर्जा ने भी पहलवानों का समर्थन किया है. हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल ने ट्वीट कर पहलवानों को न्याय देने की बात कही. रानी ने लिखा,

“अपने साथी खिलाड़ियों को इस अवस्था में देखकर मुझे बहुत दुख हो रहा है. पहलवानों ने अपने परिश्रम से देश के लिए कई मेडल्स जीते हैं. पहलवानों के साथ उचित न्याय होना चाहिए.”

Advertisement

सानिया मिर्जा ने भी पहलवानों के समर्थन में ट्वीट किया. सानिया ने लिखा,

“एक महिला एथलीट के रूप में ये देखना बहुत कठिन है. पहलवानों ने हमारे देश का नाम रोशन किया है, और हमने उनके साथ इसका जश्न भी मनाया है. ये मामला बेहद संवेदनशील है व आरोप बहुत गंभीर हैं. पहलवानों को न्याय मिलना चाहिए.”

क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि बहुत दुख की बात है कि हमारे चैंपियन खिलाड़ी आज सड़क पर हैं. सहवाग ने ट्वीट कर लिखा,

Advertisement

“दुख की बात है कि हमारे चैंपियन खिलाड़ी, जिन्होंने देश का बड़ा नाम किया है, झंडा लहराया है, हम सबको इतनी खुशियां दी हैं, उन्हें आज सड़क पर आना पड़ा है. बड़ा संवेदनशील मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उम्मीद है खिलाड़ियों को न्याय मिलेगा.”

विनेश ने उठाए थे सवाल

प्रदर्शन कर रहे पहलवानों में शामिल विनेश फोगाट ने कुछ सवाल खड़े किए थे. विनेश ने कहा था कि इस मामले में क्रिकेटर्स क्यों चुप हैं? उन्होंने कहा कि उन्हें ये देखकर दुख हुआ है कि स्टार क्रिकेटर्स और दूसरे शीर्ष खिलाड़ियों में सत्ता से सवाल पूछने का साहस नहीं है. इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में विनेश ने बताया कि पूरा देश क्रिकेट को पूजता है, लेकिन किसी भी क्रिकेटर ने उनके मुद्दे पर बात नहीं की. विनेश ने आगे कहा था कि वो ये नहीं चाहतीं कि कोई उनके पक्ष में बोले, लेकिन कम से कम एक निष्पक्ष संदेश तो दिया जा सकता है. उन्होंने क्रिकेट, बैडमिंटन, एथलेटिक्स और बॉक्सिंग सहित सभी खिलाड़ियों के बारे में ये बात की.

विनेश ने अपनी बात रखते हुए अमेरिका के ब्लैक लाइव्स मैटर (BLM) मूवमेंट का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि दुनियाभर के खिलाड़ियों ने नस्लवाद और भेदभाव से लड़ाई में साथ दिया था. विनेश ने आगे कहा कि ऐसा भी नहीं है कि हमारे देश में बड़े खिलाड़ी नहीं हैं. अमेरिका में ब्लैक लाइव्स मैटर मूवमेंट के दौरान उन्होंने अपना समर्थन दिया था, क्या हम इतनी भी उम्मीद नहीं कर सकते हैं.
 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: पहलवान और बृजभूषण सिंह का विवाद भारतीय पहलवानी को कितना नुकसान पहुंचाएगा?

Advertisement